Congress on Devnani : राजस्थान विधानसभा पद की गरिमा नहीं रख रहे देवनानी, अजमेर में कांग्रेसियों ने की शिकायत
Congress on Devnani : राजस्थान विधानसभा पद की गरिमा नहीं रख रहे देवनानी, अजमेर में कांग्रेसियों ने की शिकायत आरटीडीसी के पूर्व चेयरमैन का आरोप है कि चुनाव आयोग बीजेपी के एजेंट की तरह काम कर रहा है. जानिए और क्या कहा... P…

सौजन्य से:- ETV Bharat
Congress on Devnani : राजस्थान विधानसभा पद की गरिमा नहीं रख रहे देवनानी, अजमेर में कांग्रेसियों ने की शिकायत
आरटीडीसी के पूर्व चेयरमैन का आरोप है कि चुनाव आयोग बीजेपी के एजेंट की तरह काम कर रहा है. जानिए और क्या कहा...
Published : September 4, 2026 at 4:03 PM IST
अजमेर: राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष एवं अजमेर उत्तर से विधायक वासुदेव देवनानी के खिलाफ कांग्रेस शहर अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल और आरटीडीसी के पूर्व चेयरमैन धर्मेंद्र सिंह राठौड़ ने निर्वाचन अधिकारी एवं अजमेर कलेक्टर लोकबंधु को शिकायत दी है. राठौड़ का आरोप है कि चुनाव आयोग बीजेपी के एजेंट की तरह काम कर रहा है. उनका कहना है कि पूर्व में भी देवनानी के खिलाफ शिकायत थी, लेकिन चुनाव आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की. कांग्रेसियों ने क्रिश्चियन गंज थाना प्रभारी अरविंद चारण और भाजपा प्रत्याशी भारती श्रीवास्तव के खिलाफ भी निर्वाचन विभाग को शिकायत दी है.
आरटीडीसी के पूर्व चेयरमैन धर्मेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारी और अजमेर कलेक्टर लोक बंधु को शिकायत देकर बताया है कि वासुदेव देवनानी बीजेपी के नेता बनकर चुनाव प्रचार कर रहे हैं. जबकि देवनानी वर्तमान में राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष हैं. शिकायत के साथ ही सुप्रीम कोर्ट के निर्णय और अन्य राज्यों के राज्यपाल जिन्होंने पद का दुरुपयोग किया है, उनके बारे में भी तथ्यात्मक पेपर निर्वाचन विभाग को दिए हैं.
जिला कलेक्टर को विस्तृत रूप से बातचीत करके बताया गया है कि पूर्व में भी देवनानी के खिलाफ शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई निर्वाचन विभाग की तरफ से नहीं की गई. देश और राज्य एवं जिले का चुनाव आयोग आंख बंद करके भाजपा के एजेंट की तरह काम कर रहा है. कांग्रेस की ओर से बराबर शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है. यह काफी अफसोस है कि चुनाव आयोग ही भाजपा के एजेंट की तरह काम करने लग जाए तो बचा ही क्या है ?
देश में सभी संवैधानिक संस्थाएं और केंद्र की एजेंसियां का बीजेपी दुरुपयोग कर रही है. राठौड़ ने कहा कि देवनानी अजमेर में वार्डों में जाकर भाजपा प्रत्याशियों के कार्यालयों के उद्घाटन कर रहे हैं. विधानसभा अध्यक्ष होते हुए भाजपा प्रत्याशियों के कार्यों का उद्घाटन करना उन्हें शोभा नहीं देता है. यह आचार संहिता और संविधान भी नहीं कहता है. चुनाव आयोग से पहले भी आग्रह किया गया था कि देवनानी को प्रचार करने से रोके. देवनानी का सरकारी स्टाफ भी भाजपा के प्रचार में लगा हुआ है. उन्होंने कहा कि देवनानी को अपने पद की गरिमा रखनी चाहिए.
कृष्ण गंज थाना प्रभारी अरविंद चारण को हटाने की मांग : राठौड़ ने कहा कि कृष्ण गंज थाना प्रभारी अरविंद चारण भी बीजेपी के एजेंट बने हुए हैं और लोगों को भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए कह रहे हैं. जबकि उनका काम निष्पक्ष चुनाव करवाना है. उन्होंने कहा कि थाना प्रभारी अरविंद चरण की शिकायत भी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीजीपी और आईजी को की गई है. उनसे मांग की गई है कि थाना प्रभारी अरविंद चारण को चुनाव से पहले थाने से हटाया जाए.
इसी तरह वार्ड 78 से भाजपा पार्षद भारती श्रीवास्तव नगर निगम में फोन करके जेसीबी बुलाकर सफाई करवा रही है. वार्ड 2 से भाजपा के प्रत्याशी बिजली के खंभे हटवा रहे हैं, जबकि आचार संहिता लगने के बाद कोई भी निवर्तमान पार्षद ऐसा नहीं कर सकता. भाजपा के प्रत्याशी सरकार और सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रहे हैं. साथ ही कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को भी धमकाया जा रहा है. इसकी कड़े शब्दों में निंदा कांग्रेस कर रही है और हम चुप नहीं बैठेंगे.
देवनानी नहीं रख रहे पद की गरिमा : शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल ने आरोप लगाया कि वासुदेव देवनानी ने राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष होते हुए भी अपने पद की गरिमा नहीं रख रहे हैं. भाजपा का देवनानी खुलेआम प्रचार कर रहे हैं. देवनानी भाजपा की बैठकों में जा रहे हैं और कार्यालयों का उद्घाटन कर रहे हैं, जबकि सुप्रीम कोर्ट के भी निर्देश हैं कि संवैधानिक पद की गरिमा रखी जाए.
देवनानी शायद भूल गए हैं कि वह किस पद पर हैं. जिला निर्वाचन अधिकारी और राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग को भी शिकायत की गई है. इस संदर्भ में पूर्व में भी जिला निर्वाचन अधिकारी को शिकायत दी गई थी. देवनानी भाजपा के प्रचार में अपने सरकारी स्टाफ और सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रहे हैं. यह सरासर संविधान के खिलाफ है और कांग्रेस इसका पुरजोर विरोध कर रही है.
Powered by Reporting Rajasthan Files
संबंधित ख़बरें

जोधपुर नगर निगम चुनाव : पति के साथ दंडवत करते चुनाव चिह्न लेने पहुंचीं भाजपा की बागी उम्मीदवार, जानिए वजह

जन्माष्टमी पर उदयपुर के 35 मंदिरों के लिए 9.61 लाख मंजूर - Udaipur News

7 शहरों में भाजपा-कांग्रेस का हर चौथा उम्मीदवार करोड़पति: सबसे ज्यादा जयपुर में; जोधपुर-कोटा से आगे सीकर; जानें- किस प्रत्याशी के पास कितनी प्रॉपर्टी - Jaipur News


