होम›क्राइम›SIR Row : जयपुर में चली वॉटर कैनन, डटे रहे कांग्रेसी, वोट चोरी के मुद्दे पर रंधावा डोटासरा और जूली ने दी गिरफ्तारी
क्राइम

SIR Row : जयपुर में चली वॉटर कैनन, डटे रहे कांग्रेसी, वोट चोरी के मुद्दे पर रंधावा डोटासरा और जूली ने दी गिरफ्तारी

जयपुर: राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आज ‘वोट चोरी’ और चुनावी धांधली के गंभीर आरोपों को लेकर जयपुर में निर्वाचन आयोग के खिलाफ जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। शहीद स्मारक पर हुई विशाल सभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जब…

Navbharat Times के अनुसार28 सितंबर 2026 को 10:05 am बजे
SIR Row : जयपुर में चली वॉटर कैनन, डटे रहे कांग्रेसी, वोट चोरी के मुद्दे पर रंधावा डोटासरा और जूली ने दी गिरफ्तारी

सौजन्य से:- Navbharat Times

जयपुर: राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आज ‘वोट चोरी’ और चुनावी धांधली के गंभीर आरोपों को लेकर जयपुर में निर्वाचन आयोग के खिलाफ जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। शहीद स्मारक पर हुई विशाल सभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जब चुनाव आयोग कार्यालय की ओर कूच किया, तो पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई, जिसके बाद हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।

गहलोत बोले- देश में लोकतंत्र को खत्म करने का खतरनाक खेल

प्रदर्शन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र सरकार और आरएसएस पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि देश में लोकतंत्र को खत्म करने का खतरनाक खेल चल रहा है। उन्होंने परिसीमन में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कहा कि असम की तर्ज पर अन्य राज्यों में भी धांधली का प्रयास किया जा रहा है। गहलोत ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि यह देश और संविधान को बचाने के लिए ‘करो या मरो’ की लड़ाई है, इसलिए कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर सच उजागर करें।

डोटासरा बोले: 'लोकतंत्र लूटने वालों का पर्दाफाश करेगी कांग्रेस'

पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) पर धांधली के गंभीर आरोप लगाते हुए कड़े शब्दों में हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के रुख के बाद अब आयोग की तरफ से सफाइयां दी जा रही हैं। डोटासरा ने स्पष्ट किया कि यह विरोध-प्रदर्शन तो केवल एक शुरुआत है, कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता चुनाव आयोग में हुई गड़बड़ियों और बीजेपी की करतूतों को राज्य के जन-जन तक लेकर जाएगा।

रंधावा बोले- देश के लोकतंत्र के लिए गिरफ्तारी

प्रदर्शन के दौरान राजस्थान कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेताओं और कार्यकर्ताओं ने देश के लोकतांत्रिक ढांचे की रक्षा के लिए अपनी गिरफ्तारियां दी हैं। उन्होंने आगे कहा कि जब तक देश में पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया और लोकतांत्रिक मूल्यों की बहाली नहीं हो जाती, तब तक कांग्रेस का यह देशव्यापी आंदोलन जारी रहेगा।

गहलोत-डोटासरा और जूली समेत दिग्गज नेता हिरासत में

प्रदर्शन के अंतिम चरण में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए पूर्व सीएम अशोक गहलोत, प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली समेत दर्जनों वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। सभी नेताओं को पुलिस वैन में बैठाकर विद्याधर नगर थाने ले जाया गया, जिससे राजधानी जयपुर सहित पूरे प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में गरमाहट आ गई है।

Powered by Reporting Rajasthan Files

संबंधित ख़बरें