जयपुर में बीजेपी 57 वार्ड जीती, कांग्रेस 40 पर: 11 सीटों पर निर्दलीय विजयी
जयपुर में बीजेपी 57 वार्ड जीती, कांग्रेस 40 पर: 11 सीटों पर निर्दलीय विजयी सीकर रोड स्थित भवानी निकेतन परिसर के फार्मेसी कॉलेज में मतगणना हो रही है। यहां ईवीएम मशीनों से वोटों की गिनती की जा रही है। इससे पहले बैलेट पेपर…

सौजन्य से:- Hindustan
जयपुर में बीजेपी 57 वार्ड जीती, कांग्रेस 40 पर: 11 सीटों पर निर्दलीय विजयी
सीकर रोड स्थित भवानी निकेतन परिसर के फार्मेसी कॉलेज में मतगणना हो रही है। यहां ईवीएम मशीनों से वोटों की गिनती की जा रही है। इससे पहले बैलेट पेपर की गणना पूरी की गई।
जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में हुए मतदान की मतगणना जारी है। अब तक बीजेपी ने 57 वार्डों में जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस 40 वार्डों में विजयी रही है। वहीं 11 सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है। वार्ड 25 और 47 में EVM मशीन में तकनीकी खराबी के कारण मतगणना फिलहाल रोक दी गई है। इसके अलावा वार्ड 34 और 72 के परिणाम भी फिलहाल होल्ड पर रखे गए हैं। वार्ड 112 से बीजेपी के सुनील कोठारी ने जीत दर्ज की है। कोठारी की जीत के बाद समर्थकों में उत्साह का माहौल है। उन्हें जयपुर नगर निगम में मेयर पद के दावेदारों में प्रमुख नाम माना जा रहा है। वार्ड 71 से कांग्रेस प्रत्याशी फाइज हसन ने जीत हासिल की है। खास बात यह है कि फाइज हसन की उम्र महज 21 साल है। इस जीत के साथ जयपुर नगर निगम में जेन-जी की एंट्री हुई है। इस वार्ड में निर्दलीय प्रत्याशी दूसरे और बीजेपी उम्मीदवार तीसरे स्थान पर रहे।
नगरनिगम चुनाव जयपुर वार्ड नम्बर 146 भट्टा बस्ती शास्त्री नगर से Aimim- All India Majlis-E-Ittehadul Muslimeen के समर्थित उम्मीदवार Luqmaan Malkan Khan की वालीदा फिरोज बानो की फ़तेह हुई है।
2:20 PM: वार्ड 108 में कांग्रेस प्रत्याशी ने लगाया 1400 वोट की गड़बड़ी का आरोप
वार्ड 108 में कांग्रेस प्रत्याशी ने करीब 1400 वोट की गड़बड़ी का आरोप लगाया है। प्रत्याशी ने मतगणना पर सवाल उठाते हुए री-काउंटिंग की मांग की है।
2:15 PM: जीत के बाद भावुक हुए निर्दलीय प्रत्याशी रईस, समर्थकों ने घेरा
वार्ड 109 से निर्दलीय प्रत्याशी रईस जीत के बाद भावुक हो गए। जीत के बाद उनके समर्थक भी उनके साथ मौजूद रहे और इस दौरान माहौल भावुक नजर आया।
2:10 PM: कम मार्जिन वाली सीटों पर BJP प्रभाव डालने की कोशिश कर रही: कांग्रेस जिला अध्यक्ष
कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुनील शर्मा ने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा अपने अनधिकृत प्रभाव का इस्तेमाल कर कम मार्जिन वाली सीटों पर दबाव बनाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, “हमने कलेक्टर से भी बात की है। लोकतंत्र में निष्पक्षता होनी चाहिए। जो जीत रहा है, उसे जिताया जाए और जो हार रहा है, उसे हराया जाए।”
1:50PM : वार्ड 24 में निर्दलीय प्रत्याशी ने किया हंगामा, री-काउंटिंग की मांग
