राजस्थान के 8 अमृत रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन, वंदे भारत ट्रेन की तैयारी
राजस्थान के 8 अमृत रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से समारोह में शामिल होकर स्टेशनों का उद्घाटन किया। ये स्टेशन दौसा, डीग, गंगापुर सिटी, गोटन, जैसलमेर, खैरथल, बाड़मेर, और सोमेसर बन गए हैं।

सौजन्य से:- ETV Bharat
राजस्थान को 8 अमृत रेलवे स्टेशनों की सौगात, पूर्व केंद्रीय मंत्री बोले, बाड़मेर के लिए 'वंदे भारत' का प्रयास
कैलाश चौधरी ने कहा कि अमृत भारत रेलवे स्टेशन योजना के तहत बाड़मेर रेलवे स्टेशन की कायाकल्प हुई है.
Published : July 17, 2026 at 7:59 PM IST
जयपुर/बाड़मेर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पंजाब के जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन से वर्चुअल माध्यम से राजस्थान के 8 अमृत रेलवे स्टेशनों सहित देशभर के 75 अन्य अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया. इन स्टेशनों के पुनर्विकास से यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी और रेलवे के आधारभूत ढांचे को नई मजबूती मिलेगी. पीएम मोदी ने बाड़मेर, दौसा, डीग, गंगापुर सिटी, गोटन, जैसलमेर, खैरथल और सोमेसर रेलवे स्टेशनों का वर्चुअली उद्घाटन किया.
रेलवे ने बदलाव की नई इबारत लिखी: गोटन में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पिछले एक दशक में भारतीय रेलवे ने बदलाव की नई इबारत लिखी है. रेलवे का तेजी से आधुनिकीकरण होने से देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है और आम लोगों को बेहतर यात्रा सुविधाएं मिली है. उन्होंने कहा कि राजस्थान को मिले 8 अमृत स्टेशन प्रदेश के विकास को नई गति देंगे. गोटन रेलवे स्टेशन राजस्थान की आर्थिक मजबूती प्रदान करता है. गोटन रेलवे स्टेशन पूरे नागौर क्षेत्र के विकास का एक नया केंद्र बनेगा. इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं भूजल मंत्री कन्हैया लाल, सार्वजनिक निर्माण, महिला एवं बाल विकास और बाल अधिकारिता राज्य मंत्री डॉ. मंजू बाघमार सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
चौपाल में सुनी ग्रामीणों की बात: रेलवे स्टेशन कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री सीधे तिलानेश गांव पहुंचे, जहां उन्होंने ग्राम विकास चौपाल में ग्रामीणों से संवाद किया. करीब तीन घंटे तक चले इस कार्यक्रम में महिलाओं, किसानों, पशुपालकों और युवाओं ने खुलकर अपने अनुभव और समस्याएं साझा की. कई महिलाओं ने स्वरोजगार और सरकारी योजनाओं से हुए बदलाव की कहानी सुनाई, वहीं किसानों ने खेती और सिंचाई से जुड़े मुद्दे उठाए.
'175 वंदे भारत ट्रेन शुरू': बाड़मेर रेलवे स्टेशन लोकार्पण पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन है, कि वो देश को गति के साथ आगे बढ़ना चाहते हैं. हर कार्य गति के साथ होगा तभी 2047 तक विकासित भारत बनेगा. देश में पहले एक भी वंदे भारत जैसी स्पीड ट्रेन नहीं थी, लेकिन आज 175 वंदे भारत ट्रेन शुरू हो चुकी है.
'बाड़मेर में वंदे भारत ट्रेन शुरू हो': उन्होंने कहा कि आज हम बुलेट ट्रेन की ओर अग्रसर हैं, जो 300-400 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चलेगी. आज प्रधानमंत्री ने हाइड्रोजन से चलने वाली देश में पहली ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया है. चौधरी ने कहा कि अमृत भारत रेलवे स्टेशन योजना के तहत बाड़मेर रेलवे स्टेशन की कायाकल्प हुई है. बाड़मेर में ट्रेनों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है. वॉशिंग यार्ड बनने के बाद यहां और ज्यादा ट्रेन आएगी. उन्होंने बताया कि बाड़मेर में वंदे भारत ट्रेन शुरू हो इसके लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की थी. उन्होंने भरोसा दिलाया है कि आने वाले दिनों वंदे भारत ट्रेन की सौगात बाड़मेर को निश्चित रूप से मिलेगी.
