9 से 17 तक जयपुर में चलेगा हर घर तिरंगा अभियान, 14 को मनाया जाएगा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस
9 से 17 तक जयपुर में चलेगा हर घर तिरंगा अभियान, 14 को मनाया जाएगा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस 16 अगस्त को अभियान के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित…

सौजन्य से:- ETV Bharat
9 से 17 तक जयपुर में चलेगा हर घर तिरंगा अभियान, 14 को मनाया जाएगा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस
16 अगस्त को अभियान के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा.
Published : August 2, 2026 at 10:32 PM IST
जयपुर: स्वतंत्रता दिवस की 80वीं सालगिरह के मौके पर जयपुर जिले में 9 से 17 अगस्त तक 'हर घर तिरंगा' अभियान आयोजित किया जाएगा. अभियान के दौरान जिलेभर में तिरंगा रैली, जनजागरूकता अभियान, शैक्षणिक गतिविधियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न राष्ट्रभक्ति आधारित आयोजन किए जाएंगे. वहीं, 14 अगस्त को 'विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस' के रूप में मनाया जाएगा.
जिला प्रशासन की ओर से अभियान को ग्राम पंचायत से लेकर जिला स्तर तक व्यापक रूप से आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी. अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ स्वतंत्रता संग्राम के मूल्यों तथा राष्ट्रीय एकता के प्रति लोगों को जागरूक करना है.
पढ़ें: स्वतंत्रता दिवस पर 'हर घर तिरंगा' का संदेश, अंतरराष्ट्रीय मंच पर गूंजी राजस्थान की लोकधुन
10 अगस्त को घर-घर तिरंगा वितरण: अभियान की शुरुआत 9 अगस्त से होगी. इस दिन ग्राम और वार्ड स्तर पर 'हर घर तिरंगा' अभियान को लेकर जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी. विभिन्न स्थानों पर तिरंगा रैली निकाली जाएगी और लोगों को अभियान में सक्रिय भागीदारी की शपथ दिलाई जाएगी. 10 अगस्त को तिरंगा वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें घर-घर संपर्क कर लोगों को राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करेंगी.
बाइक और साइकिल तिरंगा रैली: 11 अगस्त को जिले के स्कूलों में निबंध, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा. इन गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की कोशिश की जाएगी. विद्यार्थियों को स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्रीय ध्वज के महत्व से भी परिचित कराया जाएगा. 12 अगस्त को बाइक और साइकिल तिरंगा रैली का आयोजन किया जाएगा. इसमें युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी. रैली के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति और सामाजिक एकता का संदेश आमजन तक पहुंचाया जाएगा. 13 अगस्त को सार्वजनिक भवनों, पंचायत भवनों और विद्यालयों में तिरंगा सजावट अभियान चलाया जाएगा.
पढ़ें: हर घर तिरंगा अभियान: सवाईमाधोपुर और अजमेर में उमड़ी देशभक्ति की लहर
14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस: 14 अगस्त को 'विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस' मनाया जाएगा. इस अवसर पर देश की एकता और अखंडता से जुड़े विषयों पर संगोष्ठियों एवं विशेष कार्यक्रमों का आयोजन होगा. विद्यालयों और महाविद्यालयों में विभाजन विभीषिका स्मृति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इन कार्यक्रमों के माध्यम से साल 1947 में देश के विभाजन के दौरान प्रभावित लोगों के संघर्ष, पीड़ा, साहस और बलिदान को याद किया जाएगा. साथ ही नई पीढ़ी को विभाजन की त्रासदी के इतिहास से परिचित कराने और सामाजिक सद्भाव, राष्ट्रीय एकता तथा भाईचारे का संदेश देने पर जोर रहेगा.
15 अगस्त को ध्वजारोहण और सांस्कृतिक कार्यक्रम: 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के सार्वजनिक भवनों, पंचायत भवनों और विद्यालयों में ध्वजारोहण किया जाएगा. इसके बाद राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन होगा. विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें देशभक्ति पर आधारित प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस का उत्सव मनाया जाएगा. 16 अगस्त को अभियान के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा.
17 अगस्त को अभियान का समापन: 17 अगस्त को 'हर घर तिरंगा' अभियान का समापन समारोह आयोजित होगा. इस अवसर पर अभियान के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं और सक्रिय सहभागियों का अभिनंदन किया जाएगा. प्रशासन की ओर से अभियान की विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा भी की जाएगी. अभियान को सफल बनाने के लिए नगर निगम जयपुर, नगर परिषद एवं नगरपालिकाओं, जिला परिषद जयपुर, स्थानीय निकाय विभाग, शिक्षा विभाग, कॉलेज शिक्षा विभाग, तकनीकी शिक्षा विभाग, पंचायत समितियों और अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं.
कलेक्टर ने की ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में भागीदारी की अपील: जिला कलेक्टर संदेश नायक ने जिलेवासियों से 'हर घर तिरंगा' अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है. उन्होंने लोगों से अपने घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज को सम्मानपूर्वक फहराने का आह्वान किया. उन्होंने जिलेवासियों से 'सेल्फी विद तिरंगा' अभियान से जुड़ने की भी अपील की है.
Powered by Reporting Rajasthan Files
संबंधित ख़बरें

MP Weather News: मानसून की रफ्तार पड़ी धीमी, राजस्थान का सिस्टम खत्म, अब 7 दिन नहीं बनेगा नया डिप्रेशन, जानिए कहां होगी बारिश

अजमेर: जन अधिकार पार्टी-जन शक्ति का ऐलान, Gen Z को देश सेवा के लिए देगी राजनीतिक मंच

राज्यों की उच्च शिक्षा को गति दें: राजस्थान के राज्यपाल की अपील


