मानसून की विदाई के बीच फिर क्यों बदला राजस्थान का मौसम?: आज कहां बरसेंगे बादल, जानें पूरा अपडेट
मानसून की विदाई के बीच फिर क्यों बदला राजस्थान का मौसम?: आज कहां बरसेंगे बादल, जानें पूरा अपडेट मानसून की विदाई के बीच राजस्थान में मौसम फिर बदला है। 28 सितंबर को 17 जिलों में बारिश, मेघगर्जन और तेज हवाओं का अलर्ट है। सी…

सौजन्य से:- Amar Ujala
मानसून की विदाई के बीच फिर क्यों बदला राजस्थान का मौसम?: आज कहां बरसेंगे बादल, जानें पूरा अपडेट
मानसून की विदाई के बीच राजस्थान में मौसम फिर बदला है। 28 सितंबर को 17 जिलों में बारिश, मेघगर्जन और तेज हवाओं का अलर्ट है। सीकर में ऑरेंज अलर्ट जारी।
विस्तार
राजस्थान में मानसून की विदाई के बीच सितंबर के आखिरी दिनों में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा उदयपुर तक पहुंच चुकी है, लेकिन उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय मौसमी सिस्टम के असर से 28 और 29 सितंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, मेघगर्जन और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है।
मौसम विभाग ने 28 सितंबर को राजस्थान के 17 जिलों में बारिश, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं सीकर और आसपास के इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट है। यहां हल्की से मध्यम बारिश के साथ तीव्र मेघगर्जन और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मानसून की वापसी जारी
आईएमडी के अनुसार मानसून की वापसी की रेखा गुरदासपुर, चंडीगढ़, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, धौलपुर, उदयपुर, डीसा और नलिया तक बनी हुई है। यानी राजस्थान के बड़े हिस्से से मानसून की विदाई की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। इसके बावजूद अगले दो दिन कुछ इलाकों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
मौसम में बदलाव की प्रमुख वजह उत्तर प्रदेश के मध्य हिस्सों और आसपास बना वेल मार्क्ड लो प्रेशर एरिया तथा उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से राजस्थान के पूर्वी और उत्तरी हिस्सों में बादल और बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं।
28 सितंबर को इन जिलों में बारिश के आसार
पूर्वी राजस्थान के अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़ और सीकर में मेघगर्जन, वज्रपात, हल्की से मध्यम बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। पश्चिमी राजस्थान में बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, नागौर और श्रीगंगानगर में भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है।
27 सितंबर को कई जिलों में बारिश और ओले
इससे पहले 27 सितंबर को भी राजस्थान के कई हिस्सों में मौसम बदला। जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग में कुछ जगह बादल गरजे और वज्रपात के साथ बारिश हुई। बीकानेर, दौसा, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, नागौर और श्रीगंगानगर के कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ ओले और बौछारें भी दर्ज की गईं।
मौसम विभाग के अनुसार अधिकांश स्थानों पर बारिश 0 से 30 मिलीमीटर के बीच रही। बारिश के बाद कई इलाकों में तापमान में 5 से 10 डिग्री तक गिरावट आई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि जोधपुर, बाड़मेर और जैसलमेर समेत पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा।
यह भी पढें- एसआईआर विवाद: भजनलाल शर्मा का कांग्रेस पर हमला, बोले- संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर कर रही पार्टी
29 सितंबर के बाद बारिश का दौर होगा सीमित
जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 28 और 29 सितंबर को जयपुर, भरतपुर और अजमेर संभाग में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। 28 सितंबर को बीकानेर संभाग में भी बारिश के आसार हैं। 29 सितंबर को पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं हल्की बारिश संभव है।
इसके बाद पश्चिमी राजस्थान में 29 सितंबर और पूर्वी राजस्थान में 30 सितंबर से मौसम मुख्यतः शुष्क होने की संभावना है। अगले पांच से छह दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां सीमित रहने का अनुमान है।
फलोदी में 42 डिग्री, जयपुर में 33-34 डिग्री तक तापमान
बीते दिनों राजस्थान में तेज गर्मी का असर देखने को मिला था। 26 सितंबर को फलोदी में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि जैसलमेर में तापमान 40.5 डिग्री रहा। इसके बाद कई इलाकों में बारिश और बादल छाने से तापमान में गिरावट आई है।
28 सितंबर को जयपुर में अधिकतम तापमान 33 से 34 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। भरतपुर में अधिकतम 31-32 और न्यूनतम 23-24 डिग्री, बीकानेर में अधिकतम 36-37 और न्यूनतम 26-27 डिग्री तथा सीकर में अधिकतम 33-35 और न्यूनतम 23-24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। राजस्थान में इस मानसून सीजन में बारिश सामान्य से करीब 22 प्रतिशत कम रही है।
Powered by Reporting Rajasthan Files
संबंधित ख़बरें

राजस्थान के रास्ते पाकिस्तान ने की फिर नापाक साजिश, ड्रोन से हेरोईन भेज जानिए कैसे रची 5,50,00,000 की साजिश

जयपुर में 12वीं मंजिल से कूदकर कॉलेज स्टूडेंट ने किया सुसाइड; क्या मामला

जयपुर में मंदिर में घुसकर पुजारी को पीटा: जमीन पर गिराकर लात-घूंसे बरसाए, तेज आवाज में भजन बजाने पर हुआ विवाद - Jaipur News


