बूथों पर हंगामा और मारपीट; बाड़मेर से जयपुर तक सामने आए ये मामले
राजस्थान निकाय चुनाव LIVE: बूथों पर हंगामा और मारपीट; बाड़मेर से जयपुर तक सामने आए ये मामले बाड़मेर में कांग्रेस-BJP प्रत्याशियों के रिश्तेदारों में मारपीट हुई, जबकि झुंझुनूं में निर्दलीय प्रत्याशी पर हमला कर सिर फोड़ने…

सौजन्य से:- Hindustan
राजस्थान निकाय चुनाव LIVE: बूथों पर हंगामा और मारपीट; बाड़मेर से जयपुर तक सामने आए ये मामले
बाड़मेर में कांग्रेस-BJP प्रत्याशियों के रिश्तेदारों में मारपीट हुई, जबकि झुंझुनूं में निर्दलीय प्रत्याशी पर हमला कर सिर फोड़ने का आरोप है। जयपुर में भाजपा प्रत्याशी बुजुर्ग वोटर के पैर पकड़ते नजर आए।
राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण के लिए आज मतदान हो रहा है। 6 नगर निगम समेत 147 निकायों में वोटिंग सुबह 7 बजे से शुरू हुई। इस चरण में 87.60 लाख से ज्यादा मतदाता 18,266 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। मतदान शाम 5 बजे तक चलेगा। वोटिंग शुरू होते ही कई जगह विवाद और हंगामे की घटनाएं सामने आई हैं। बाड़मेर में कांग्रेस-BJP प्रत्याशियों के रिश्तेदारों में मारपीट हुई, जबकि झुंझुनूं में निर्दलीय प्रत्याशी पर हमला कर सिर फोड़ने का आरोप है। जयपुर में भाजपा प्रत्याशी बुजुर्ग वोटर के पैर पकड़ते नजर आए।
10:05 AM | उदयपुर: 98 साल के मीठालाल ने डाला पहला वोट
उदयपुर के वार्ड-25 स्थित सरकारी गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 98 वर्षीय मीठालाल चित्तौड़ा ने सुबह 7 बजे सबसे पहले मतदान किया। उन्होंने बताया कि वह पिछले करीब 25 साल से अपने वार्ड के बूथ पर सबसे पहले वोट डालते आ रहे हैं। मतदान के बाद उन्होंने लोगों से बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की और लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी भागीदारी निभाने का संदेश दिया।
9:55 AM | जयपुर: खेल मंत्री राठौड़ बोले- निकाय चुनाव भी काफी अहम, जनता ही बड़े नेता बनाती है
खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि हर चुनाव की तरह निकाय चुनाव भी काफी अहम है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार का पैसा धरातल तक पहुंचे, इसके लिए ये चुनाव महत्वपूर्ण हैं। राठौड़ ने कहा कि कॉलोनियों में रहने वाले लोगों की बुनियादी जरूरतों को पार्षद देखेगा। कांग्रेस की ओर से भाजपा के बड़े नेताओं के सड़क पर उतरने को लेकर की गई टिप्पणी पर उन्होंने कहा कि जनता ही बड़े नेता बनाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बड़े नेताओं के लिए ये छोटी चीज हो सकती है, लेकिन हमारे लिए छोटी नहीं है। यही वजह है कि भाजपा के बड़े नेताओं से लेकर कार्यकर्ता तक चुनाव में जुटे हुए हैं।
9:45 AM | जयपुर: EVM खराब होने पर मतदाताओं ने किया हंगामा
जयपुर के वार्ड-113 स्थित कांवटिया का खुर्रा की अग्रवाल धर्मशाला में बनाए गए मतदान केंद्र पर EVM खराब होने से मतदाताओं में नाराजगी फैल गई। सुबह 7:15 बजे से करीब आधे घंटे तक मशीन खराब रही, जिसके चलते मतदान प्रभावित हुआ। EVM खराब होने की सूचना के बाद कुछ मतदाता बिना वोट डाले ही वापस लौट गए। मशीन में खराबी को लेकर मौके पर मतदाताओं ने हंगामा भी किया।
9:35 AM | जोधपुर: अशोक गहलोत बोले- जनता को इनको सबक सिखाना चाहिए
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने परिवार सहित जोधपुर के महामंदिर स्थित जैन स्कूल में मतदान किया। वोट डालने के बाद गहलोत ने कहा कि कुछ लोग संविधान को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं, ऐसे में संविधान को और मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने राजस्थान की स्थिति को गंभीर बताते हुए कहा कि सरकार ने ढाई साल में कुछ नहीं किया है। गहलोत ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार की मशीनरी खराब है और जनता को इनको सबक सिखाना चाहिए।
9:25 AM | हनुमानगढ़: दो बूथों पर EVM खराब
हनुमानगढ़ नगर परिषद चुनाव के दौरान वार्ड-47 और 48 के दो मतदान केंद्रों पर EVM में खराबी आ गई। कांग्रेस प्रत्याशी के बटन को लेकर परेशानी सामने आने के बाद टेक्निकल टीम ने मौके पर जांच की और दोनों EVM को बदल दिया। EVM बदलने के बाद करीब 20 मिनट की देरी से दोनों मतदान केंद्रों पर वोटिंग शुरू हो सकी।
