अचानक देर रात जयपुर कलेक्टर स्कूटी पर निकले; क्या वजह
अचानक देर रात जयपुर कलेक्टर स्कूटी पर निकले; क्या वजह संदेश नायक के लिए स्कूटी से शहर का निरीक्षण करना पहली बार नहीं है। इससे पहले भी वह स्कूटी पर निकलकर जयपुर की व्यवस्थाओं को करीब से देख चुके हैं। उनका यह तरीका प्रशासन…

सौजन्य से:- Hindustan
अचानक देर रात जयपुर कलेक्टर स्कूटी पर निकले; क्या वजह
संदेश नायक के लिए स्कूटी से शहर का निरीक्षण करना पहली बार नहीं है। इससे पहले भी वह स्कूटी पर निकलकर जयपुर की व्यवस्थाओं को करीब से देख चुके हैं। उनका यह तरीका प्रशासनिक अधिकारियों के पारंपरिक निरीक्षण से अलग माना जाता है।
जयपुर में मंगलवार देर रात अचानक प्रशासनिक हलचल बढ़ गई। जिला कलेक्टर संदेश नायक सरकारी गाड़ी छोड़कर स्कूटी पर सवार होकर शहर की सड़कों पर निकल पड़े। उनका यह दौरा किसी औपचारिक कार्यक्रम का हिस्सा नहीं था, बल्कि शहर की सफाई व्यवस्था का जमीनी जायजा लेने के लिए था। कलेक्टर को स्कूटी पर पीछे बैठा देख सड़क से गुजर रहे लोग भी चौंक गए।
कलेक्टर संदेश नायक ने देर रात परकोटे के अलग-अलग इलाकों में पहुंचकर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने देखा कि रात के समय सड़कों और बाजारों में सफाई की स्थिति कैसी है, नालियों की सफाई नियमित हो रही है या नहीं और खाने-पीने की दुकानों के आसपास जमा कचरे का समय पर निस्तारण किया जा रहा है या नहीं।
अजमेरी गेट से शुरू हुआ अचानक निरीक्षण
कलेक्टर का निरीक्षण अजमेरी गेट से शुरू हुआ। इस दौरान उनके साथ अतिरिक्त जिला कलेक्टर (पूर्व) नरेंद्र कुमार वर्मा भी मौजूद रहे। खास बात यह रही कि एडीएम वर्मा खुद स्कूटी चला रहे थे और कलेक्टर संदेश नायक पीछे बैठकर शहर का जायजा ले रहे थे।
स्कूटी से निरीक्षण का मकसद शहर की उन गलियों और इलाकों तक आसानी से पहुंचना भी रहा, जहां बड़े सरकारी वाहन के साथ निरीक्षण करना मुश्किल होता है। कलेक्टर ने परकोटे की सड़कों पर चलते हुए मौके पर सफाई व्यवस्था देखी और अधिकारियों से जरूरी जानकारी ली।
नालियों से लेकर दुकानों के आसपास के कचरे तक की पड़ताल
देर रात के निरीक्षण में कलेक्टर ने नालियों की सफाई की स्थिति की जानकारी ली। इसके साथ ही रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था के लिए तय बीट और कर्मचारियों की स्थिति के बारे में भी अधिकारियों से पूछा।
खाने-पीने की दुकानों और बाजार क्षेत्रों के आसपास जमा होने वाले कचरे के निस्तारण को लेकर भी उन्होंने जानकारी ली। कलेक्टर ने अधिकारियों को सफाई व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने और शहर में नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए।
निकाय चुनाव की तैयारियों का भी लिया अपडेट
सफाई व्यवस्था के निरीक्षण के साथ कलेक्टर ने निकाय चुनाव से जुड़ी तैयारियों की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से चुनाव के दौरान लागू आचार संहिता और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर अपडेट लिया।
कलेक्टर ने साफ-सफाई के साथ चुनावी तैयारियों को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए, ताकि चुनाव प्रक्रिया के दौरान शहर में व्यवस्थाएं सुचारू बनी रहें।
पहले भी स्कूटी से शहर का जायजा ले चुके हैं कलेक्टर
संदेश नायक के लिए स्कूटी से शहर का निरीक्षण करना पहली बार नहीं है। इससे पहले भी वह स्कूटी पर निकलकर जयपुर की व्यवस्थाओं को करीब से देख चुके हैं। उनका यह तरीका प्रशासनिक अधिकारियों के पारंपरिक निरीक्षण से अलग माना जाता है।
संदेश नायक लंबे समय तक मुख्यमंत्री के सचिव की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इसके बाद उन्हें जयपुर जिला कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई।
मंगलवार देर रात के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त स्वास्थ्य ओम थानवी और उपायुक्त राजस्व नवीन भारद्वाज भी मौजूद रहे। कलेक्टर के अचानक सड़क पर उतरकर सफाई व्यवस्था देखने को प्रशासन की जमीनी निगरानी और शहर की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर गंभीरता से जोड़कर देखा जा रहा है।
दरअसल, जयपुर जैसे पर्यटन और चुनावी गतिविधियों वाले शहर में रात की सफाई व्यवस्था भी उतनी ही महत्वपूर्ण है, जितनी दिन के समय की। ऐसे में कलेक्टर का देर रात स्कूटी पर निकलकर खुद व्यवस्थाएं देखना अधिकारियों और सफाई व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों के लिए भी सीधा संदेश माना जा रहा है कि व्यवस्था सिर्फ कागजों में नहीं, बल्कि जमीन पर भी दुरुस्त रहनी चाहिए।
Powered by Reporting Rajasthan Files
संबंधित ख़बरें

बीकानेर में भाजपा,सीकर में कांग्रेस ने एक-एक सीट निर्विरोध जीती: निकाय चुनाव में अब तक 19 पार्षद निर्विरोध जीते; कोटपूतली-बहरोड़ में भाजपा प्रत्याशी लापता - Rajasthan News

जयपुर निकाय चुनाव में दिखा बीजेपी का 'मुस्लिम प्रेम', पता है कितने टिकट बांटे?

राजस्थान निकाय चुनाव: डूंगरपुर में EVM का पहला रेंडमाइजेशन कंपलीट


