Exclusive: जयपुर को मिली पहली महिला उपमहापौर, बीजेपी की सरोज कंवर 89 वोटों से जीतीं, बोलीं- ये मेरे लिए बड़ा सरप्राइज
Exclusive: जयपुर को मिली पहली महिला उपमहापौर, बीजेपी की सरोज कंवर 89 वोटों से जीतीं, बोलीं- ये मेरे लिए बड़ा सरप्राइज सरोज कंवर ने कहा-पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताया है. अब उनकी कोशिश इस भरोसे पर खरा उतरने…

सौजन्य से:- ETV Bharat
Exclusive: जयपुर को मिली पहली महिला उपमहापौर, बीजेपी की सरोज कंवर 89 वोटों से जीतीं, बोलीं- ये मेरे लिए बड़ा सरप्राइज
सरोज कंवर ने कहा-पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताया है. अब उनकी कोशिश इस भरोसे पर खरा उतरने की होगी.
Published : September 26, 2026 at 8:34 PM IST
|Updated : September 26, 2026 at 9:26 PM IST
जयपुर: शनिवार का दिन जयपुर नगर निगम के इतिहास में दर्ज हो गया. बीजेपी प्रत्याशी सरोज कंवर उपमहापौर चुनाव में शानदार जीत हासिल कर शहर की पहली महिला उपमहापौर बनी हैं. उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी सलमान मंसूरी को 31 वोटों के बड़े अंतर से हराया. चुनाव में सरोज कंवर को 89 वोट मिले, जबकि सलमान मंसूरी को 58 वोटों पर ही संतोष करना पड़ा. एक वोट नोटा को गया, एक वोट खारिज हुआ और एक पार्षद मतदान से दूर रही. वार्ड 90 की पार्षद सरोज कंवर के नाम का ऐलान होते ही बीजेपी खेमे में जश्न शुरू हो गया. पार्षदों और समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जीत का स्वागत किया.इस जीत के साथ बीजेपी ने नगर निगम बोर्ड पर पूरी तरह कब्जा कर लिया है. महापौर सुनील कोठारी के बाद अब उपमहापौर पद भी बीजेपी के खाते में आ गया है.
जीत के बाद सरोज कंवर बोलीं-पार्टी ने जताया भरोसा: जीत के बाद ईटीवी भारत से खास बातचीत में सरोज कंवर ने कहा- पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताया है और अब उनकी कोशिश इस भरोसे पर खरा उतरने की होगी. उनकी प्राथमिकता जयपुर शहर को स्वच्छ बनाने की रहेगी. इसके लिए संगठन के सभी पार्षदों को साथ लेकर काम किया जाएगा. सरोज कंवर ने अपनी जीत को बड़ा सरप्राइज बताया. साथ ही कहा कि वो इस जीत से बेहद खुश हैं और सभी साथी पार्षदों का धन्यवाद करती हैं, जिन्होंने उन्हें बड़ी जीत दिलाई.
पढ़ें: उपमहापौर चुनाव में खिला 'कमल', राजस्थान के 9 नगर निगमों में भाजपा की जीत
महिलाओं से जुड़े मुद्दे भी रहेंगे प्राथमिकता: जयपुर की पहली महिला उपमहापौर बनने के सवाल पर सरोज कंवर ने कहा कि शहर की महिलाओं से जुड़ी समस्याएं भी उनकी प्राथमिकताओं में रहेंगी. उन्होंने कहा कि महिलाओं को शहर में जिन समस्याओं का सामना करना पड़ता है, उनके समाधान के लिए काम करने का प्रयास किया जाएगा.
भीतरघात की चर्चाओं को सरोज कंवर ने बताया अफवाह: चुनाव से पहले बीजेपी खेमे में भीतरघात और पार्षदों के बीच नाराजगी की चर्चाओं को लेकर भी सरोज कंवर ने स्थिति साफ की. उन्होंने पार्टी में किसी भी तरह के मतभेद की बात को खारिज किया. सरोज कंवर ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर के दौरान बीजेपी के सभी पार्षदों के साथ उनका अच्छा व्यवहार रहा और सभी पार्षद प्रेम से रहे. उनके मुताबिक, अगर पार्टी के भीतर किसी तरह का मनमुटाव या परेशानी होती तो उन्हें 89 वोट नहीं मिलते.
