होमकृषिआज संभलकर! राजस्थान के 29 जिलों के लिए मौसम विभाग का अलर्ट
कृषि

आज संभलकर! राजस्थान के 29 जिलों के लिए मौसम विभाग का अलर्ट

आज संभलकर! राजस्थान के 29 जिलों के लिए मौसम विभाग का अलर्ट मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश के 29 जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट है। अगले दो से तीन दिन राजस्थान के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई…

Hindustan के अनुसार13 सितंबर 2026 को 05:04 am बजे
आज संभलकर! राजस्थान के 29 जिलों के लिए मौसम विभाग का अलर्ट

सौजन्य से:- Hindustan

आज संभलकर! राजस्थान के 29 जिलों के लिए मौसम विभाग का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश के 29 जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट है। अगले दो से तीन दिन राजस्थान के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। खासतौर पर दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में मानसून की गतिविधियां 16 सितंबर तक जारी रह सकती हैं।

राजस्थान में मानसून की सुस्ती के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी और मध्य हिस्सों में बारिश का दौर शुरू होने के साथ आज 29 जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। शनिवार को जयपुर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। उदयपुर संभाग में सबसे ज्यादा पानी बरसा, जबकि लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे जोधपुर शहर में करीब एक महीने बाद आसमान से बूंदें गिरीं। दूसरी ओर पश्चिमी राजस्थान में मौसम का मिजाज बिल्कुल उलट है। यहां पश्चिमी हवाएं तेज होने से गर्मी बढ़ रही है और जैसलमेर-बाड़मेर में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया।

29 जिलों में आज बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश के 29 जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट है। अगले दो से तीन दिन राजस्थान के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। खासतौर पर दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में मानसून की गतिविधियां 16 सितंबर तक जारी रह सकती हैं। ऐसे में जिन इलाकों में पिछले कुछ दिनों से उमस और गर्मी परेशान कर रही थी, वहां मौसम में राहत मिलने की उम्मीद है।

उदयपुर संभाग में झमाझम, कई जिलों में एक इंच तक पानी

पिछले 24 घंटे में उदयपुर संभाग में बारिश का असर सबसे ज्यादा रहा। कई इलाकों में करीब दो इंच तक पानी बरसा। चित्तौड़गढ़ के निम्बाहेड़ा में 46 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जो प्रदेश में इस अवधि की सबसे ज्यादा बारिश रही। बांसवाड़ा, झालावाड़, प्रतापगढ़, उदयपुर, जयपुर, राजसमंद, सीकर, नागौर, पाली, कोटा, डूंगरपुर, बूंदी, भीलवाड़ा, बारां और अजमेर समेत कई जिलों में भी एक इंच तक बारिश दर्ज की गई।

एक महीने बाद जोधपुर में बरसे बादल

पश्चिमी राजस्थान में अगस्त और सितंबर की शुरुआत में बारिश काफी कम रही है। कई इलाकों में सूखे जैसे हालात बने हुए हैं। ऐसे में शनिवार शाम जोधपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों में हुई हल्की बारिश ने लोगों को राहत दी। यहां करीब एक महीने बाद बारिश हुई। मानसून के दोबारा एक्टिव होने के बाद पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी बारिश की उम्मीद जगी है, हालांकि यहां बारिश की स्थिति दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के मुकाबले कमजोर रहने की संभावना है।

बंगाल की खाड़ी से उठे सिस्टम का राजस्थान पर असर

मौसम विभाग के मुताबिक मानसून ट्रफ जैसलमेर, कोटा, राजगढ़ और बैतूल से होते हुए लो-प्रेशर सिस्टम के जरिए दक्षिणी छत्तीसगढ़, गोपालपुर होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। लो-प्रेशर सिस्टम दक्षिणी छत्तीसगढ़ और उसके आसपास सक्रिय है और पश्चिमी तथा उत्तर-पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसी सिस्टम के प्रभाव से राजस्थान में अगले दो-तीन दिन बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

प्रदेश में सामान्य से 26% कम बारिश

राजस्थान में इस मानसून सीजन में अब तक बारिश की कमी बनी हुई है। 1 जून से अब तक प्रदेश में सामान्य तौर पर 410.1 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन इस सीजन में अब तक औसतन 304.9 मिलीमीटर बारिश ही हुई है। यानी प्रदेश में सामान्य से 26 फीसदी कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। यही वजह है कि कई जिलों में मानसून के बावजूद बारिश का इंतजार बना हुआ है।

यहां बारिश नहीं, गर्मी ने बढ़ाई टेंशन

एक तरफ प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का अलर्ट है, तो दूसरी तरफ पश्चिमी राजस्थान में गर्मी फिर से सिर उठाने लगी है। जोधपुर और बीकानेर संभाग के इलाकों में पश्चिमी हवाएं मजबूत होने से तापमान बढ़ रहा है। शनिवार को जैसलमेर में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री और बाड़मेर में 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यानी प्रदेश में एक ही समय पर कहीं बारिश का अलर्ट है तो कहीं पारा 40 के पार पहुंच गया है।

अगले हफ्ते से मानसून की विदाई के संकेत

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में बारिश का दौर 16 सितंबर तक जारी रह सकता है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में अगले सप्ताह के आखिरी से मानसून की विदाई का चरण शुरू होने की संभावना है। ऐसे में आने वाले कुछ दिन राजस्थान के मौसम के लिहाज से अहम रहने वाले हैं। एक तरफ बारिश की आखिरी गतिविधियां जोर पकड़ सकती हैं, वहीं पश्चिमी जिलों में गर्मी बढ़ने के साथ मानसून की विदाई के संकेत भी दिखाई देने लगे हैं।

Powered by Reporting Rajasthan Files

संबंधित ख़बरें