'बाहरी' का दखल बर्दाश्त नहीं, अजमेर कांग्रेस के दिग्गजों ने धर्मेंद्र राठौड़ के खिलाफ खोला मोर्चा
'बाहरी' का दखल बर्दाश्त नहीं, अजमेर कांग्रेस के दिग्गजों ने धर्मेंद्र राठौड़ के खिलाफ खोला मोर्चा कांग्रेस के एक असंतुष्ट गुट की ओर से संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें आरटीडीसी के पूर्व चेयरमैन राठौड़ के प्रति नारा…

सौजन्य से:- etvbharat.com
'बाहरी' का दखल बर्दाश्त नहीं, अजमेर कांग्रेस के दिग्गजों ने धर्मेंद्र राठौड़ के खिलाफ खोला मोर्चा
कांग्रेस के एक असंतुष्ट गुट की ओर से संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें आरटीडीसी के पूर्व चेयरमैन राठौड़ के प्रति नाराजगी जाहिर की गई.
Published : August 8, 2026 at 9:46 AM IST
अजमेर: कांग्रेस में इन दिनों गुटबाजी ने नया आयाम ले लिया है. आरटीडीसी के पूर्व चेयरमैन धर्मेंद्र सिंह राठौड़ की सक्रियता ने शहर कांग्रेस के भीतर एक असंतुष्ट गुट को जन्म दे दिया है, जिसने शुक्रवार को श्रीनगर रोड स्थित खंडेलवाल धर्मशाला में एक संवाद कार्यक्रम आयोजित कर अपनी नाराजगी खुलकर व्यक्त की. पूर्व शहर अध्यक्ष विजय जैन और वरिष्ठ नेता हेमंत भाटी के नेतृत्व में इस गुट ने साफ कहा कि बाहरी हस्तक्षेप, खासकर राठौड़ का दखल, अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उनका आरोप था कि पिछले नगर निगम चुनाव में राठौड़ के हस्तक्षेप से टिकट वितरण प्रभावित हुआ और कांग्रेस को 80 वार्डों में सिर्फ 18 सीटों पर ही जीत मिली. इस बार चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं को एकजुट करने और प्रदेश नेतृत्व तक अपनी बात पहुंचाने के लिए यह संवाद कार्यक्रम अहम कदम माना जा रहा है. इधर, राठौड़ ने कहा कि वे किसी पर टीका टिप्पणी नहीं करेंगे. उनका एक मात्र उद्देश्य अजमेर नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड बनाना है.
संवाद कार्यक्रम में कांग्रेस के पूर्व शहर अध्यक्ष विजय जैन ने आरोप लगाया कि धर्मेंद्र सिंह राठौड़ ने कांग्रेस के शासनकाल में अजमेर में कांग्रेस का बिगाड़ किया और अब निष्ठावान एवं जमीनी कार्यकर्ताओं की अनदेखी शहर कांग्रेस में की जा रही है. जैन का आरोप था कि शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल भी राठौड़ के कहने पर चल रहे हैं, जबकि विगत नगर निगम चुनाव में टिकट वितरण राठौड़ के कहने से ही हुआ था, जिसका खामियाजा कांग्रेस को भुगतना पड़ा. यहां 80 वार्डों में से कांग्रेस के केवल 18 पार्षद ही जीत पाए, वहीं तीन वार्डों में तो कांग्रेस टिकट ही नहीं दे पाई. जैन ने कहा कि एक बार ऐसा बिगाड़ होता है तो 5 वर्ष कांग्रेस पीछे चली जाती है और कार्यकर्ता भी बिखर जाते हैं. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हेमंत भाटी का आरोप है कि धर्मेंद्र सिंह राठौड़ ने अजमेर शहर कांग्रेस को दो फाड़ कर दिया है.
बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ता: शुक्रवार को शहर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष विजय जैन के नेतृत्व में असंतुष्ट कांग्रेस कार्यकर्ताओं का संवाद कार्यक्रम हुआ. अजमेर के श्रीनगर रोड स्थित खंडेलवाल धर्मशाला में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में असंतुष्ट कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए. कार्यक्रम में शहर कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी में जमीनी कार्यकर्ताओं की अनदेखी को लेकर नाराजगी नजर आई, तो वहीं अजमेर शहर कांग्रेस में धर्मेंद्र सिंह राठौड़ की सक्रियता को लेकर भी असंतोष व्याप्त था.
कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुट करने के लिए संवाद कार्यक्रम: जैन ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की जा रही थी, इस कारण संवाद कार्यक्रम की जरूरत पड़ी, ताकि कार्यकर्ताओं को जोड़कर रखा जा सके. जैन ने कहा कि कार्यकारिणी में ऐसे लोगों को शामिल किया गया, जो कांग्रेस की रीति-नीति नहीं जानते और न ही धरातल पर उनका कोई प्रभाव है, जबकि मजबूत जमीनी कार्यकर्ताओं की अनदेखी की गई है. कार्यकारिणी एक बंद कमरे में बना ली गई, इसके लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से भी राय-मशविरा नहीं किया गया. संवाद कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश कांग्रेस कमेटी को यह संदेश दिया गया है कि आगामी निकाय चुनाव के लिए जब प्रभारी भेजे जाएं, तो वे सबको साथ लेकर चलें और टिकट में भागीदारी के साथ-साथ जिम्मेदारी भी तय करें.
कांग्रेस का नहीं, धर्मेंद्र सिंह राठौड़ का है विरोध: जैन ने कहा कि वर्तमान शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल के मामले में चर्चा हुई थी. उन्होंने स्पष्ट किया कि विरोध कांग्रेस से नहीं है, बल्कि कांग्रेस को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने का प्रयास कर रहे हैं. हमारा विरोध शहर अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल से भी नहीं, बल्कि धर्मेंद्र सिंह राठौड़ के हस्तक्षेप से है. जैन ने कहा कि धर्मेंद्र राठौड़ का विरोध जोरदार तरीके से पहले भी था, अब भी है और आगे भी रहेगा. राठौड़ का अजमेर कांग्रेस में हस्तक्षेप ठीक नहीं है. विगत नगर निगम चुनाव से पहले टिकट वितरण में राठौड़ ने हस्तक्षेप किया, जिसका खामियाजा कांग्रेस को भुगतना पड़ा.
राठौड़ ने किया अजमेर कांग्रेस में दो फाड़: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हेमंत भाटी ने कहा कि कांग्रेस के जमीनी कार्यकर्ताओं की वजह से ही कांग्रेस गली-मोहल्ले में जिंदा है. ऐसे कार्यकर्ताओं की अनदेखी के कारण ही उन्हें संगठित करने के लिए संवाद कार्यक्रम रखा गया है. भाटी का आरोप है कि धर्मेंद्र सिंह राठौड़ ने अजमेर शहर कांग्रेस को दो फाड़ में कर दिया है, जबकि राठौड़ खुद बानसूर से निर्दलीय चुनाव लड़ चुके हैं और बानसूर से ही वह पीसीसी सदस्य भी हैं. पुष्कर उनका पैतृक गांव हैं.
बाहरी हैं राठौड़: भाटी ने कहा कि राठौड़ अजमेर में बाहरी हैं और यदि वह अजमेर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं की मेहनत से तैयार प्लेटफार्म पर कब्जा जमाना चाहते हैं, तो अजमेर के कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता कहां जाएंगे? पिछली कांग्रेस सरकार में भी बड़े नेताओं के संरक्षण में 5 साल तक अजमेर में राठौड़ का हस्तक्षेप रहा. उन्होंने कहा कि संवाद कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस नेतृत्व तक अपनी बात पहुंचानी है. उन्होंने यह भी कहा कि सब जानते हैं कि हम पर सचिन पायलट का ठप्पा लगा हुआ है हमारा मकसद कांग्रेस को मजबूत करना है.
राठौड़ बोले कांग्रेस को फिर से खड़ा करना है: अजमेर शहर कांग्रेस में गुटबाजी के आप पर आरटीडीसी के पूर्व चेयरमैन धर्मेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य अजमेर नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड बनाना है. पिछले 36 वर्षों से नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड नहीं बन पाया है. वे किसी पर टीका टिप्पणी नहीं करेंगे. उनका कहना था कि सबको मिलकर बीजेपी के खिलाफ चुनाव लड़कर जीत हासिल करनी है और कांग्रेस का पुराना वजूद फिर से खड़ा करना है.
Powered by Reporting Rajasthan Files
संबंधित ख़बरें

दिल्ली-जयपुर हाईवे पर पानी भरा,2 जिलों में भारी-बरसात की चेतावनी: कोटपूतली-बहरोड़ में सड़कें डूबीं, भरतपुर में स्कूलों की छुट्टी; जानें- आगे कैसा रहेगा मौसम - Jaipur News

राजस्थान में भारी बारिश का अलर्ट: कोटपूतली-बहरोड़ और भरतपुर में बाजारों में पानी भरा

जयपुर के सरकारी स्कूल के 31 बच्चों की सपनों वाली उड़ान, पहली बार करेंगे हवाई सफर, दिल्ली में देखेंगे राष्ट्रपति भवन