पढ़ें: डिप्टी मेयर चुनाव परिणाम में भी बीजेपी ने मारी बाजी, जयपुर, जोधपुर और कोटा में बनाए अपने उपमहापौर
महापौर बोले- नतीजे ने आरोपों का जवाब दे दिया: उपमहापौर पद पर सरोज कंवर की जीत के बाद महापौर सुनील कोठारी ने कहा कि कांग्रेस की ओर से लगातार आरोप लगाए जा रहे थे, लेकिन आज के परिणामों ने स्थिति साफ कर दी है. कोठारी ने कहा कि बीजेपी के वोटों में कोई बदलाव नहीं हुआ है. पार्टी के महापौर और उपमहापौर दोनों प्रत्याशियों को 89-89 वोट मिले हैं.
कोठारी बोले- महिला सशक्तिकरण को जमीन पर उतारने का उदाहरण: जयपुर को पहली महिला उपमहापौर मिलने पर सुनील कोठारी ने इसे महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि ये महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महिला सशक्तिकरण की सोच को धरातल पर उतरते हुए देखना बड़ी बात है.
89 वोट के साथ बीजेपी ने बरकरार रखा अपना आंकड़ा: उपमहापौर चुनाव के परिणाम में बीजेपी को 89 वोट मिले. खास बात ये रही कि एक दिन पहले महापौर चुनाव में बीजेपी प्रत्याशी सुनील कोठारी को भी 89 वोट मिले थे. उपमहापौर चुनाव में भी बीजेपी का यही आंकड़ा बरकरार रहा. वहीं, कांग्रेस के वोटों में बदलाव देखने को मिला. महापौर चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी सुनीता मावर को 60 वोट मिले थे, जबकि उपमहापौर चुनाव में कांग्रेस के सलमान मंसूरी को 58 वोट मिले. इस तरह कांग्रेस के खाते में दो वोट कम आए.
प्रशिक्षण शिविर से घर लौटे पार्षद, कहीं जश्न तो कहीं निकली स्वागत रैली: करीब 15 दिन बाद भाजपा के नवनिर्वाचित पार्षद अपने-अपने घर और क्षेत्रों में लौटे. महापौर और उपमहापौर चुनाव की प्रक्रिया के चलते पार्षदों को प्रशिक्षण शिविर में रखा गया था. शनिवार को चुनावी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पार्षद प्रशिक्षण शिविर से अपना सामान लेकर नगर निगम मुख्यालय पहुंचे और यहां से अपने-अपने घरों के लिए रवाना हुए. नगर निगम मुख्यालय से बाहर निकलते ही समर्थकों ने कई पार्षदों का गर्मजोशी से स्वागत किया. किसी के गले में फूलों की मालाएं नजर आईं तो किसी का समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया. पार्षदों के बाहर आते ही समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी और कई जगह जश्न का माहौल बन गया. कहीं, आतिशबाजी की गई तो कहीं ढोल की थाप पर समर्थक झूमते नजर आए. इसके बाद समर्थकों ने नगर निगम मुख्यालय के बाहर से ही पार्षदों के साथ स्वागत रैली निकालनी शुरू कर दी. करीब दो सप्ताह बाद अपने क्षेत्र में लौटे पार्षदों के स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला.
Powered by Reporting Rajasthan Files
संबंधित ख़बरें

Rajasthan CM announces Rs 924 crore projects for Udaipur division

उदयपुर–प्रतापगढ़ दौरे पर सीएम भजनलाल शर्मा, 924 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

राजस्थान में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज: जयपुर समेत 12 जिलों में येलो अलर्ट, बारिश व तेज हवाओं के आसार