9:20 AM | जयपुर: डिप्टी CM दीया कुमारी ने किया मतदान
डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने जयपुर के वार्ड-141 स्थित पेंशन कार्यालय बूथ नंबर-10 पर मतदान किया। वोट डालने के बाद उन्होंने राजस्थान में जहां-जहां नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान हो रहा है, वहां के मतदाताओं से वोट जरूर करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान करना नागरिक के नाते सबसे महत्वपूर्ण कर्तव्य है। यह लोकतंत्र का उत्सव है और इसमें हर नागरिक को अपनी भागीदारी जरूर निभानी चाहिए।
9:10 AM | अजमेर: बिना ID वोट डालने पहुंचीं द्रोपदी कोली
अजमेर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष रह चुकीं और कांग्रेस से विधानसभा प्रत्याशी रहीं द्रोपदी कोली बिना आईडी के मतदान करने पहुंचीं। मामला ऑल सेंट स्कूल, धोला भाटा स्थित बूथ का है। पहचान पत्र नहीं होने के कारण उन्हें वोट डालने की अनुमति नहीं दी गई।
9:05 AM | झुंझुनूं: EVM खराब होने से 50 मिनट रुका मतदान
झुंझुनूं जिले की सिंघाना नगर पालिका के वार्ड नंबर-25 के बूथ नंबर-25 पर EVM खराब होने के कारण सुबह 7 बजे मतदान शुरू नहीं हो सका। सूचना मिलने पर अधिकारी और टेक्निकल टीम मौके पर पहुंची। करीब 50 मिनट बाद EVM की खराबी दूर हुई और मतदान शुरू कराया गया।
8:55 AM | कोटा: मतदान शुरू होने से 15 मिनट पहले बूथ पहुंच गए मदन दिलावर
कोटा में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर मतदान शुरू होने से करीब 15 मिनट पहले ही बूथ पर पहुंच गए। उन्होंने वार्ड-52 की भाग संख्या-2 के बूथ पर मतदान किया। वे शुरुआती मतदाताओं में शामिल रहे। शहर के कई बूथों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।
8:45 AM | जयपुर: BJP प्रत्याशी ने बुजुर्ग वोटर के पैर पकड़े
जयपुर के वार्ड नंबर-114 की केसरियों की धर्मशाला में बनाए गए बूथ पर मतदान शुरू होते ही विवाद हो गया। वार्ड नंबर-27 से भाजपा प्रत्याशी अपने पक्ष में वोट की अपील करते हुए एक बुजुर्ग वोटर के पैर पकड़ते नजर आए। घटना को लेकर मौके पर चर्चा शुरू हो गई।
8:30 AM | झुंझुनूं: मतदान से पहले निर्दलीय प्रत्याशी का सिर फोड़ा
झुंझुनूं के चिड़ावा नगर पालिका में मतदान शुरू होने से पहले निर्दलीय प्रत्याशी अशोक शर्मा पर हमला करने का आरोप लगा है। प्रत्याशी के मुताबिक, तीन बाइक सवारों ने उनके साथ मारपीट की और उनका सिर फोड़ दिया। उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की है।
8:20 AM | बाड़मेर: वोटरों को बूथ ले जाने को लेकर भिड़े प्रत्याशियों के रिश्तेदार
बाड़मेर के धोरीमन्ना नगरपालिका के वार्ड नंबर-5 में भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों के रिश्तेदारों के बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के वोटरों को बूथ तक ले जाने को लेकर कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर कांग्रेस प्रत्याशी की रिश्तेदार महिला ने भाजपा प्रत्याशी के रिश्तेदार को थप्पड़ मार दिया।
8:00 AM | दूसरे चरण की वोटिंग शुरू
राजस्थान में निकाय चुनाव के दूसरे चरण के लिए मतदान शुरू हो गया है। 6 नगर निगम समेत 147 निकायों में वोट डाले जा रहे हैं। इस चरण में 87.60 लाख से ज्यादा मतदाता 18,266 उम्मीदवारों में से अपने पार्षद चुनेंगे। मतदान शाम 5 बजे तक चलेगा।
7:45 AM | पहले चरण में 76.41% हुआ था मतदान
राजस्थान निकाय चुनाव के पहले चरण में 9 सितंबर को 162 निकायों के लिए मतदान हुआ था। इसमें कुल 76.41 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। आज दूसरे चरण के मतदान के बाद दोनों चरणों के नतीजे 14 सितंबर को घोषित किए जाएंगे।
7:30 AM | 14 सितंबर को आएंगे चुनाव परिणाम
राजस्थान निकाय चुनाव के दोनों चरणों की मतगणना 14 सितंबर को होगी। इसके साथ ही नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाओं में पार्षदों के चुनाव परिणाम सामने आएंगे।
Powered by Reporting Rajasthan Files
संबंधित ख़बरें

जोधपुर में आग बुझाने पहुंचे थे दमकलकर्मी, अचानक फटा केमिकल टैंक, कई झुलसे

सिद्धार्थनगर की नाबालिग के साथ जयपुर में सामूहिक दुष्कर्म, दिल्ली पुलिस ने किया वापस - molested of a minor in jaipur delhi police sent the case back

एम्स जोधपुर में डॉक्टर की मौत पर बवाल, शुरू होगा अनिश्चितकालीन हड़ताल


