पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी ने देश के युवाओं को किया बरगलाने का प्रयास
राजस्थान एटीएस ने पाकिस्तानी इंटेलिजेंस ऑफिसर (पीआईओ) के मुखौटे के रूप में शहजाद भट्टी का इस्तेमाल किया, जो युवाओं को बरगलाने और उनसे जासूसी करवाने की साजिश में थे।

सौजन्य से:- ETV Bharat
पाक ISI का नया पैंतरा: शहजाद भट्टी को मुखौटा बना युवाओं को बरगलाने की साजिश, ATS का बड़ा खुलासा
राजस्थान एटीएस की पड़ताल में खुलासा हुआ है कि भारत में कुछ बड़ा करवाने के लिए पाक गैंगस्टर शहजाद भट्टी को आगे रखा जाता है.
Published : July 6, 2026 at 5:29 PM IST
जयपुर: पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी से कनेक्शन को लेकर राजस्थान के आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) ने पिछले दिनों राजस्थान के कई शहरों में छापेमारी की थी. अब पड़ताल में सामने आया है कि शहजाद भट्टी को पाकिस्तानी इंटेलिजेंस ऑफिसर (पीआईओ) मुखौटे के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं. इनका मकसद राजस्थान सहित अन्य प्रदेशों के युवाओं को अपने साथ जोड़कर उनसे जासूसी करवाना और हथियारों की सप्लाई करवाना है. हालांकि, एटीएस का दावा है कि अभी तक राजस्थान में शहजाद भट्टी और उसके पीछे जुड़े लोग अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाए हैं.
भट्टी का नेटवर्क सक्रिय होने के इनपुट: एटीएस के एडीजी दिनेश एमएन ने आज सोमवार को यह खुलासा किया. उन्होंने कहा कि आईएसआई भारत में कुछ बड़ा करना चाहती है तो शहजाद भट्टी को आगे रखकर काम करती है. एडीजी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पाकिस्तान से हथियारों की तस्करी की शिकायतें मिल रही हैं. इस बीच पिछले कुछ समय से शहजाद भट्टी का नेटवर्क काफी सक्रिय होने के इनपुट मिले हैं. इसके पीछे पाकिस्तान इंटेलिजेंस ऑफिसर (पीआईओ) हैं. इनका प्रयास होता है कि सोशल मीडिया के जरिए लोगों को अपने साथ जोड़ा जाए. ये अपने साथ जुड़े लोगों को प्रलोभन देते हैं और प्रयास करते हैं कि किसी जगह के फोटो-वीडियो उन तक पहुंच जाएं. ये लोग सीमापार से हथियार भेजने का भी प्रयास करते हैं.
इसे भी पढ़ें- बाड़मेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पाकिस्तानी गैंगस्टर से जुड़े युवक को पकड़ा, खुफिया जानकारी भेजने का आरोप
मंसूबों में नहीं होने दिया कामयाब: उन्होंने दावा किया है कि शहजाद भट्टी और उसके पीछे के नेटवर्क का एक भी प्रयास अभी सफल नहीं हो पाया है. वे अपने मंसूबों में कामयाब होते, उससे पहले ही एटीएस की तकनीकी टीम हरकत में आ गई. उन्होंने कहा कि आईबी और पंजाब पुलिस की भी कड़ी नजर इस नेटवर्क पर हैं. जब एटीएस के पास कोई जानकारी आती है तो उसे वैरिफाई किया जाता है. वे बोले, इस नेटवर्क से जुड़े कुछ लोग महज उनके संपर्क में रहते हैं.
पहले समझाइश, सक्रिय लोगों की करते हैं गिरफ्तारी: ऐसे लोगों से समझाइश की जाती है. कुछ लोग सक्रिय रूप से जुड़े होते हैं. जो लोग पूरी तरह उनके प्रभाव में आ जाते हैं. उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की जाती है. उन्होंने कहा, पिछले दिनों जो छापेमारी की गई. उसमें दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं. बाकि कुछ लोगों को समझाइश कर पाबंद किया गया है. हालांकि, उन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. वे बोले, जब कुछ महत्वपूर्ण लगता है तो संयुक्त पूछताछ भी की जाती है.
इसे भी पढ़ें- PAK भेजे रायसिंहनगर और हनुमानगढ़ टाउन थानों के वीडियो–लोकेशन, 20 वर्षीय युवक गिरफ्तार
आईबी और इंटेलिजेंस भी करती है पूछताछ: इसमें आईबी और राजस्थान इंटेलिजेंस के अधिकारी भी शामिल होते हैं. उन्होंने आमजन से अपील की है कि ऐसे लोगों के प्रलोभन में नहीं आएं जो उन्हें देशविरोधी गतिविधियों में शामिल करवाना चाहते हैं. अगर ऐसी गतिविधियों में शामिल होंगे तो संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की जाएगी. उन्होंने बताया कि एटीएस राजस्थान ने आतंकवाद, अवैध विस्फोटक, हथियार एवं मादक पदार्थ तस्करों पर बड़ी कार्रवाई की है.
