जयपुर का कानोता बांध छलका; बाड़मेर-बीकानेर में सड़कें बनीं दरिया
जयपुर का कानोता बांध छलका; बाड़मेर-बीकानेर में सड़कें बनीं दरिया पिछले 24 घंटे में जयपुर, भरतपुर, कोटा और बीकानेर संभाग के कई हिस्सों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। हनुमानगढ़ के भादरा में 31 MM, बारां के शाहबाद में 48 MM…

सौजन्य से:- Hindustan
जयपुर का कानोता बांध छलका; बाड़मेर-बीकानेर में सड़कें बनीं दरिया
पिछले 24 घंटे में जयपुर, भरतपुर, कोटा और बीकानेर संभाग के कई हिस्सों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। हनुमानगढ़ के भादरा में 31 MM, बारां के शाहबाद में 48 MM, जोधपुर के भोपालगढ़ में 30 MM
राजस्थान में मानसून एक बार फिर पूरी तरह एक्टिव हो गया है। मौसम विभाग ने सोमवार से प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश का दौर शुरू होने की संभावना जताई है। आज 7 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 24 जिलों में यलो अलर्ट है। मौसम विभाग के अनुसार बारिश का दौर 13 अगस्त तक जारी रह सकता है। 14 अगस्त से पश्चिमी राजस्थान और 15 अगस्त से पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।
इससे पहले रविवार को प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश हुई। जयपुर में लगातार बारिश के बाद कानोता बांध छलक गया। वहीं बाड़मेर और बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में तेज बारिश के बाद सड़कें नदी की तरह नजर आईं। हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर के कई इलाकों में भी तेज बारिश हुई। बारां के शाहबाद क्षेत्र में करीब 2 इंच पानी बरसा।
शाहबाद में 48 MM बारिश, श्रीडूंगरगढ़ में 37 MM
पिछले 24 घंटे में जयपुर, भरतपुर, कोटा और बीकानेर संभाग के कई हिस्सों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। हनुमानगढ़ के भादरा में 31 MM, बारां के शाहबाद में 48 MM, जोधपुर के भोपालगढ़ में 30 MM, सिरोही के माउंट आबू में 25 MM, श्रीगंगानगर के अनूपगढ़ में 24 MM, हिंदूमलकोट में 17 MM और बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में 37 MM बारिश हुई।
अजमेर, दौसा, टोंक और उदयपुर समेत कई जिलों में दिनभर बादल छाए रहे। कई जगह हल्की बारिश और बूंदाबांदी हुई, जिससे मौसम सुहावना बना रहा।
बाड़मेर में ढाई घंटे में 33.6 MM बारिश
बाड़मेर शहर में रविवार रात करीब 9 बजे एक सप्ताह बाद तेज बारिश हुई। करीब ढाई घंटे में शहर में 33.6 MM पानी बरसा। तेज बारिश के बाद शहर की सड़कें पानी से लबालब हो गईं। रेलवे स्टेशन, सब्जी मंडी, किसान हॉस्टल, हॉस्पिटल रोड, विवेकानंद सर्किल और कलेक्ट्रेट परिसर समेत कई इलाकों में 2 से 4 फीट तक पानी बहने लगा।
निचले इलाकों में दुकानों और घरों में भी पानी घुस गया। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश से तापमान में गिरावट
प्रदेश में हो रही बारिश का असर तापमान पर भी देखने को मिला। नागौर, बीकानेर, जोधपुर, कोटा और प्रतापगढ़ में अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। हालांकि झुंझुनूं, अलवर और चूरू समेत कुछ जिलों में तापमान बढ़ा।
रविवार को प्रदेश के किसी भी शहर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर नहीं गया। बाड़मेर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जैसलमेर में 38.3, चूरू में 35, जालोर में 34.7, दौसा में 35, झुंझुनूं में 33.8, जोधपुर में 33.7 और बीकानेर में 34 डिग्री तापमान रहा।
सामान्य स्थिति में लौटा मानसून
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे लगते छत्तीसगढ़ क्षेत्र में लो-प्रेशर सिस्टम बना हुआ है। यह सिस्टम धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके साथ ही मानसून ट्रफ लाइन अपनी सामान्य स्थिति में लौट आई है।
वर्तमान में ट्रफ बीकानेर, ग्वालियर, उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बने लो-प्रेशर सिस्टम से होते हुए पुरी और फिर बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। उत्तर-पूर्वी राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी सक्रिय है। इन मौसमी सिस्टम के प्रभाव से 10 और 11 अगस्त को दक्षिणी और पूर्वी राजस्थान में कई जगह मध्यम से तेज बारिश तथा कुछ स्थानों पर भारी से अतिभारी बारिश हो सकती है।
जयपुर में कानोता बांध छलका
जयपुर में रविवार सुबह से दोपहर तक कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। चारदीवारी, सिरसी रोड, वैशाली नगर, कालवाड़ रोड, आमेर और कलेक्ट्रेट समेत कई इलाकों में जलभराव हुआ। लगातार बारिश के कारण कानोता बांध भर गया और छलकने लगा।
जयपुर जिले में शाहपुरा में 13, तूंगा में 19, चौमूं में 8, चाकसू में 18, जयपुर कलेक्ट्रेट में 17, बस्सी में 7, कालवाड़ में 8 और रामपुरा डाबड़ी में 28 MM बारिश दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री रहा।
प्रमुख शहरों में ऐसा रहा मौसम
अलवर में दिनभर बादल छाए रहे और दोपहर बाद धूप निकलने से उमस बढ़ी। अजमेर में हल्की बारिश हुई और अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री रहा। उदयपुर में दिनभर बादलों की आवाजाही रही, लेकिन बारिश नहीं हुई।
जोधपुर में दोपहर बाद कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई। शहर का अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री रहा। कोटा में अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 26.8 डिग्री रहा, जबकि सीकर में अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री दर्ज किया गया।
14 अगस्त से कमजोर होगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार 10 से 13 अगस्त तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहेगा। 14 अगस्त से पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में मौसम शुष्क होने लगेगा। इसके बाद 15 अगस्त से पूर्वी राजस्थान में भी बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।
लेखक के बारे में
Sachin Sharmaसचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।
सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।
शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Powered by Reporting Rajasthan Files
संबंधित ख़बरें

राजस्थान युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद का परिणाम जारी: 6 लाख से ज्यादा वोट लेकर अभिषेक चौधरी सबसे आगे

ACTION PLAN : सीएम भजनलाल शर्मा आज करेंगे नवनिर्वाचित निकाय प्रमुखों से संवाद, तय होगा 100 दिन का रोडमैप

From the edge of extinction, two captive-bred Great Indian Bustards released into wild in Rajasthan