जयपुर नगर निगम के वार्ड 24 से निर्दलीय प्रत्याशी विनोद शर्मा ने मतगणना केंद्र के कमरा नंबर 16 में हंगामा कर दिया। विनोद शर्मा ने आरोप लगाया कि मतगणना के दौरान उन्हें पहले आगे दिखाया गया, लेकिन बाद में भाजपा प्रत्याशी को विजयी घोषित कर दिया गया। इसके विरोध में उन्होंने री-काउंटिंग की मांग की।
1:25 PM रफीक खान बोले- बीजेपी ने हमारी जीती सीटों को अपना बताया
कांग्रेस विधायक रफीक खान ने जयपुर नगर निगम चुनाव के अब तक आए नतीजों को लेकर बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी उन सीटों पर भी अपनी जीत बता रही है, जहां कांग्रेस के प्रत्याशी जीत रहे हैं। रफीक खान ने दावा किया कि कांग्रेस प्रत्याशी लगातार जीत रहे हैं, लेकिन कुछ साइटों पर बीजेपी की जीत दिखाई जा रही है। उन्होंने बीजेपी से फर्जीवाड़ा बंद करने की मांग करते हुए कहा कि कांग्रेस अपने वार्डों में ज्यादातर सीटों पर जीत दर्ज कर रही है।
11:40 AM:वार्ड 25 का रिजल्ट होल्ड, EVM में खराबी
वार्ड 25 में एक EVM मशीन में तकनीकी खराबी के चलते उसकी मतगणना नहीं हो सकी, जिसके कारण चुनाव परिणाम होल्ड कर दिया गया है। वहीं, वार्ड 47 में भाजपा प्रत्याशी दीपा नाथावत आगे चल रही थीं, लेकिन यहां भी परिणाम होल्ड कर दिया गया है। दोनों वार्डों के अंतिम नतीजे बाद में स्पष्ट होंगे।
10:45 AM : वार्ड 113 से कांग्रेस के गजनफर अली की रिकॉर्ड जीत
वार्ड 113 से कांग्रेस प्रत्याशी गजनफर अली ने 10,014 मतों के रिकॉर्ड अंतर से जीत दर्ज की। जीत के बाद उन्होंने मतदाताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि वार्ड का विकास उनकी पहली प्राथमिकता रहेगा। उन्होंने कहा कि वार्ड को स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ विकास कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
10:20 AM: वार्ड 71 में कांग्रेस की जीत, निर्दलीय दूसरे नंबर पर
वार्ड 71 से कांग्रेस के फाइज़ हसन ने 5426 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। निर्दलीय मोहम्मद सलीम 5256 वोट के साथ दूसरे नंबर पर रहे, जबकि बीजेपी की निशा गौड़ तीसरे स्थान पर रहीं।
10:12 AM: वार्ड 112 से बीजेपी के सुनील कोठारी जीते
जयपुर नगर निगम के वार्ड 112 से बीजेपी के सुनील कोठारी ने 905 वोटों से जीत दर्ज की है। कोठारी की जीत के बाद उनके समर्थकों ने जश्न मनाया। उन्हें जयपुर में मेयर पद के संभावित दावेदारों में भी माना जा रहा है।
10:10 AM :वार्ड 101 में बीजेपी के रविशंकर शर्मा की जीत
जयपुर नगर निगम के वार्ड 101 से बीजेपी के रविशंकर शर्मा ने जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस के दुर्गेश शर्मा को कड़े मुकाबले में हराया। रविशंकर शर्मा की जीत का अंतर महज 76 वोट रहा।
10:00 AM :बीजेपी ने 9 वार्डों में जीत दर्ज की
जयपुर नगर निगम के अब तक घोषित नतीजों में बीजेपी ने 9 वार्डों में जीत दर्ज की है। बीजेपी ने वार्ड 31, 32, 41, 42, 91, 111, 122, 131 और 141 में जीत हासिल की। वहीं कांग्रेस के खाते में वार्ड 21 और 51 गए हैं। वार्ड 1 में निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है।
