उदयपुर–प्रतापगढ़ दौरे पर सीएम भजनलाल शर्मा, 924 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
उदयपुर–प्रतापगढ़ दौरे पर सीएम भजनलाल शर्मा, 924 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास मुख्यमंत्री ने कहा- राजस्थान की सबसे बड़ी जरूरत पानी है और सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है. Published : September 26, 2026…

सौजन्य से:- ETV Bharat
उदयपुर–प्रतापगढ़ दौरे पर सीएम भजनलाल शर्मा, 924 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने कहा- राजस्थान की सबसे बड़ी जरूरत पानी है और सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है.
Published : September 26, 2026 at 5:49 PM IST
उदयपुर/प्रतापगढ़: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को प्रतापगढ़ और उदयपुर के दौरे पर रहे. हेलीपैड से मुख्यमंत्री सीधे दीपेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की. साथ ही एक जनसभा को संबोधित किया और उदयपुर संभाग के उदयपुर, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, सलूंबर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़ और डूंगरपुर जिलों में 924 करोड़ रुपए से अधिक लागत के 1452 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया.
इनमें जनजातीय क्षेत्र में 256 करोड़ रुपए के 423 पूर्ण कार्यों के साथ बिजली, पेयजल, सिंचाई, सड़क और स्कूल संसाधनों से जुड़े कार्य शामिल हैं. इससे पहले राजस्व मंत्री हेमंत मीणा, सहकारिता मंत्री गौतम दक और जनजाति मंत्री बाबूलाल खराड़ी सहित भाजपा नेताओं ने हेलीपैड पर उनका स्वागत किया.
पानी राजस्थान की सबसे बड़ी जरूरत: सभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान की सबसे बड़ी जरूरत पानी है और सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अन्य राज्यों के साथ वर्षों से लंबित समझौतों को आगे बढ़ाया गया है. राम जल सेतु-ईआरसीपी योजना से 17 जिलों के लोगों और किसानों को पानी मिलेगा तथा चार लाख हेक्टेयर से अधिक भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी. उन्होंने शेखावाटी के लिए यमुना जल समझौते और बाड़मेर-सांचौर क्षेत्र के लिए नर्मदा जल समझौते का भी उल्लेख किया.
पढ़ें: बीकानेर पहुंचे सीएम भजनलाल शर्मा, बोले- निकाय चुनाव में जनता ने सरकार के काम पर मुहर लगाई
माही डैम योजना से प्रतापगढ़ को पानी देने का दावा: मुख्यमंत्री ने कहा कि माही डैम योजना के तहत डूंगरपुर, बांसवाड़ा और प्रतापगढ़ के लिए पेयजल और सिंचाई के लिए करीब 4500 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं. उन्होंने सोम-कमला और देवास योजना का भी जिक्र किया. उदयपुर, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा और राजसमंद के लिए पानी पहुंचाने की दिशा में काम चल रहा है और देवास योजना के तहत करीब साढ़े चार किलोमीटर लंबी सुरंग का काम पूरा हो गया है.
2027 तक किसानों को दिन में बिजली देने का लक्ष्य: मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को कृषि कार्य के लिए दिन में बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है. 26 जिलों में दिन के समय बिजली की शुरुआत की जा चुकी है और 2027 तक सभी किसानों को दिन में बिजली देने का लक्ष्य है. उन्होंने बताया कि उदयपुर, भरतपुर और हनुमानगढ़ में 400 केवी के जीएसएस बनाए जा रहे हैं.
गांव, किसान और आदिवासी संस्कृति पर मुख्यमंत्री का जोर: मुख्यमंत्री ने प्रतापगढ़ की जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और गांवों का विशेष उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि प्रतापगढ़ में मालवा, मेवाड़ और बागड़ की संस्कृति का संगम है और थेवा कला के कारण भी जिले की अलग पहचान है.मुख्यमंत्री ने मई में ग्राम विकास चौपाल के दौरान भमोरी गांव में रात्रि विश्राम का जिक्र करते हुए कहा कि वहां उन्हें ग्रामीणों और कलाकारों से मिलने का अवसर मिला था. उन्होंने भमोरी में प्रस्तुत गैर नृत्य का भी उल्लेख किया.मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव के किसान, मजदूर, पशुपालक, महिलाएं और बुजुर्ग सरल जीवन जीते हैं और सरकार गांवों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर काम कर रही है.
राजीविका महिलाओं के उत्पादों को सरकारी खरीद से जोड़ने की पहल: मुख्यमंत्री ने कहा कि राजीविका से जुड़ी महिलाएं विभिन्न उत्पाद तैयार करती हैं. इन उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ सरकारी खरीद से जोड़ने की दिशा में काम किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि उपभोक्ता भंडारों से कनेक्टिविटी के लिए एमओयू किया गया है, जिसके तहत महिलाओं के उत्पादों को उपभोक्ता भंडार, हॉस्टल, सर्किट हाउस सहित अन्य सरकारी संस्थानों तक पहुंचाया जाएगा.
