राजस्थान में विद्या संबल योजना के तहत 76,791 गेस्ट‑फैकल्टी पदों की भर्ती, बिना परीक्षा के मेरिट के आधार पर चयन
राजस्थान सरकार ने विद्या संबल योजना 2026 के तहत स्कूलों व कॉलेजों में 76,791 गेस्ट‑फैकल्टी पदों की बंपर भर्ती शुरू की है। इच्छुक उम्मीदवारों को आवेदन फॉर्म डाउनलोड कर प्रिंटआउट लेकर व्यक्तिगत रूप से जमा करना होगा और चयन लिखित परीक्षा के बिना शैक्षणिक योग्यता एवं अंक‑आधारित मेरिट लिस्ट से किया जाएगा। चयनित शिक्षकों को घंटे के हिसाब से वेतन मिलेगा, जिसकी अधिकतम सीमा पद के अनुसार तय है।

सौजन्य से:- Hindustan
Vidya Sambal Yojana: राजस्थान में गेस्ट फैकल्टी के 76791 पदों पर निकली भर्ती, बिना परीक्षा होगा चयन
Guest Faculty Recruitment 2026: राजस्थान सरकार की विद्या संबल योजना 2026 के तहत स्कूलों व कॉलेजों में 76,791 पदों पर गेस्ट फैकल्टी की भर्ती हो रही है। अभ्यर्थी संबंधित संस्थान में ऑफलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं।
Rajasthan Vidya Sambal Yojana 2026: राजस्थान में सरकारी नौकरियों और टीचिं के क्षेत्र में करियर बनाने की सोच रहे युवाओं के लिए एक राहत भरी और बड़ी खबर सामने आई है। राज्य के सरकारी विद्यालयों, महाविद्यालयों, आवासीय विद्यालयों और छात्रावासों में खाली पड़े पदों को भरने और छात्रों की पढ़ाई को सुचारु रूप से चलाने के लिए राजस्थान सरकार ने विद्या संबल योजना के तहत बंपर भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। सत्र 2026-27 के दौरान इस योजना के माध्यम से लगभग 76,791 पदों पर विषय विशेषज्ञों और अनुभवी अभ्यर्थियों को गेस्ट फैकल्टी के रूप में नियुक्त किया जाएगा।
आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह ऑफलाइन
इस भर्ती के लिए अभ्यर्थियों को किसी भी तरह का ऑनलाइन फॉर्म नहीं भरना है। इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट या संबंधित संस्थान से आवेदन फॉर्म डाउनलोड करके उसका प्रिंटआउट निकाल सकते हैं। फॉर्म को पूरी तरह भरकर अपने सभी आवश्यक डॉक्यूमेंट और प्रमाण पत्रों की फोटोकॉपी के साथ अभ्यर्थी को संबंधित स्कूल, कॉलेज या नोडल संस्थान में व्यक्तिगत रूप से जाकर जमा करना होगा। आवेदन की अंतिम तिथि विभिन्न जिलों और संस्थानों के अनुसार अलग-अलग निर्धारित की गई है।
कोई परीक्षा नहीं, मेरिट के आधार पर होगा चयन
विद्या संबल योजना की सबसे खास बात यह है कि इसमें चयन के लिए कोई लिखित परीक्षा नहीं ली जाएगी। अभ्यर्थियों का चयन उनकी न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता तथा शैक्षणिक योग्यता के अंकों के आधार पर तैयार की गई मेरिट लिस्ट से होगा। मेरिट लिस्ट में अभ्यर्थियों का चयन जिला स्तर पर गठित चयन समिति द्वारा किया जाएगा, जिसके बाद ही अभ्यर्थियों को आमंत्रित किया जाएगा।
पदानुसार प्रति घंटा सैलरी
चयनित गेस्ट फैकल्टी को प्रति घंटे के हिसाब से सैलरी दी जाएगी-
अध्यापक ग्रेड-III / अनुदेशक / प्रयोगशाला सहायक: 300 रुपये प्रति घंटा (अधिकतम 21,000 रुपये प्रति माह)
वरिष्ठ अध्यापक (ग्रेड-II): 350 रुपये प्रति घंटा (अधिकतम 25,000 रुपये प्रति माह)
व्याख्याता (ग्रेड-I): 400 रुपये प्रति घंटा (अधिकतम 30,000 रुपये प्रति माह)
सहायक आचार्य: 800 रुपये प्रति घंटा (अधिकतम 45,000 रुपये प्रति माह)
एसोसिएट प्रोफेसर: 1,000 रुपये प्रति घंटा (अधिकतम 52,000 रुपये प्रति माह)
प्रोफेसर: 1,200 रुपये प्रति घंटा (अधिकतम 60,000 रुपये प्रति माह)
योग्यता और मुख्य शर्तें
इस योजना के तहत पद के अनुसार संबंधित विषय में स्नातक, स्नातकोत्तर, बी.एड., रीट (REET), नेट (NET) या पीएच.डी. धारक अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। रिटायर्ड सरकारी शिक्षक भी अधिकतम 65 वर्ष की आयु तक इसके लिए पात्र हैं।
ध्यान रखें कि यह व्यवस्था पूरी तरह अस्थाई है और नियमित शिक्षक के पदस्थापन होने तक ही प्रभावी रहेगी। अभ्यर्थी समय रहते अपने जिले के संस्थानों में रिक्तियों की जांच कर आवेदन फॉर्म जमा करा दें।
Powered by Reporting Rajasthan Files
संबंधित ख़बरें

Rajasthan Board Exams 2027: When Will RBSE Release the Date Sheet? Check Last 5 Years’ Trends

राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस ने 41 जिलों में पर्यवेक्षक लगाए; वैभव गहलोत को अलवर की जिम्मेदारी

कोटा RTU में खतरे में रहते 2 हजार स्टूडेंट: डेढ़ किमी जंगली रास्ते से पैदल गुजरते; आए दिन दिखते सांप-गोह; 5 घंटे ही खुलती डिस्पेंसरी - Kota News