9:50 AM: वार्ड 41 और 31 में बीजेपी की जीत
मतगणना के शुरुआती दौर में बीजेपी को दो वार्डों में जीत मिली है। वार्ड 41 से बीजेपी के दया सिंह और वार्ड 31 से बीजेपी के विजय सिंह ने जीत दर्ज की है। वहीं एक वार्ड में निर्दलीय प्रत्याशी ने भी जीत हासिल की है। अन्य वार्डों में मतगणना जारी है और लगातार नए रुझान सामने आ रहे हैं।
9:30 AM: बीजेपी शुरुआती रुझानों में आगे
ईवीएम से वोटों की गिनती शुरू होने के बाद शुरुआती रुझान सामने आने लगे हैं। फिलहाल बीजेपी बढ़त बनाए हुए है। कांग्रेस और अन्य प्रत्याशियों के प्रदर्शन पर भी नजर बनी हुई है। जैसे-जैसे मतगणना के राउंड आगे बढ़ेंगे, मुकाबले की तस्वीर और स्पष्ट होगी।
मतगणना केंद्र पर 150 टेबल लगाई गईं
सीकर रोड स्थित भवानी निकेतन परिसर के फार्मेसी कॉलेज में मतगणना हो रही है। यहां ईवीएम मशीनों से वोटों की गिनती की जा रही है। इससे पहले बैलेट पेपर की गणना पूरी की गई। निर्वाचन शाखा ने मतगणना के लिए 15 कक्ष रिजर्व किए हैं और इनमें कुल 150 टेबल लगाई गई हैं।
723 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला
जयपुर के 150 वार्डों में कुल 723 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। मतगणना पूरी होने के साथ इन सभी प्रत्याशियों की जीत-हार का फैसला हो जाएगा। प्रशासन के मुताबिक दोपहर करीब 11 बजे तक सभी 150 वार्डों के नतीजे सामने आने की उम्मीद है।
जयपुर में किसका बनेगा बोर्ड?
मतगणना के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि जयपुर नगर निगम में अगला बोर्ड बीजेपी का बनेगा या कांग्रेस कोई बड़ा उलटफेर करेगी। जयपुर के नगर निकाय चुनावों में बीजेपी का दबदबा रहा है। साल 2020 में नगर निगम हैरिटेज में कांग्रेस ने निर्दलीय पार्षदों के सहयोग से बोर्ड बनाया था। इसके अलावा जयपुर में हुए अन्य चुनावों में बीजेपी का बोर्ड बनता रहा है।
63.55 फीसदी हुआ था मतदान
इस बार जयपुर नगर निगम चुनाव में रिकॉर्ड मतदान हुआ है। 150 वार्डों में 63.55 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। कुल 24 लाख 33 हजार 198 मतदाताओं में से 15 लाख 46 हजार 193 मतदाता वोट डालने पहुंचे थे। अब इन्हीं वोटों से जयपुर के अगले बोर्ड की तस्वीर सामने आ रही है।
वार्ड 100 में सबसे कम वोटिंग
मतदान प्रतिशत की बात करें तो वार्ड नंबर 100 में सबसे कम वोटिंग हुई थी। यहां कुल 16,607 मतदाता थे, जिनमें से 7,711 ने मतदान किया। इस तरह यहां मतदान प्रतिशत 46.43 फीसदी रहा।
Powered by Reporting Rajasthan Files
संबंधित ख़बरें

राजस्थान युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद का परिणाम जारी: 6 लाख से ज्यादा वोट लेकर अभिषेक चौधरी सबसे आगे

ACTION PLAN : सीएम भजनलाल शर्मा आज करेंगे नवनिर्वाचित निकाय प्रमुखों से संवाद, तय होगा 100 दिन का रोडमैप

From the edge of extinction, two captive-bred Great Indian Bustards released into wild in Rajasthan


