राजस्थान के सीएम भजनलाल का संकल्प: युवाओं के हर सपने को पूरा करेंगे
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बैठक में कहा कि डबल इंजन सरकार युवाओं के सपनों को पूरा करने में उनके साथ है, शिक्षा से लेकर खेल, रोजगार से लेकर स्वरोजगार तक के हर क्षेत्र में मदद कर रही है।

सौजन्य से:- Patrika News
Rajasthan: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा। फोटो @BhajanlalBjp
Rajasthan: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा से लेकर खेल, रोजगार से लेकर स्वरोजगार तक युवाओं के हर सपने को पूरा करने में उनके साथ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार पेपरलीक पर प्रभावी रोक, रिकॉर्ड सरकारी भर्तियों, स्टार्टअप्स को प्रोत्साहन तथा कौशल विकास के माध्यम से युवाओं का उज्ज्वल भविष्य बनाने में सहयोगी बन रही है। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित ‘सपनों की उड़ान’ कार्यक्रम में युवाओं से संवाद किया।
उन्होंने कहा कि विचारशील, अनुशासित एवं संस्कारवान युवा विकसित भारत-विकसित राजस्थान के आधार हैं। युवा नए विचार और नई ऊर्जा से भरपूर होते हैं। हमारी सरकार युवाओं से संवाद कर बजट में उनके बहुमूल्य सुझावों को शामिल करती है। राज्य सरकार युवाओं के सुझावों पर विचार कर आगामी योजनाएं तैयार कर रही है।
राजस्थान के सीएम भजनलाल ने कहा कि माता-पिता बच्चों के सबसे पहले गुरु होते हैं, युवा उनसे सीख लेकर लगन, मेहनत, अनुशासन, संस्कारों को आत्मसात करें और आत्मविश्वास के साथ उनके सपनों को साकार करें। उन्होंने कहा कि युवाओं का सामर्थ्य असीमित है। हमारा प्रयास है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सोच के अनुरूप हमारे प्रदेश का युवा विकास में अपना योगदान दे। हर युवा को सम्मान मिले और उसे अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिले।
सीएम भजनलाल ने कहा कि राज्य सरकार ने विगत ढाई वर्षों में 1 लाख 78 हजार से अधिक युवाओं के सरकारी नौकरी के सपने को साकार किया है। करीब 51 हजार पदों पर भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं तथा 80 हजार से अधिक पदों की भर्ती कलैण्डर में शामिल है। साथ ही, 70 हजार नए पदों पर भर्ती की तैयारी की जा रही है। वहीं, निजी क्षेत्र में भी साढ़े चार लाख रोजगार दिए गए हैं।
सीएम भजनलाल ने कहा कि राज्य सरकार ने पेपरलीक के दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की है, कानून को और सख्त बनाया गया है और भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी एवं सुरक्षित बनाया जा रहा है। पेपरलीक के अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने के लिए एसआईटी का गठन कर पेपरलीक और अन्य अनियमितताओं के मामलों में 569 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सरकार ने अब तक 410 परीक्षाएं बिना किसी पेपरलीक आयोजित की है।
सीएम भजनलाल ने कहा कि राजस्थान का युवा केवल नौकरी लेने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बने। राजस्थान स्टार्टअप कार्यक्रम के तहत अब तक 4 हजार 623 स्टार्टअप्स पंजीकृत हुए हैं तथा 1 हजार 62 स्टार्टअप्स को आई-स्टार्ट फंड से 34 करोड़ रुपए की फंडिग प्रदान की गई। साथ ही, राज्य कौशल नीति-2025 और युवा नीति भी जारी की गई है।
सीएम भजनलाल ने कहा कि अपने प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों के दम पर राजस्थान अब खेलों में नई पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में राजस्थान टारगेट ऑलम्पिक पोडियम योजना लागू की गई, खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स आयोजित किए गए। 17 नवीन खेलो इंडिया केंद्र प्रारंभ किए जा रहे हैं। साथ ही, 41 जिला मुख्यालयों पर आवासीय खेल अकादमियां भी प्रारंभ की गई हैं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने शिक्षा, खेल, स्टार्टअप, माय भारत वाॅलेन्टियर्स और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के साथ संवाद किया। उन्होंने अभिभावक की तरह बच्चों की उपलब्धियों, सफलताओं और भविष्य की योजनाओं के बारे में उनसे जानकारी ली। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सपनों की उड़ान लोगो डिजाइन प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
Updated on:
28 Jul 2026 04:37 pm
Published on:
28 Jul 2026 04:34 pm
Hindi News / Rajasthan / Jaipur / Rajasthan: Gen Z से सीएम भजनलाल का वादा, युवाओं के हर सपने को पूरा करेगी डबल इंजन सरकार
Powered by Reporting Rajasthan Files
संबंधित ख़बरें

राजस्थान पुलिस पर छात्रों का आरोप, 'अगवा' की चेतावनी

कोटा के एक गांव में घुसा मगरमच्छ तो समाजसेवी, हयात खान ने कंधे पर उठा कर किया रेस्क्यू

मकान का सेटबैक छोड़ने के विवाद में बुजुर्ग की हत्या: उदयपुर में पड़ोसी ने दो लोगों के साथ मिलकर जमकर पीटा; आरोपी मौके से फरार - Udaipur News


