BRICS मेहमानों की थाली में जयपुर का शाही अंदाज, चांदी के खास बर्तनों में सर्व हो रहा खाना
BRICS मेहमानों की थाली में जयपुर का शाही अंदाज, चांदी के खास बर्तनों में सर्व हो रहा खाना BRICS से जुड़े कार्यक्रमों के लिए जयपुर में करीब 70 अलग-अलग तरह के बर्तन और टेबलवेयर तैयार किए गए हैं. इनमें प्लेट, कटोरी, प्लैटर,…

सौजन्य से:- ABP News
BRICS मेहमानों की थाली में जयपुर का शाही अंदाज, चांदी के खास बर्तनों में सर्व हो रहा खाना
BRICS से जुड़े कार्यक्रमों के लिए जयपुर में करीब 70 अलग-अलग तरह के बर्तन और टेबलवेयर तैयार किए गए हैं. इनमें प्लेट, कटोरी, प्लैटर, ब्रेड बास्केट और फिंगर बाउल समेत कई चीजें शामिल हैं.
नई दिल्ली में हो रही BRICS लीडर्स समिट में दुनिया के बड़े देशों से आए मेहमानों की मेहमाननवाजी खास अंदाज में हो रही है. मेहमानों को भारतीय और देसी व्यंजन परोसने के लिए जयपुर में खास बर्तन तैयार किए गए. इन बर्तनों में राजस्थान की पुरानी कारीगरी, शाही डिजाइन और आधुनिक जरूरतों का मेल देखने को मिल रहा है.
BRICS लीडर्स समिट में आए मेहमानों के लिए दिल्ली के ताज से लेकर द लीला जैसे प्रमुख होटलों में खास खाने की तैयारी की गई है. इसी के साथ खाने को परोसने के लिए जयपुर में तैयार किए गए विशेष टेबलवेयर का इस्तेमाल किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: जयपुर में पत्नी और तीन बेटियों की हत्या से सनसनी! फरार पति पर शक
अरुण इंडस्ट्रीज ने तैयार किए खास बर्तन
जयपुर की अरुण इंडस्ट्रीज और उसकी टीम ने BRICS से जुड़े आयोजनों के लिए ये खास टेबलवेयर तैयार किए हैं. कंपनी के सीईओ और टेबलवेयर डिजाइनर अरुण पाबूवाल की टीम ने करीब 5 से 6 महीने की मेहनत के बाद इन बर्तनों को तैयार किया. इस दौरान पहले डिजाइन बनाए गए, फिर उनके प्रोटोटाइप तैयार किए गए और इसके बाद बड़े स्तर पर उत्पादन किया गया.
सिल्वर कोटेड से किए गए तैयार
इन बर्तनों की खास बात यह है कि सामान्य होटल क्रॉकरी की तरह सभी बर्तन एक जैसे नहीं हैं. मेहमानों को कौन सा व्यंजन परोसा जाएगा, उसकी मात्रा कितनी होगी और उसे किस तरह टेबल पर रखा जाएगा, इन सभी बातों को ध्यान में रखकर बर्तनों का आकार और डिजाइन तय किया गया है. ज्यादातर बर्तन सिल्वर कोटेड हैं और इन्हें कांसे से तैयार किया गया है.
करीब 70 तरह के बर्तन तैयार
BRICS से जुड़े कार्यक्रमों के लिए करीब 70 अलग-अलग तरह के बर्तन और टेबलवेयर तैयार किए गए हैं. इनमें प्लेट, कटोरी, प्लैटर, ब्रेड बास्केट और फिंगर बाउल समेत कई चीजें शामिल हैं. कमल के फूल के आकार में तैयार किए गए फिंगर बाउल भी खास आकर्षण हैं.
पारंपरिक भारतीय और देसी व्यंजनों के लिए कांसे के बर्तनों का इस्तेमाल किया जाएगा. वहीं मिठाई और डेजर्ट परोसने के लिए चांदी के बर्तन तैयार किए गए हैं. कई बर्तनों पर सिल्वर पॉलिश के साथ राजस्थान की पुरानी रियासतों से प्रेरित नक्काशी की गई है.
महलों की नक्काशी से लेकर चांदी के सिगार स्टैंड तक
इन बर्तनों के डिजाइन में राजस्थान के महलों की छतों, पुराने दरवाजों और रियासतकालीन कारीगरी की झलक दिखाई देती है. मेहमानों की टेबल के लिए चांदी का खास सिगारदान और सिगार स्टैंड भी तैयार किया गया है. इनकी डिजाइन में भी राजस्थानी कला को जगह दी गई है. पुराने जमाने में जिस तरह मखमली कपड़े पर फरमान जारी किए जाते थे, उसी तरह के कपड़े पर अलग-अलग समय के मेन्यू प्रिंट करने की भी व्यवस्था रखी गई है.
G20 में भी दिख चुका है जयपुर का हुनर
अरुण इंडस्ट्रीज की टीम के लिए बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजन में खास टेबलवेयर तैयार करना नया काम नहीं है. इससे पहले G20 समिट और अंबानी परिवार के विवाह समारोह जैसे बड़े आयोजनों के लिए भी टीम ने खास बर्तन और कटलरी तैयार की थी.
अब BRICS समिट में जयपुर की यही कारीगरी विदेशी मेहमानों की मेज तक पहुंचेगी. मेहमान जब इन खास बर्तनों में भारतीय खाने का स्वाद लेंगे, तो उन्हें खाने के साथ राजस्थान की पुरानी कला और जयपुर के कारीगरों की मेहनत की झलक भी देखने को मिलेगी. अरुण इंडस्ट्रीज की डायरेक्टर अंतरा पाबूवाल का कहना है कि यह पूरे राजस्थान के लिए गौरव की बात है.
Powered by Reporting Rajasthan Files
संबंधित ख़बरें

सिद्धार्थनगर की नाबालिग के साथ जयपुर में सामूहिक दुष्कर्म, दिल्ली पुलिस ने किया वापस - molested of a minor in jaipur delhi police sent the case back

एम्स जोधपुर में डॉक्टर की मौत पर बवाल, शुरू होगा अनिश्चितकालीन हड़ताल

जयपुर राजस्थान में साइबर अपराधों पर नकेल कसने की तैयारी, रोकथाम को लेकर CM भजनलाल शर्मा गंभीर