अटल ज्ञान केंद्रों पर सरकार का फोकस: मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण युवाओं को पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए शहरों की ओर न जाना पड़े, इसके लिए प्रत्येक पंचायत में अटल ज्ञान केंद्र विकसित किए जा रहे हैं. करीब 3000 अटल ज्ञान केंद्रों पर काम चल रहा है, जिनमें से करीब 800 केंद्र तैयार हो चुके हैं. इनमें लाइब्रेरी, ई-लाइब्रेरी, ऑनलाइन कोचिंग और ऑनलाइन आवेदन जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी.
जनजातीय क्षेत्र के विकास और युवाओं पर जोर: मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान पर कहा- आदिवासी क्षेत्रों में पक्के मकान, बिजली, साफ पानी, स्वास्थ्य और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं पर काम किया जा रहा है. जनजातीय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों का नेटवर्क विकसित किया गया है. उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज का कोई बच्चा डॉक्टर, इंजीनियर या अन्य पेशेवर बनेगा तो उसका लाभ पूरे क्षेत्र को मिलेगा. सरकार जनजातीय क्षेत्र में रोजगार, महिला सशक्तिकरण और किसानों की समृद्धि को प्राथमिकता दे रही है.
जनजातीय महिलाओं और किसानों के लिए योजनाओं का जिक्र: मुख्यमंत्री ने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत महिला कर्मियों के मानदेय में दो बार 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है. उन्होंने वन धन विकास केंद्रों, कौशल विकास केंद्र, आदि गौरव सम्मान, बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती से जुड़े कार्यक्रमों और जनजातीय विद्यार्थियों को दी जाने वाली सहायता का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के देय भत्ते को 2500 रुपए से बढ़ाकर 3250 रुपए किया गया है. जनजातीय कृषकों को निशुल्क हाइब्रिड और सब्जी बीज मिनीकिट के तहत 2 लाख 36 हजार मिनीकिट वितरित किए गए हैं. मुख्यमंत्री ने जनजातीय कला और संस्कृति के दस्तावेजीकरण के लिए योजना शुरू किए जाने की भी जानकारी दी.
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार काम कर रही है: मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसान, मजदूर, पशुपालक और ग्रामीण परिवारों को सुविधाएं देने के लिए काम कर रही है. जनसभा के बाद वे महाविद्यालय ऑडिटोरियम में भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में भी शामिल हुए.
मुख्यमंत्री के भाषण में कांग्रेस पर निशाना: सभा के अंतिम हिस्से में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर झूठे वादे और अफवाहें फैलाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार में लिप्त रही, जबकि उनकी सरकार विकास और जनसुविधाओं पर काम कर रही है.
पढ़ें- गणेश चतुर्थी की धूम: मोती डूंगरी मंदिर पहुंचे सीएम भजनलाल, की सुख-समृद्धि की कामना
उदयपुर में बोले सीएम, 'जनसेवा का महायज्ञ': मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को उदयपुर में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि निकाय चुनाव में मिली सफलता के बाद अब आगामी पंचायत चुनावों में संगठन को पूरी ताकत के साथ सरकार के विकास कार्यों का डंका प्रत्येक गांव, ग्राम पंचायत और वार्ड तक बजाना है. उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव को केवल चुनाव न मानकर 'जनसेवा का महायज्ञ' समझ काम करें. प्रत्येक बूथ के प्रत्येक लाभार्थी तक नियमित संपर्क कर प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए. मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार केवल वादे करने में नहीं, बल्कि काम को धरातल पर उतारने में विश्वास रखती है. हमारी सरकार ने 33 महीनों में ऐसे उल्लेखनीय कार्य किए हैं, जिन्हें कांग्रेस अपने पांच साल के कार्यकाल में भी नहीं कर पाई.
Powered by Reporting Rajasthan Files
संबंधित ख़बरें

Rajasthan CM announces Rs 924 crore projects for Udaipur division

Exclusive: जयपुर को मिली पहली महिला उपमहापौर, बीजेपी की सरोज कंवर 89 वोटों से जीतीं, बोलीं- ये मेरे लिए बड़ा सरप्राइज

राजस्थान में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज: जयपुर समेत 12 जिलों में येलो अलर्ट, बारिश व तेज हवाओं के आसार


