होमशिक्षा-करियरराजस्थान के युवाओं ने NEET UG 2026 में दिखाया परचम
शिक्षा-करियर

राजस्थान के युवाओं ने NEET UG 2026 में दिखाया परचम

जयपुर के उपलक्ष्य गोयल ने AIR-3 हासिल कर राजस्थान का नाम रोशन किया है, जबकि भव्या गुणवाल ने देशभर में 71वीं रैंक प्राप्त की है. उनकी सफलता का मंत्र अनुशासन, नियमित पढ़ाई और लगातार टेस्ट प्रैक्टिस है.

ETV Bharat के अनुसार17 जुलाई 2026 को 07:04 am बजे
राजस्थान के युवाओं ने NEET UG 2026 में दिखाया परचम

सौजन्य से:- ETV Bharat

Re NEET UG 2026 Result: जयपुर के उपलक्ष्य गोयल ने AIR-3 हासिल कर किया टॉप, बोले-अनुशासन और टेस्ट प्रैक्टिस से मिली सफलता

जयपुर के उपलक्ष्य ने री-नीट में लहराया परचम, रोज़ 12 घंटे पढ़ाई कर पूरा किया AIIMS का सपना.

Published : July 17, 2026 at 11:45 AM IST

जयपुर : री-नीट यूजी 2026 के नतीजों में जयपुर के छात्रों ने देशभर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया. जयपुर के उपलक्ष्य गोयल ने ऑल इंडिया रैंक-3 हासिल कर राजस्थान टॉप किया है, जबकि भव्या गुणवाल ने देशभर में 71वीं रैंक प्राप्त की है. उपलक्ष्य ने 720 में से 711 अंक हासिल किए. उन्होंने अपनी सफलता का मंत्र अनुशासन, नियमित पढ़ाई और लगातार टेस्ट प्रैक्टिस को बताया.

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने गुरुवार देर रात री-नीट यूजी 2026 का परिणाम घोषित किया. परिणाम में जयपुर के उपलक्ष्य गोयल ने ऑल इंडिया तीसरी रैंक हासिल कर राजस्थान का नाम रोशन किया. उपलक्ष्य ने 720 में से 711 अंक प्राप्त किए. उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और नियमित अध्ययन को दिया. उपलक्ष्य ने बताया कि वे रोजाना करीब 10 से 12 घंटे पढ़ाई करते थे और कोचिंग ली. उनका सपना शुरू से डॉक्टर बनना था और अब वे एम्स में दाखिला लेकर इसी दिशा में आगे बढ़ना चाहते हैं.

उपलक्ष्य ने बताया कि पिछले साल पेपर लीक की घटना से वे काफी निराश हुए थे. उन्हें लगा था कि उनकी मेहनत का सही मूल्यांकन नहीं हो पाएगा. हालांकि री-नीट ने उन्हें अपनी गलतियां सुधारने का मौका दिया. तैयारी के दौरान उन्होंने परिवार के कार्यक्रमों और सामाजिक आयोजनों से पूरी तरह दूरी बनाई और अपना पूरा समय पढ़ाई को समर्पित किया. उनका कहना है कि शिक्षक जो भी रणनीति बताते हैं, उस पर भरोसा करें, नियमित टेस्ट दें और लगातार प्रश्नों का अभ्यास करें, इससे आत्मविश्वास बढ़ता है.

वहीं उपलक्ष्य के पिता मुकेश गोयल ने इसे पूरे परिवार के लिए गर्व का पल बताया. साथ ही कहा कि उपलक्ष्य बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी था और उसका सिर्फ एक लक्ष्य था कि 12वीं के साथ ही पहले प्रयास में नीट निकालना. पेपर लीक के बाद वो कुछ समय के लिए निराश जरूर हुआ, लेकिन परिवार और शिक्षकों ने उसका हौसला बढ़ाया. शिक्षकों को भी भरोसा था कि वो देश के टॉप रैंकर्स में रहेगा.

इसे भी पढ़ें: कोटा से पढ़कर बिहार के आयुष लेकर आए AIR-4, NEET में थे कम अंक... RE-NEET ने दिलाया एम्स दिल्ली

वहीं मां अनुराधा गोयल ने भावुक होते हुए कहा कि बेटे ने अपने सपने के लिए हर खुशी का त्याग कर दिया. उसने घूमना-फिरना, पारिवारिक कार्यक्रम और अन्य शौक छोड़कर पूरी तरह पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित किया. उन्होंने बताया कि पेपर लीक के बाद वो काफी दुखी था, लेकिन परिवार ने उसे समझाया और दोबारा पूरी मेहनत के साथ तैयारी करने के लिए प्रेरित किया. उनका कहना है कि यदि बच्चा पूरी लगन और दृढ़ निश्चय के साथ मेहनत करे तो सफलता जरूर मिलती है.

उधर, री-नीट के परिणाम में जयपुर की भव्या गुणवाल ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया 71वीं रैंक हासिल की. भव्या ने बताया कि उन्होंने टाइम मैनेजमेंट, नियमित अभ्यास और सकारात्मक सोच को अपनी सफलता का आधार बनाया. उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता. हर दिन कुछ नया सीखना, गलतियों से सीख लेना और धैर्य के साथ तैयारी करना ही सफलता की कुंजी है. भव्या के माता-पिता दोनों डॉक्टर हैं और उन्होंने भी उनकी तैयारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

इसे भी पढ़ें: NEET में 705 अंक AIR 9 लाकर बने टॉपर, गौरव ने सैनिक पिता को किया गौरवान्वित, जानें कहां से करेंगे MBBS

Powered by Reporting Rajasthan Files

संबंधित ख़बरें