राजस्थान के जिस जर्जर स्कूल में हुआ था आशुतोष रांका और टीम पर हमला, प्रशासन ने उसे ढहाया; क्या बोली CJP
राजस्थान के जिस जर्जर स्कूल में हुआ था आशुतोष रांका और टीम पर हमला, प्रशासन ने उसे ढहाया; क्या बोली CJP इलाके में रहने वाले एक शख्स ने सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि असुरक्षित ढांचे को गिराना और नई इमारत का निर…

सौजन्य से:- Hindustan
राजस्थान के जिस जर्जर स्कूल में हुआ था आशुतोष रांका और टीम पर हमला, प्रशासन ने उसे ढहाया; क्या बोली CJP
इलाके में रहने वाले एक शख्स ने सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि असुरक्षित ढांचे को गिराना और नई इमारत का निर्माण सकारात्मक कदम है। आगे उन्होंने कहा, 'स्कूल को लेकर हाल की घटनाएं और हंगामा अनावश्यक था।
राजस्थान में जयपुर के रामपुरा कंवरपुरा गांव में स्थित एक जर्जर सरकारी स्कूल को बुधवार को प्रशासन ने ढहा दिया। यह वही स्कूल है, जिसकी हालत दिखाने के लिए कुछ दिन पहले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रतिनिधि 'स्कूल ठीक करो' अभियान के तहत गांव में पहुंचे थे, और यहीं पर उन पर हमला भी हो गया था। इस दौरान कुछ लोगों ने CJP के सह संयोजक आशुतोष रांका के नेतृत्व में पहुंची टीम के साथ मारपीट की थी। वहीं CJP की यह मुहिम अब रंग ले आई है और प्रशासन ने स्कूल का नया भवन बनाने के लिए जीर्ण-शीर्ण हो चुकी पुरानी इमारत को ढहा दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अब इस जगह पर 18 लाख रुपए की लागत से एक नई इमारत बनाई जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई पर CJP के सह-संयोजक रांका ने प्रतिक्रिया दी है और कहा है कि अगर बच्चों के लिए एक अच्छा स्कूल बन जाएगा तो सब सार्थक हो जाएगा।
21 अगस्त को दौरे पर पहुंचे CJP नेता आशुतोष रांका ने इस स्कूल के गाय-भैंसों के तबेले में चलने का आरोप लगाया था। वहीं बुधवार को स्कूल की इमारत को गिराने का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए रांका ने लिखा, 'यह रामपुरा का वही स्कूल है जो भैंसों के तबेले में चल रहा था। वहां अब काम शुरू हो गया है। निरीक्षण के दौरान हम पर पत्थर फेंके गए, महिलाओं से मारपीट हुई, गाड़ियों के कांच तोड़े गए। लेकिन जब हमारे बच्चों के लिए एक अच्छा स्कूल बन जाएगा, तो सब worth it (सार्थक) होगा।'
CJP बोली- ये हमारे अभियान का असर
उधर इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए कॉकरोच पार्टी ने लिखा, 'CJP का असर। कुछ दिन पहले, हमारी टीम जब इसी स्कूल का निरीक्षण करने के लिए जा रही थी, तो उस पर हमला हुआ था, यह स्कूल एक टूटे-फूटे शेड के नीचे चल रहा था। सभी को बधाई, अब इस स्कूल का पुनर्निर्माण हो रहा है।'
सालभर पहले स्कूल को घोषित किया था असुरक्षित
बगरू विधानसभा क्षेत्र में स्थित सरकारी प्राथमिक स्कूल को सितंबर 2025 में असुरक्षित घोषित कर दिया गया था और उसके बाद उसका इस्तेमाल बंद कर दिया गया। तब से इसमें पढ़ रहे 18 छात्रों के लिए स्थानीय नागरिकों ने दो कमरों और एक टिन शेड की व्यवस्था की थी और तब से यह स्कूल वहीं पर चल रहा था। इस अस्थायी सुविधा के पास भैंसें भी बांधी जाती हैं।
स्थानीय लोगों ने किया फैसले का स्वागत
इलाके के रहने वाले लालचंद शर्मा ने सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि असुरक्षित ढांचे को गिराना और नई इमारत का निर्माण सकारात्मक कदम है। आगे उन्होंने कहा, 'स्कूल को लेकर हाल की घटनाएं और हंगामा अनावश्यक था। स्कूल शिक्षा के मंदिर होते हैं और उनका राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए।' उन्होंने कहा कि ग्रामीण इस फैसले से खुश हैं और निर्माण कार्य के दौरान हर संभव सहयोग देंगे।
रांका के दौरे के बाद सरकार ने जारी किया फंड
CJP कार्यकर्ताओं ने 21 अगस्त को स्कूल का दौरा किया था और वहां मौजूद लोगों के एक समूह ने उन पर हमला किया था। इस घटना के बाद राज्य सरकार की आलोचना हुई थी। दो दिन बाद, 23 अगस्त को राजस्थान सरकार ने स्कूल की नई इमारत के निर्माण के लिए फंड की घोषणा की। सरकारी आदेश के अनुसार, 13 अगस्त को डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट से 12 लाख रुपए मंजूर किए गए थे, जबकि MLA फंड से 6 लाख रुपए और मंजूर किए गए, जिससे कुल आवंटन 18 लाख रुपए हो गया।
CJP नेता ने भाजपा को ठहराया था हमले का जिम्मेदार
बता दें कि 21 अगस्त को CJP की टीम जब आशुतोष रांका के नेतृत्व में रामपुरा-कंवरपुरा गांव में बने इस खस्ताहाल स्कूल का निरीक्षण करने पहुंची थी, तो इस दौरान रांका समेत सीजेपी के तमाम कार्यकर्ताओं को कुछ लोगों ने घेर लिया था और धक्का-मुक्की के बाद मारपीट शुरू कर दी थी। भीड़ से बचकर भागने की कोशिश करते हुए रांका को कुछ लोगों ने पीछे से दबोच लिया था और उनके सिर पर घूंसे से कई वार भी किए था। CJP नेता रांका ने इस हमले के लिए भाजपा को जम्मेदार ठहराया था और कहा कि भाजपा चाहती है कि हमारे बच्चे अनपढ़ रह जाएं और गुंडे बन जाएं।
Powered by Reporting Rajasthan Files
संबंधित ख़बरें

फर्जी आईटीसी-टैक्स चोरी: जोधपुर व बाड़मेर में सर्वे और सर्च की कार्रवाई - Jodhpur News

राजस्थान मे 30 सितंबर तक सभी पर्यटन स्थलों का होगा सुरक्षा ऑडिट

स्कूल मरम्मत के 12000 करोड़ के बजट पर अशोक गहलोत का बड़ा दावा, कहा– 4000 करोड़ भी खर्च नहीं कर पाएगी सरकार


