जयपुर नगर निगम चुनाव: शहर की सरकार चुनने के लिए आगे आए युवा, फर्स्ट टाइम वोटर्स में दिखा उत्साह
जयपुर नगर निगम चुनाव: शहर की सरकार चुनने के लिए आगे आए युवा, फर्स्ट टाइम वोटर्स में दिखा उत्साह जेन जी और फर्स्ट टाइम वोटर ने मतदान के साथ बताया कि उन्होंने अपने प्रतिनिधि का चुनाव किस आधार पर किया. Published : September…

सौजन्य से:- ETV Bharat
जयपुर नगर निगम चुनाव: शहर की सरकार चुनने के लिए आगे आए युवा, फर्स्ट टाइम वोटर्स में दिखा उत्साह
जेन जी और फर्स्ट टाइम वोटर ने मतदान के साथ बताया कि उन्होंने अपने प्रतिनिधि का चुनाव किस आधार पर किया.
Published : September 11, 2026 at 1:40 PM IST
जयपुर: राजस्थान में निकाय चुनाव के दूसरे चरण के लिए शुक्रवार को मतदान हो रहा है. प्रदेश के 147 शहरी निकायों में 87.60 लाख से ज्यादा मतदाता 18,266 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला कर रहे हैं. इनमें 6 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 121 नगर पालिकाएं शामिल हैं. मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ, जो शाम 6 बजे तक चलेगा. इसके साथ ही करीब 11 घंटे के मतदान के बाद EVM में हजारों प्रत्याशियों का भविष्य लॉक हो जाएगा.
दूसरे चरण का चुनाव:
- 147 शहरी निकाय में मतदान
- 87.60 लाख+ मतदाता करेंगे वोट
- 18,266 उम्मीदवारों की किस्मत दाव पर
- 6 नगर निगम, 20 नगर परिषद 121 नगर पालिका में वोटिंग
- कुल 147 निकाय का भविष्य दाव पर
दूसरे चरण के चुनाव में राजधानी जयपुर खास केंद्र में है. जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों के लिए मतदान हो रहा है. यहां 24 लाख से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं. जयपुर में 2,256 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. शहर के क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी और प्रशासन की मुस्तैदी के बीच मतदाता शहर की सरकार चुनने के लिए मतदान कर रहे हैं. जयपुर नगर निगम में सबसे ज्यादा 723 उम्मीदवार मैदान में हैं. ऐसे में हर वार्ड में मुकाबला दिलचस्प बना हुआ है. मतदाता EVM का बटन दबाकर यह तय कर रहे हैं कि अगले पांच साल उनके वार्ड का प्रतिनिधित्व कौन करेगा और स्थानीय स्तर पर विकास से जुड़े मुद्दों की जिम्मेदारी किस जनप्रतिनिधि के हाथों में होगी.
जयपुर में मतदान जारी:
- 150 वार्ड में वोटिंग
- 24 लाख+ मतदाता
- 2,256 मतदान केंद्र
- 723 उम्मीदवार मैदान में
पहली बार मतदान का उत्साह: मतदान के दौरान पहली बार वोट डालने वाले युवाओं में भी खासा उत्साह नजर आया. ETV Bharat ने जयपुर के अलग-अलग इलाकों में ऐसे फर्स्ट टाइम वोटर्स से बातचीत की और जाना कि उन्होंने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किन उम्मीदों के साथ किया.
पढ़ें: राजस्थान निकाय चुनाव : दूसरे चरण में मतदान जारी, जयपुर में EVM खराबी और बूथों पर विवाद
विद्याधर नगर क्षेत्र की फर्स्ट टाइम वोटर अंजली यादव पहली बार मतदान करने के बाद उत्साहित नजर आईं. उन्होंने कहा कि वह इस उम्मीद के साथ वोट देकर आई हैं कि जीतने वाला प्रतिनिधि अपनी भागीदारी के जरिए क्षेत्र और प्रदेश को आगे ले जाने का काम करेगा. उनका कहना था कि हर मतदाता को यह भरोसा होता है कि जिस प्रत्याशी को वह चुन रहा है, वह क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका निभाएगा. अंजली ने सभी लोगों से लोकतंत्र के इस उत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की.
