गणेश चतुर्थी पर जयपुर में संभलकर निकलें! इन रास्तों पर रहेगा डायवर्जन
गणेश चतुर्थी पर जयपुर में संभलकर निकलें! इन रास्तों पर रहेगा डायवर्जन गणेश चतुर्थी पर मोती डूंगरी गणेश मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ऐसे में मंदिर के आसपास यातायात का दबाव बढ़ने पर कई रास्तो…

सौजन्य से:- Hindustan
गणेश चतुर्थी पर जयपुर में संभलकर निकलें! इन रास्तों पर रहेगा डायवर्जन
गणेश चतुर्थी पर मोती डूंगरी गणेश मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ऐसे में मंदिर के आसपास यातायात का दबाव बढ़ने पर कई रास्तों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
जयपुर में गणेश चतुर्थी के मौके पर सोमवार, 14 सितंबर को ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह बदली रहेगी। शहर के प्रमुख गणेश मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं। सबसे ज्यादा असर मोती डूंगरी गणेश मंदिर के आसपास देखने को मिलेगा। मंदिर के आसपास कुछ रास्तों पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी, जबकि कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा। इसके साथ ही नो-पार्किंग व्यवस्था भी लागू रहेगी।
यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मंदिर के आसपास अपने वाहन ले जाने के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करें। पुलिस उपायुक्त यातायात योगेश गोयल ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए QR कोड भी जारी किया गया है। इसे स्कैन करके पार्किंग की उपलब्धता और ट्रैफिक से जुड़ी जानकारी ली जा सकेगी।
मोती डूंगरी के आसपास रहेगा नो-व्हीकल जोन
गणेश चतुर्थी पर मोती डूंगरी गणेश मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ऐसे में मंदिर के आसपास यातायात का दबाव बढ़ने पर कई रास्तों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। कुछ मार्गों को नो-व्हीकल जोन बनाया जाएगा। साथ ही भीड़ और ट्रैफिक की स्थिति के अनुसार अलग-अलग रास्तों पर डायवर्जन किया जा सकेगा।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे मंदिर तक निजी वाहन ले जाने के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़ा करें और वहां से बस या ई-रिक्शा की सुविधा का इस्तेमाल करें।
15 जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था
श्रद्धालुओं के लिए जयपुर में करीब 15 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। सबसे बड़ी पार्किंग सुविधा रामनिवास बाग की भूमिगत पार्किंग में रहेगी। यहां करीब 1500 चारपहिया और 1000 दोपहिया वाहन खड़े किए जा सकेंगे।
इसके अलावा राजस्थान यूनिवर्सिटी परिसर में भी अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। इनमें सेंट्रल लाइब्रेरी, डॉ. आंबेडकर न्यू सेंट्रल लाइब्रेरी, समाज विज्ञान विभाग और तरणताल के पास का ग्राउंड शामिल हैं।
इसके साथ ही पटेल रोड की सर्विस लेन, प्रशासनिक भवन के पीछे का हिस्सा, सेंट्रल पार्क और महाराजा कॉलेज ग्राउंड समेत अन्य स्थानों पर भी वाहन पार्क किए जा सकेंगे।
पार्किंग से मंदिर तक बस और फ्री ई-रिक्शा
पार्किंग को लेकर श्रद्धालुओं को परेशान न होना पड़े, इसके लिए पार्किंग स्थलों से मोती डूंगरी गणेश मंदिर तक जेसीटीएसएल की बसें चलाई जाएंगी। इसके अलावा मंदिर प्रशासन की ओर से पार्किंग स्थलों से मंदिर तक निःशुल्क ई-रिक्शा की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे मंदिर के नजदीक पहुंचने की कोशिश में सड़कों पर वाहन खड़ा न करें। इससे जाम की स्थिति बन सकती है और दूसरे श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
बसों के रूट में भी बदलाव
गणेश चतुर्थी पर सिर्फ निजी वाहनों के रूट ही नहीं, बल्कि जेसीटीएसएल और सिटी बसों के मार्ग में भी जरूरत के अनुसार बदलाव किया जाएगा। गोपालपुरा की तरफ से यादगार तिराहे आने वाली बसें लक्ष्मी मंदिर से सहकार मार्ग की ओर जाएंगी।
वहीं टोंक रोड पर ट्रैफिक दबाव बढ़ने की स्थिति में यादगार तिराहे से गोपालपुरा जाने वाली बसों को अशोका टी-पॉइंट से अशोका मार्ग की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
रोडवेज बसों के लिए भी बदला रास्ता
दिल्ली रोड से सिंधी कैंप की ओर आने वाली रोडवेज बसों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग तय किया गया है। ऐसी बसें चंदवाजी, एक्सप्रेस हाईवे, रोड नंबर 14 पुलिया, सर्विस रोड और सीकर रोड होते हुए विद्याधर नगर आगार जाएंगी।
इसी तरह सिंधी कैंप से दिल्ली रोड की ओर जाने वाली बसें पानीपेच तिराहा, चौमूं तिराहा, सीकर रोड और एक्सप्रेस हाईवे के रास्ते जाएंगी।
मानसरोवर-सांगानेर-जगतपुरा वालों के लिए खास सलाह
यातायात पुलिस ने मानसरोवर, सांगानेर और जगतपुरा की तरफ से परकोटे की ओर जाने वाले वाहन चालकों को जेएलएन मार्ग के बजाय टोंक रोड का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। इससे जेएलएन मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
पुलिस ने साफ किया है कि जरूरी सेवाओं वाले वाहनों की आवाजाही जारी रहेगी। गणेश चतुर्थी पर घर से निकलने वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे ट्रैफिक डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था को ध्यान में रखकर ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं। खासकर मोती डूंगरी गणेश मंदिर जाने वाले श्रद्धालु निजी वाहन लेकर मंदिर के आसपास जाने के बजाय निर्धारित पार्किंग का इस्तेमाल करें।
Powered by Reporting Rajasthan Files
संबंधित ख़बरें

जोधपुर में आग बुझाने पहुंचे थे दमकलकर्मी, अचानक फटा केमिकल टैंक, कई झुलसे

सिद्धार्थनगर की नाबालिग के साथ जयपुर में सामूहिक दुष्कर्म, दिल्ली पुलिस ने किया वापस - molested of a minor in jaipur delhi police sent the case back

एम्स जोधपुर में डॉक्टर की मौत पर बवाल, शुरू होगा अनिश्चितकालीन हड़ताल


