राजस्थान पुलिस का विशेष अभियान: हार्डकोर अपराधियों पर सख्त कार्रवाई
राजस्थान पुलिस ने 1,715 हार्डकोर अपराधियों के विरुद्ध 529 प्रभावी कार्रवाई की, 744 अपराधियों को गिरफ्तार किया। इस अभियान में नशा तस्करी, साइबर अपराध, अवैध हथियार, अवैध खनन पर भी कार्रवाई की गई।

सौजन्य से:- ETV Bharat
प्रदेश में पुलिस का एक्शन, 1,715 हार्डकोर अपराधियों पर कसा शिकंजा, 3.50 लाख वाहनों पर भी कार्रवाई
डीजीपी बोले-पुलिस का यह महा-अभियान 20 अगस्त तक इसी कड़ाई से जारी रहेगा.
Published : July 28, 2026 at 8:21 PM IST
जयपुरः राजस्थान पुलिस 20 जुलाई से 20 अगस्त तक प्रदेश में एक महीने का विशेष अभियान चला रही है. डीजीपी राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में चल रहे इस अभियान का उद्देश्य प्रदेश में सुदृढ़ कानून-व्यवस्था स्थापित करना, हार्डकोर एवं वांछित अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई, नशा तस्करी, साइबर अपराध, अवैध हथियार, अवैध खनन तथा अन्य संगठित अपराधों पर निर्णायक अंकुश लगाना है. अभियान के पहले सात दिन में पुलिस ने विभिन्न मोर्चों पर सफलता हासिल करते हुए अपराधियों के विरुद्ध व्यापक कार्रवाई की है.
डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान पिछले सप्ताह भर में पुलिस टीमों ने दबिश देकर चिह्नित 1,715 हार्डकोर अपराधियों के विरुद्ध 529 प्रभावी कानूनी व निरोधात्मक कार्रवाई की. इस कार्रवाई में 744 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. जोधपुर रेंज ने सबसे ज्यादा 331 अपराधियों को गिरफ्तार किया. वहीं, उदयपुर रेंज ने 100 अपराधियों को और बीकानेर रेंज ने 67 अपराधियों को गिरफ्तार किया. अजमेर रेंज और जयपुर कमिश्नरेट में 60-60 अपराधियों को गिरफ्तार किया.
पढ़ेंः जयपुर रेंज के आठ जिलों में तड़के 4 बजे बदमाशों के ठिकानों पर दबिश, 803 बदमाश गिरफ्तार
नशे की तस्करी पर भी किया प्रहारः मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए गए अभियान में पुलिस ने 339 एनडीपीएस प्रकरण दर्ज कर 477 आरोपियों को गिरफ्तार किया. नशा तस्करों के खिलाफ सबसे घातक प्रहार बीकानेर रेंज में देखने को मिला. जहां सर्वाधिक 83 प्रकरण दर्ज कर 110 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा गया. इसके अलावा जयपुर आयुक्तालय में 48, कोटा रेंज में 41 व जयपुर रेंज में 34 एनडीपीएस प्रकरण दर्ज किए गए.
साइबर अपराधियों पर शिकंजाः साइबर फ्रॉड के खिलाफ चलाए गए अभियान में पुलिस ने 1245 साइबर अपराधियों पर कार्रवाई करते हुए 258 आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस टीमों ने अपराधियों के पास से 2 करोड़ 45 लाख 77 हजार 652 रुपए की राशि बरामद की, जबकि 86 लाख 83 हजार 843 रुपए पीड़ितों को वापस दिलाए. इस मामले में जयपुर आयुक्तालय ने 68 लाख से अधिक तथा जयपुर रेंज ने 58 लाख से अधिक की राशि बरामद की.
अवैध हथियार और अवैध खनन पर भी एक्शनः पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत 132 प्रकरण दर्ज किए. जिनमें भरतपुर रेंज (42), जयपुर रेंज (21) और बीकानेर रेंज (19) प्रमुख रहे. अवैध खनन के खिलाफ पूरे प्रदेश में 260 प्रकरणों में कार्रवाई की गई. इसमें अजमेर रेंज में 73 तथा जयपुर रेंज में 53 मामले दर्ज हुए. शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 3,337 मामलों में 170 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई.
पढ़ेंः जयपुर रेंज में एरिया डोमिनेशन: पुलिस की 469 टीमों ने 3045 स्थानों पर दी दबिश, 1098 बदमाश गिरफ्तार
86 हजार से अधिक वाहनों पर एमवी एक्ट में कार्रवाईः प्रदेशभर में 9,683 प्रभावी नाकाबंदी पॉइंट बनाकर 2 लाख 90 हजार 201 वाहनों की सघन जांच की गई. इस दौरान यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कुल 86,793 वाहनों पर मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) के तहत कार्रवाई की गई. बिना हेलमेट पाए जाने पर 20,587 वाहन चालकों, बिना सीट बेल्ट पाए जाने पर 5,275 वाहन चालक, शराब पीकर वाहन चलाने वाले 4,587 चालकों पर एक्शन हुआ.
काली फिल्म लगे 7,182 वाहन के खिलाफ कार्रवाई की गई. यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए 2 लाख 66 हजार 600 वाहन चालकों के विरूद्ध कार्रवाई की. इसमें तेज गति से वाहन चलाने पर 39,199 कार्रवाई, शराब पीकर वाहन चलाने पर 5622, बिना हेलमेट 46906, ओवरलोड वाहन 80734 और अन्य 94139 कार्रवाई की गई है.
महिला सुरक्षा के लिए जागरूकता अभियानः अभियान के तहत महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 3199 जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं. इसके साथ ही आमजन में सुरक्षा का भाव मजबूत करने और पुलिस-पब्लिक संवाद बढ़ाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में 3199 जागरूकता अभियान संचालित कर 551 कम्युनिटी लाइजन ग्रुप (सीएलजी) बैठकों का आयोजन किया गया. डीजीपी राजीव कुमार शर्मा का कहना है कि राजस्थान पुलिस प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने, संगठित अपराध, नशा तस्करी, साइबर ठगी और महिला अपराधों पर पूर्णतः अंकुश लगाने के लिए संकल्पबद्ध है. मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर पुलिस का यह महा-अभियान 20 अगस्त तक इसी कड़ाई से जारी रहेगा. हमारा एक ही लक्ष्य है अपराधियों के दिलों में कानून का खौफ और आमजन के मन में पुलिस के प्रति अटूट विश्वास.
Powered by Reporting Rajasthan Files
संबंधित ख़बरें

कोटा के एक गांव में घुसा मगरमच्छ तो समाजसेवी, हयात खान ने कंधे पर उठा कर किया रेस्क्यू

मकान का सेटबैक छोड़ने के विवाद में बुजुर्ग की हत्या: उदयपुर में पड़ोसी ने दो लोगों के साथ मिलकर जमकर पीटा; आरोपी मौके से फरार - Udaipur News

राजस्थान के बांसवाड़ा: स्कूल वैन और ट्रक की भिड़ंत, एक बच्चे की मौत, छह घायल