पहली बार वोटर्स की उम्मीद:
- विकास प्राथमिकता
- बेहतर जनप्रतिनिधि की उम्मीद
- प्रत्याशी का व्यवहार भी मुद्दा
- घोषणा पत्र देखकर वोट की अपील
- अगले 5 साल काम पर नजर
प्रत्याशी का व्यवहार भी अहम: फर्स्ट टाइम वोटर खुशी शर्मा ने भी पहली बार मतदान करने के अनुभव को उत्साहजनक बताया. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के उत्सव में भागीदारी करके उन्हें काफी अच्छा महसूस हुआ. खुशी के मुताबिक उन्होंने प्रत्याशी के व्यवहार और लोगों से बातचीत के तरीके को भी अपने फैसले का आधार बनाया. उनका कहना था कि प्रत्याशी का व्यवहार और लोगों के साथ संवाद करने का तरीका भी महत्वपूर्ण है. वहीं चंचल ने कहा कि उन्होंने अपने क्षेत्र में अच्छे और विकास कार्यों की उम्मीद को ध्यान में रखते हुए प्रत्याशी का चयन किया है. उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि चुना गया प्रतिनिधि क्षेत्र की समस्याओं पर काम करेगा और विकास को प्राथमिकता देगा.
इस बार परंपरा नहीं, प्रत्याशी को वोट: 20 वर्षीय युवराज शर्मा ने भी पहली बार मतदान किया. उन्होंने बताया कि उनके परिवार में पिछले करीब 20 सालों से एक ही पार्टी के पक्ष में मतदान होता रहा है, लेकिन इस बार उन्होंने अपने क्षेत्र के विकास को ध्यान में रखते हुए नया जनप्रतिनिधि चुनने का फैसला किया. युवराज ने कहा कि अब अगले पांच साल वह चुने गए प्रतिनिधि के काम को करीब से देखेंगे और उनके प्रदर्शन के आधार पर अगले चुनाव में अपना फैसला करेंगे.
विकास की उम्मीद: फर्स्ट टाइम वोटर आयुषी भारद्वाज ने कहा कि उन्होंने पहली बार मतदान देश और समाज के विकास में अपनी भागीदारी निभाने के उद्देश्य से किया है. उन्होंने उन लोगों से भी मतदान केंद्र पहुंचने की अपील की, जो अभी तक वोट डालने नहीं पहुंचे हैं. आयुषी ने कहा कि वोट हमारा अधिकार है और जब ज्यादा से ज्यादा लोग मतदान करेंगे, तभी बेहतर जनप्रतिनिधि का चुनाव संभव होगा. वहीं पहली बार वोट डालने वाले मोहित सोनी ने कहा कि उन्होंने विकास की उम्मीद के साथ EVM पर अपना बटन दबाया है. उन्होंने लोगों से मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि मतदाताओं को अपने वार्ड के प्रत्याशियों के घोषणा पत्र और उनके मुद्दों को देखने के बाद ही अपना प्रतिनिधि चुनना चाहिए.
राजस्थान के दूसरे चरण के इस निकाय चुनाव में अब मतदाताओं का फैसला EVM में कैद हो रहा है. 14 सितंबर को मतगणना के बाद यह साफ होगा कि किस प्रत्याशी के सिर जीत का ताज सजेगा और किसे अगले पांच साल के लिए शहरी निकायों की जिम्मेदारी मिलेगी.
Powered by Reporting Rajasthan Files
संबंधित ख़बरें

मौसम अपडेट: एमपी के जबलपुर-छिंदवाड़ा में बारिश का अलर्ट, राजस्थान में भी बरसेंगे बादल, पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा | Weather Update Weather News 5 October Ka Mausam Aaj Ka Mausam

अब गांव की सरकार चुनने की बारी, जयपुर की 22 पंचायत समितियों और 597 ग्राम पंचायतों में होंगे चुनाव

यूथ कांग्रेस चुनाव: राजस्थान में 42% तो उदयपुर में 38% फॉर्म निरस्त, वोटों में कटौती से बिगड़े समीकरण - Udaipur News