यूएपीए के तीन मामले, तीन आरोपी गिरफ्तार: एटीएस राजस्थान ने 1 जुलाई 2025 से 30 जून 2026 के दौरान आतंकवाद एवं संगठित अपराध के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए यूएपीए (UAPA) के तहत 3 प्रकरण दर्ज कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया. अवैध विस्फोटक पदार्थों के मामलों में 7 मुकदमे दर्ज दर्ज कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया. भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और उपकरण जब्त किए हैं. अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान चलाकर 5 मुकदमे दर्ज कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. हथियार व कारतूस बरामद किए गए.
इसे भी पढ़ें- पाक आतंकी शहजाद से चैट में लिखा-भाई कॉन्टेक्ट करो, मुझे जरूरी काम है...गिरफ्तार
सोशल मीडिया के जरिए 728 लोगों पर निगरानी: वहीं, मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किए गए. एटीएस ने फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 66 आईटी एक्ट से जुड़ी सूचनाओं का सफल निराकरण किया. सोशल मीडिया निगरानी के तहत 728 संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखी गई तथा कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित 15 युवाओं की डी-रेडिकलाइजेशन प्रक्रिया शुरू की गई. इसके अतिरिक्त विभिन्न मामलों में घोषित 25 इनामी अपराधियों को गिरफ्तार कर 4.65 लाख की इनाम राशि वितरित की गई.
गैंगस्टर और लोकल नेटवर्क पर नजर: गैंगस्टर रोहित गोदारा और वीरेंद्र चारण की गिरफ्तारी से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा, पुलिस उन पर लगातार नजर रख रही है. ये राजस्थान के साथ ही अन्य राज्यों में भी वांटेड हैं. विदेश में गिरफ्तार करने के लिए इंटरपोल की मदद ली जाती है. पुलिस और एजीटीएफ उनके स्थानीय नेटवर्क पर भी नजर रख रही है. पिछले एक महीने में पांच-छह मॉड्यूल क्रैक किए गए हैं. अलग-अलग जिलों में करीब 80 लोगों को पकड़ने में सफलता मिली है. विदेश में बैठे गैंगस्टर्स को पकड़ने के लिए केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर काम किया जा रहा है. पुलिस का प्रयास है कि फायरिंग और हत्या की वारदात नहीं हो. रंगदारी के लिए धमकी की घटनाएं सामने आने पर जिन्हें धमकी मिलती है. उन्हें सुरक्षा मुहैया करवाई जाती है.
इसे भी पढ़ें- गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के इस वीडियो कॉल से हड़कंप! पाकिस्तानी डॉन को क्यों मिलाया फोन?
विदेश में बैठे गैंगस्टर्स के लोकल नेटवर्क पर प्रहार: उन्होंने बताया, रंगदारी के लिए धमकियों के ज्यादातर मामलों में सामने आता है कि स्थानीय बदमाश मदद करते हैं. उन्हें टारगेट का नाम देते हैं और रैकी करते हैं. ज्यादातर मामलों में लोकल नेटवर्क को क्रैक किया गया है. गैंगस्टर्स की किसी भी तरह से मदद करने वालों को भी गिरफ्तार किया जा रहा है. उन्होंने कुचामन सिटी में कारोबारी की हत्या के मामले का उदाहरण देते हुए कहा कि इसमें स्थानीय नेटवर्क से जुड़े कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है. तेलंगाना में जिन्होंने बदमाशों की मदद की थी. उन्हें भी गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने साफ किया कि विदेश में बैठे गैंगस्टर्स के लोकल नेटवर्क को किसी भी सुरत में बढ़ने नहीं दिया जाएगा. जो बाहर छिपकर बैठे हैं. उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें- NIA ने नीमराणा और अजमेर में मारा छापा, पाकिस्तान लिंक मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया
Powered by Reporting Rajasthan Files
संबंधित ख़बरें

अगर आप भी खरीदने जा रहे हैं IPL मैचों के टिकट तो हो जाएं सावधान! राजस्थान पुलिस ने किया अलर्ट

राजस्थान में पुलिस की बड़ी नाकाबंदी कार्रवाई, 727 चेकपोस्ट पर हजारों वाहनों की जांच

DD बार हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई: नामजद आरोपी व भाजपा नेता नीरज सिंह राजस्थान से गिरफ्तार


