राजस्थान के राजसमंद में गणेश विसर्जन से लौट रहे ग्रामीणों की पलटी ट्रॉली; 4 की मौत, 14 घायल
राजस्थान के राजसमंद में गणेश विसर्जन से लौट रहे ग्रामीणों की पलटी ट्रॉली; 4 की मौत, 14 घायल हादसे में हरीश लोहार (12) पुत्र राजकुमार, ललित (21) पुत्र भंवर सिंह, पुष्पा कंवर (45) पत्नी शंभू सिंह निवासी तकडिया का गुड़ा पाख…

सौजन्य से:- Hindustan
राजस्थान के राजसमंद में गणेश विसर्जन से लौट रहे ग्रामीणों की पलटी ट्रॉली; 4 की मौत, 14 घायल
हादसे में हरीश लोहार (12) पुत्र राजकुमार, ललित (21) पुत्र भंवर सिंह, पुष्पा कंवर (45) पत्नी शंभू सिंह निवासी तकडिया का गुड़ा पाखंड और शंकर सिंह (60) पुत्र जोत सिंह निवासी तुरकिया खेड़ा की मौत हो गई।
राजस्थान के राजसमंद जिले में गणेश विसर्जन के बाद गांव लौट रहे लोगों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे के बाद ट्रॉली में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। करीब 15 से 20 लोग ट्रॉली के नीचे दब गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव शुरू किया और जेसीबी की मदद से दबे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हुए हैं।
मोड़ पर बेकाबू हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली
हादसा गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे रेलमगरा थाना क्षेत्र के तुरकिया खेड़ा गांव में हुआ। पुलिस के अनुसार, 11 दिवसीय गणेश उत्सव के समापन पर गांव से शोभायात्रा निकाली गई थी। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवार होकर गणेश प्रतिमा का विसर्जन करने सांसेरा स्थित जलदेवी तालाब गए थे।
विसर्जन के बाद सभी लोग वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान कालका माता रोड पर बोर का बावजी के पास सड़क पर अचानक मोड़ आया। एक ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज रफ्तार में होने के कारण अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे उतरकर खेत में पलट गई।
पलभर में मची चीख-पुकार, ट्रॉली के नीचे दबे लोग
ट्रॉली के पलटते ही उसमें सवार लोग नीचे गिर गए। कई लोग ट्रॉली के नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। लोगों की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी और राहत-बचाव का काम शुरू किया।
ट्रॉली को हटाने के लिए जेसीबी बुलाई गई। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल रेलमगरा अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत वाले घायलों को राजसमंद के आरके हॉस्पिटल रेफर किया गया।
हादसे में 4 लोगों की मौत
हादसे में हरीश लोहार (12) पुत्र राजकुमार, ललित (21) पुत्र भंवर सिंह, पुष्पा कंवर (45) पत्नी शंभू सिंह निवासी तकडिया का गुड़ा पाखंड और शंकर सिंह (60) पुत्र जोत सिंह निवासी तुरकिया खेड़ा की मौत हो गई।
एक ही हादसे में चार लोगों की मौत की खबर से गांव में मातम पसर गया। गणेश उत्सव की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं।
14 लोग घायल, दो की हालत गंभीर
हादसे में नारायणी (45), सरिता (40), आशा कंवर (19), सूरज कंवर (40), सीमा गाडरी (27), सीमा अहीर (38), भागु देवी लोहार (50), अनीता कंवर, अर्जुन लाल खटीक, कृष्णा कंवर, प्रियंका, लीला और विशाल समेत 14 लोग घायल हुए हैं।
आरके हॉस्पिटल में भर्ती अनीता कंवर और ट्रैक्टर ड्राइवर अर्जुन की हालत गंभीर बताई गई। दोनों को बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर किया गया है। वहीं घायल आशा कंवर को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
कलेक्टर और एसपी अस्पताल पहुंचे
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन में भी हड़कंप मच गया। जिला कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा और एसपी हेमंत कलाल अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
शाम को था सामूहिक भोज, रिश्तेदार भी पहुंचे थे
गांव में गणेश उत्सव के समापन के मौके पर शाम को सामूहिक भोज का आयोजन रखा गया था। इसमें गांव के लोगों के साथ रिश्तेदारों को भी बुलाया गया था। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए तकडिया का गुड़ा गांव से अपनी बहू के पीहर पहुंची पुष्पा कंवर भी गणेश विसर्जन के लिए गई थीं। लेकिन वापस लौटते समय हुए हादसे में उनकी भी मौत हो गई।
Powered by Reporting Rajasthan Files
संबंधित ख़बरें

जोधपुर हैंडिक्राफ्ट फैक्ट्री अग्निकांड में झुलसे छह दमकलकर्मी लाए गए जयपुर, ग्रीन कॉरिडोर बनाकर पहुंचाया SMS अस्पताल

राजस्थान के भीलवाड़ा में सड़क हादसा, डॉक्टर दंपती समेत चार की मौत - rajasthan doctor couple 2 kids die in tragic road accident

गहलोत बोले- निकाय चुनाव में हुआ पुलिस का इस्तेमाल, राजस्थान में दिखा 'बंगाल पैटर्न'