ये हैं 8 अमृत रेलवे स्टेशन: उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के मुताबिक राजस्थान के बाड़मेर, दौसा, डीग, गंगापुर सिटी, गोटन, जैसलमेर, खैरथल और सोमेसर रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया गया है. सभी स्टेशनों का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास किया गया है. स्टेशन भवनों को आधुनिक स्वरूप देने के साथ यात्री सुविधाओं का विस्तार किया गया है, ताकि यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिल सके. यह सभी स्टेशन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उद्घाटन समारोह में सम्मिलित हुए जहां जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे.
दौसा में आयोजित समारोह में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने विश्वास व्यक्त किया कि रेलवे स्टेशन, क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई दिशा प्रदान करेंगे. नागरिकों को जीवन अधिक सुगम और सुविधाजनक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में राजस्थान में विकास के अनेक कार्य किए जा रहे हैं. कार्यक्रम में दौसा सांसद मुरारी लाल मीना, मंत्री किरोड़ीलाल मीना भी मौजूद रहे.
खैरथल में आयोजित समारोह में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री और अलवर सांसद भूपेंद्र यादव ने कहा कि खैरथल के विकास को गति देने के लिए केंद्र सरकार निरंतर कार्य कर रही है और भविष्य में भी क्षेत्र की सभी महत्वपूर्ण मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा.
पढ़ें: जोधपुर और जैसलमेर रेलवे स्टेशन पर रेल कोच रेस्टोरेंट खोलने की योजना, जल्द आमंत्रित की जाएगी निविदा
'प्रवासियों की ट्रेन की मांग को प्रमुखता से उठा रहे': बाड़मेर रेलवे स्टेशन लोकार्पण पर सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने कहा कि पिछले 135 वर्षों से यह रेलवे स्टेशन बाड़मेर के हालातों को अच्छी तरह से जानता है. 135 साल पहले बाड़मेर में रेलवे स्टेशन बना था. एक समय था जब ट्रेन कोयले से चलती थी. इसके बाद लगातार बदलाव होते होते, आज इलेक्ट्रॉनिक ट्रेन चल रही है. बेनीवाल ने लंबित जैसलमेर-बाड़मेर-भाभर रेल परियोजना को लेकर कहा कि सर्वे का कार्य पूर्ण हो गया है. उम्मीद करते हैं कि इसका कार्य भी बहुत जल्द शुरू हो जाएगा. उन्होंने कहा कि आज 8 हजार यात्री प्रतिदिन बाड़मेर रेलवे स्टेशन पर आवागमन करते हैं. यह ट्रेन शुरू होने के बाद यात्रीभार में बढ़ोतरी होगी. उम्मेदाराम बेनीवाल ने कहा कि प्रवासी भाइयों के द्वारा लगातार लंबी दूरी की ट्रेन की मांग की जा रही है. उनकी मांग को भी प्रमुखता के आगे उठाया जा रहा है.
पढ़ें: PM Modi Barmer Visit : विकास की सौगात के साथ मारवाड़ की राजनीति पर भी बड़ा संदेश...
बाड़मेर विधायक डॉ प्रियंका चौधरी, चौहटन विधायक आदूराम मेघवाल ने भी समारोह को संबोधित करते हुए अपनी बात रखी. उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान स्कूली बालक–बालिकाओं द्वारा सांस्कृतिक गायन एवं नृत्य की प्रस्तुतियां दी गई. कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अंनतराम विश्नोई, उपाध्यक्ष रमेश सिंह इंदा, दमाराम माली, एडवोकेट रेखा चण्डक, नगर परिषद नेता प्रतिपक्ष पृथ्वी चण्डक, महावीर सिंह, महावीर बोहरा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे.
Powered by Reporting Rajasthan Files
संबंधित ख़बरें

राजस्थान सरकार पर सचिन पायलट का बड़ा आरोप

सचिन पायलट ने मराठी अध्ययन केंद्रों पर सरकार की आलोचना की: शिक्षा क्षेत्र के प्रमुख मुद्दों से ध्यान विचलित?

राजस्थान में मां बनने के बाद डायलिसिस पर पांच महिलाएं: इच्छामृत्यु की मांग


