बाल विवाह की व्यापारी: झालावाड़ में अंतरराज्यीय मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़
बिहार से नाबालिग लड़कियों को शादी का झांसा देकर राजस्थान लाया जा रहा था, मोटी रकम लेकर विवाह कराया जा रहा था और इसके बाद भी रिश्ता नहीं चलने पर दूसरी जगह शादी कराने की साजिश रची जा रही थी.

सौजन्य से:- ETV Bharat
झालावाड़ में अंतरराज्यीय मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, बिहार से नाबालिग लड़कियां लाकर राजस्थान में कराते थे शादी, चार गिरफ्तार
गिरोह बिहार से लाई गरीब व अनाथ बच्चियों के फर्जी दस्तावेज तैयार करवा मोटी रकम लेकर राजस्थान में विवाह कराता था.
Published : July 28, 2026 at 9:05 PM IST
झालावाड़: जिला पुलिस ने अंतरराज्यीय मानव तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश कर चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया. गिरोह के सरगना बिहार के गरीब और असहाय परिवारों की नाबालिग लड़कियों को शादी का झांसा देकर राजस्थान लाते थे और मोटी रकम लेकर उनकी शादी कराते थे. पुलिस को इस गिरोह से कई और अहम सुराग मिले हैं. अन्य आरोपियों की तलाश है.
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि गत दिनों अकलेरा क्षेत्र के मदनपुरिया गांव से सूचना मिली थी कि बिहार से लाई एक नाबालिग बालिका को कुछ लोग जबरन वाहन में बैठाकर ले जा रहे हैं. सूचना मिलते ही अकलेरा और रटलाई थाना पुलिस एक्टिव हुई. दोनों थाना क्षेत्र की पुलिस ने वाहन का पीछा किया. बाद में ग्रामीणों की मदद से सड़क पर ट्रैक्टर-ट्रॉली लगाकर रास्ता रोका गया. इसके बाद वाहन पकड़ लिया. उसमें सवार छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की. इस दौरान वाहन में मौजूद नाबालिग को वन स्टॉप सेंटर भेजा गया.
रिश्ता नहीं चला तो दूसरी शादी: एसपी अमित ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में बिहार, राजस्थान के हाड़ौती एवं मध्य प्रदेश में मानव तस्करी से जुड़े रैकेट का पता चला. जांच में पाया कि यह गिरोह बिहार के अत्यंत गरीब, असहाय और अनाथ परिवारों की लड़कियों को अच्छे घर में शादी का लालच देकर राजस्थान लाता था. यहां उनसे फर्जी दस्तावेज तैयार करवा मोटी रकम लेकर विवाह कराते थे. बाद में रिश्ता नहीं चलता तो गिरोह के सदस्य युवती को वापस ले जाकर दूसरी जगह शादी कराने की साजिश रचते थे.
जयपुर से एक गिरफ्तार: एसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने राजस्थान और बिहार में अलग-अलग टीमें भेजीं. बिहार से गिरोह के दो सरगना महाराज शाह तथा धर्मेंद्र कुमार तथा राजस्थान के जयपुर से अजय जांगिड़, हाड़ौती एवं एमपी में दलाल का कार्य करने वाले चौथमल को हिरासत में लिया गया. जुर्म प्रमाणित होने पर चारों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. एसपी अमित ने बताया कि मंगलवार को सभी आरोपियों को पॉक्सो कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है. पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका, पैसों के लेनदेन और मानव तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है.
Powered by Reporting Rajasthan Files
संबंधित ख़बरें

कोटा के एक गांव में घुसा मगरमच्छ तो समाजसेवी, हयात खान ने कंधे पर उठा कर किया रेस्क्यू

मकान का सेटबैक छोड़ने के विवाद में बुजुर्ग की हत्या: उदयपुर में पड़ोसी ने दो लोगों के साथ मिलकर जमकर पीटा; आरोपी मौके से फरार - Udaipur News

राजस्थान के बांसवाड़ा: स्कूल वैन और ट्रक की भिड़ंत, एक बच्चे की मौत, छह घायल


