जयपुर मेयर चुनाव से पहले सुनील शर्मा का दावा, टिकट बंटवारे से आहत हैं BJP पार्षद, चुनाव में दिखेगा उलटफेर
जयपुर मेयर चुनाव से पहले सुनील शर्मा का दावा, टिकट बंटवारे से आहत हैं BJP पार्षद, चुनाव में दिखेगा उलटफेर पीसीसी मुख्यालय में जयपुर नगर निगम के नवनिर्वाचित 57 कांग्रेसी पार्षदों का अभिनंदन. Published : September 20, 2026…

सौजन्य से:- ETV Bharat
जयपुर मेयर चुनाव से पहले सुनील शर्मा का दावा, टिकट बंटवारे से आहत हैं BJP पार्षद, चुनाव में दिखेगा उलटफेर
पीसीसी मुख्यालय में जयपुर नगर निगम के नवनिर्वाचित 57 कांग्रेसी पार्षदों का अभिनंदन.
Published : September 20, 2026 at 2:11 PM IST
जयपुर: जयपुर नगर निगम के नवनिर्वाचित 57 पार्षदों का रविवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) मुख्यालय में जयपुर शहर कांग्रेस की ओर से अभिनंदन किया गया. कांग्रेस नेताओं ने पार्षदों से महापौर चुनाव में एकजुट रहने की अपील की. कांग्रेस की ओर से महापौर प्रत्याशी बनाई गईं सुनीता मावर का भी पार्षदों ने सम्मान किया. उन्हें शॉल और दुपट्टा ओढ़ाकर अभिनंदन किया गया. समारोह में जयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा, पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, विधायक रफीक खान एवं अमीन कागजी, अर्चना शर्मा, आर.आर तिवाड़ी और गंगा देवी एवं विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से निर्वाचित पार्षद मौजूद रहे.
विपरीत परिस्थितियों में जीते 57 पार्षद: अभिनंदन कार्यक्रम के बाद जयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा, तमाम संसाधनों के दुरुपयोग के बावजूद जयपुर शहर में कांग्रेस के 57 पार्षद चुनाव जीतकर आए हैं. ये सामान्य परिस्थितियों में जीतकर आए पार्षद नहीं हैं, बल्कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद जनता का विश्वास हासिल करके आए हैं. जब सत्ता में भाजपा होती है तो कांग्रेस 17 और 18 पार्षद बड़ी मुश्किल से चुनकर आते हैं. भाजपा सत्ता और प्रशासनिक संसाधनों का इस्तेमाल करती है.
भाजपा पार्षद अंतरात्मा की आवाज पर वोट करें: महापौर चुनाव में जादुई आंकड़े को लेकर पूछे सवाल पर सुनील शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने जयपुर की सबसे वरिष्ठ पार्षद सुनीता मावर को महापौर प्रत्याशी बनाया है. जयपुर की दिशा और दशा बदलनी है तो केवल कांग्रेस ही नहीं, बल्कि भाजपा के पार्षदों को भी अपनी अंतरात्मा की आवाज पर मतदान करना चाहिए. शर्मा ने दावा किया कि भाजपा में महापौर प्रत्याशी के चयन को लेकर कई पार्षद खुद को आहत महसूस कर रहे हैं. उन्हें लगता है कि टिकट वितरण में उनके साथ अन्याय हुआ है. अंतरात्मा की आवाज पर बहुत कुछ ऐसा होने वाला है, जो चौंकाने वाला होगा.
भाजपा पर धनबल और बाहुबल का आरोप: शर्मा ने सुनीता मावर को अनुभवी प्रत्याशी बताया एवं कहा कि उन्हें चार बार पार्षद रहने का अनुभव है और परकोटे सहित जयपुर शहर की समस्याओं की जमीनी समझ है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा में महापौर प्रत्याशी को लेकर लंबे समय तक असमंजस बना रहा. सुनील शर्मा ने भाजपा पर धनबल और बाहुबल के इस्तेमाल का आरोप लगाया. शर्मा बोले, कांग्रेस नैतिकता के आधार पर चुनाव लड़ रही है. यह तानाशाही बनाम तपस्या की लड़ाई है. कांग्रेस को भरोसा है कि अंततः उसकी तपस्या सफल होगी.
कांग्रेस के पक्ष में जनादेश : कांग्रेस विधायक रफीक खान ने कहा कि जयपुर में वोटों के आंकड़ों को देखें तो कांग्रेस को भाजपा की तुलना में अधिक वोट मिले हैं. जनता के जनादेश के हिसाब से कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी सुनीता मावर मजबूत दावेदार हैं. खान ने भाजपा के मेयर प्रत्याशी को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने दावा किया कि भाजपा प्रत्याशी अपने वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी से महज 600 वोटों से जीते हैं. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वहां कड़ी चुनौती दी और भाजपा प्रत्याशी को जीत के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी. सुनीता परकोटे में रहती हैं और जयपुर की जमीनी समस्याओं की जानकारी है. भाजपा के कई पार्षद भी जानते हैं कि सुनीता मावर धरातल पर काम करने वाली नेता हैं.
अमेरिका से आकर मेयर बनना चाहते हैं: विधायक खान ने भाजपा के महापौर प्रत्याशी पर तंज कसा कि उन्हें नगर निगम के कामकाज और शहर की जमीनी परिस्थितियों की जानकारी नहीं है. वे अमेरिका से यहां आकर मेयर बनना चाहते हैं. बीजेपी आखिरी समय तक नाम फाइनल नहीं कर पाई. बीजेपी जानती है कि उनके पार्षद बगावत करेंगे. रफीक खान ने कहा कि हमारी प्रत्याशी मेयर बनेंगी. बीजेपी के मेयर प्रत्याशी को पता ही नहीं है कि नगर निगम कहां है, वो कैसे काम करेगा. वो कॉरपोरेट घराने के लोग हैं. कॉर्पोरेट चला सकते हैं, नगर निगम नहीं चला सकते हैं. पैसे कमाने वालों को नगर निगम में बैठा दोगे तो जनता स्वीकार नहीं करेगी.
Powered by Reporting Rajasthan Files
संबंधित ख़बरें

राजस्थान के 5 नगर निगमों में मेयर चुनाव, वोटिंग शुरू, शाम तक नतीजे

राजस्थान सरकार ने UP में मौजूद पुरानी जयपुर रियासत की संपत्तियों पर ठोका दावा, खंगाले जा रहे 70 साल पुराने रिकॉर्ड

रिश्तों की तलाश में जयपुर पहुंचे 17 से ज्यादा शहरों के परिवार; 390 ने दिया परिचय, इनमें 126 विवाह योग्य युवतियां - Jaipur News


