जयपुर के त्रिपोलिया बाजार में भीषण आग, 20 से ज्यादा दुकानें चपेट में; धुआं देखकर दौड़े पुलिसकर्मी
जयपुर के त्रिपोलिया बाजार में भीषण आग, 20 से ज्यादा दुकानें चपेट में; धुआं देखकर दौड़े पुलिसकर्मी आग बुझाने के लिए बनीपार्क, घाटगेट, चौगान और आमेर समेत अलग-अलग जगहों से दमकल की गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं। शुरुआत में 15 स…

सौजन्य से:- Hindustan
जयपुर के त्रिपोलिया बाजार में भीषण आग, 20 से ज्यादा दुकानें चपेट में; धुआं देखकर दौड़े पुलिसकर्मी
आग बुझाने के लिए बनीपार्क, घाटगेट, चौगान और आमेर समेत अलग-अलग जगहों से दमकल की गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं। शुरुआत में 15 से ज्यादा दमकल गाड़ियों के आग बुझाने में जुटने की जानकारी सामने आई, बाद में करीब 25 से 30 दमकल गाड़ियों के मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने के प्रयास की बात कही गई।
जयपुर के सबसे व्यस्त बाजारों में शामिल त्रिपोलिया बाजार में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुरोहित जी का कटला स्थित सेठी कॉम्प्लेक्स में अचानक भीषण आग लग गई। सुबह करीब 7 बजे लगी आग देखते ही देखते आसपास की दुकानों तक पहुंच गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार इतनी दूर तक दिखाई दिया कि सुभाष चौक से लेकर चांदपोल तक लोग सहम गए। देखते ही देखते 20 से ज्यादा दुकानें आग की चपेट में आ गईं।
कार्टन से भड़की आग, कपड़े और प्लास्टिक ने बढ़ाई मुश्किल
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कपड़ों की एक दुकान के बाहर कार्टन में रखे सामान में आग लगी थी। इसके बाद आग तेजी से आसपास फैल गई। बाजार में कपड़ों के गोदाम, प्लास्टिक का सामान, खिलौने और चूड़ी-बैंगल्स जैसी दुकानें हैं। ज्वलनशील सामान की बड़ी मात्रा होने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया।
माणक चौक थाना घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर है। धुआं उठता देखकर पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और आग की सूचना दमकल विभाग को दी। करीब 8 बजे दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचना शुरू हुईं।
संकरी गलियां बनीं चुनौती, कई दमकल गाड़ियां जुटीं
आग बुझाने के लिए बनीपार्क, घाटगेट, चौगान और आमेर समेत अलग-अलग जगहों से दमकल की गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं। शुरुआत में 15 से ज्यादा दमकल गाड़ियों के आग बुझाने में जुटने की जानकारी सामने आई, बाद में करीब 25 से 30 दमकल गाड़ियों के मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने के प्रयास की बात कही गई।
संकरी जगह और दुकानों में भरे कपड़े, प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामान के कारण दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। इलाके की बिजली भी बंद कर दी गई है। 20 से ज्यादा सिविल डिफेंस कर्मचारी भी मौके पर मौजूद हैं।
दुकानदारों में मची अफरा-तफरी, सामान बाहर निकालने की कोशिश
आग फैलने के बाद बाजार में व्यापारियों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार अपनी दुकानों से सामान निकालकर सुरक्षित जगह पहुंचाते दिखाई दिए। कुछ दुकानदार बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने की कोशिश करते नजर आए।
स्थानीय दुकानदार मुकेश ने बताया कि जिस जगह आग लगी है, वहां बड़ी संख्या में खिलौनों की दुकानें हैं और इसके आसपास कपड़ा मार्केट है। आग से काफी नुकसान हुआ है। उनके मुताबिक, सुबह करीब 7 बजे से आग लगी हुई है और काफी देर बाद भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था।
बरामदों में सामान रखने पर उठे सवाल
स्थानीय निवासी राधेश्याम सैनी ने आरोप लगाया कि बाजार में व्यापारी दुकानों के बाहर बरामदों और बालकनी की जगह में बड़ी मात्रा में सामान रखते हैं। उनका कहना है कि कई जगह दुकानों के बाहर रखा सामान दुकान के अंदर रखे माल से कई गुना ज्यादा होता है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जाली लगाकर बालकनी तक को पैक कर दिया गया है। ऐसे में आग लगने पर आम लोगों और दमकलकर्मियों को परेशानी होती है। उन्होंने नगर निगम की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए।
बिल्डिंग में रेस्टोरेंट को लेकर भी विवाद
जिस बिल्डिंग में आग लगी है, वहां दूसरी मंजिल पर रेस्टोरेंट संचालन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। व्यापारियों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि रेस्टोरेंट अवैध रूप से संचालित किया जा रहा है। उनका कहना है कि इसका पहले भी विरोध किया गया था।
व्यापारियों के अनुसार, मकर संक्रांति के दौरान भी इसी रेस्टोरेंट से जुड़ी जगह पर छत पर आग लगने की घटना हुई थी। इस संबंध में माणक चौक थाने में शिकायत दिए जाने की बात भी व्यापारियों ने कही है।
फायर एनओसी थी तो इंतजाम क्यों नहीं आए काम?
व्यापारियों का दावा है कि भवन निर्माता के पास फायर ब्रिगेड की एनओसी है। हालांकि, उनका आरोप है कि मौके पर आग बुझाने के लिए लगाए गए उपकरण सक्रिय हालत में नहीं थे। ऐसे में अब यह सवाल उठ रहा है कि एनओसी के बावजूद भवन में अग्निसुरक्षा के इंतजाम कितने प्रभावी थे।
माणक चौक थाना अधिकारी राकेश ख्यालिया ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट सामने आ रही है। उन्होंने बताया कि यहां ज्यादातर कपड़ों की दुकानें हैं और बरामदों में रखा कपड़े का सामान भी आग की चपेट में आया है। दुकान मालिकों के पास फायर एनओसी थी या नहीं, इसकी जांच की जाएगी।
ट्रैफिक डायवर्ट, मौके पर पुलिस-निगम की टीम
आग के चलते पुलिस ने घटनास्थल के आसपास बैरिकेडिंग कर ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया है। मौके पर नगर निगम और पुलिस प्रशासन की टीमें मौजूद हैं। फिलहाल दमकलकर्मी आग पर पूरी तरह काबू पाने में जुटे हैं।
Powered by Reporting Rajasthan Files
संबंधित ख़बरें

जोधपुर में आग बुझाने पहुंचे थे दमकलकर्मी, अचानक फटा केमिकल टैंक, कई झुलसे

सिद्धार्थनगर की नाबालिग के साथ जयपुर में सामूहिक दुष्कर्म, दिल्ली पुलिस ने किया वापस - molested of a minor in jaipur delhi police sent the case back

एम्स जोधपुर में डॉक्टर की मौत पर बवाल, शुरू होगा अनिश्चितकालीन हड़ताल


