होमशिक्षा-करियरनिकाय और पंचायत चुनाव में दो और चार चरणों में मतदान
शिक्षा-करियर

निकाय और पंचायत चुनाव में दो और चार चरणों में मतदान

राजस्थान में 41 जिलों की 309 नगरीय निकायों में दो चरणों में मतदान होंगे, जबकि पंचायत चुनाव चार चरणों में होंगे। आयोग ने मतदान केंद्रों की संख्या और व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं।

Hindustan के अनुसार10 अगस्त 2026 को 04:15 pm बजे
निकाय और पंचायत चुनाव में दो और चार चरणों में मतदान

सौजन्य से:- Hindustan

राजस्थान में 2 चरणों में निकाय और 4 चरणों में पंचायत चुनाव होंगे

राजस्थान के 41 जिलों की कुल 309 नगरीय निकायों में चुनाव प्रस्तावित हैं। इनमें नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाएं शामिल हैं। इन निकायों में चुनाव दो चरणों में करवाए जाएंगे।

राजस्थान में आगामी नगरीय निकाय और पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव दो चरणों में करवाए जाएंगे। वहीं पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव चार चरणों में कराने की तैयारी है। राज्य निर्वाचन आयोग इसी महीने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर सकता है। चुनाव को लेकर सोमवार को सचिवालय में राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

बैठक में निकाय और पंचायत चुनाव की तैयारियों, मतदान केंद्रों की व्यवस्था, ईवीएम और बैलेट पेपर सहित चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर विभागवार तैयारियों की समीक्षा की गई। आयोग की ओर से चुनाव को लेकर जरूरी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

41 जिलों की 309 नगरीय निकायों में होंगे चुनाव

राजस्थान के 41 जिलों की कुल 309 नगरीय निकायों में चुनाव प्रस्तावित हैं। इनमें नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाएं शामिल हैं। इन निकायों में चुनाव दो चरणों में करवाए जाएंगे।

हालांकि फलोदी और सलूंबर ऐसे जिले होंगे, जहां जिले की सभी नगरीय निकायों के चुनाव एक ही चरण में पूरे करवाए जाएंगे। वहीं प्रदेश के बाकी 39 जिलों में नगरीय निकाय चुनाव दो चरणों में होंगे।

आयोग की ओर से पहले और दूसरे चरण में शामिल किए जाने वाले निकायों की तैयारियां पूरी की जा रही हैं। चुनाव कार्यक्रम जारी होने के बाद मतदान की तारीख, नामांकन प्रक्रिया और मतगणना से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आएगी।

निकाय चुनाव में बनेंगे 18 हजार पोलिंग बूथ

नगरीय निकाय चुनाव के लिए राज्य निर्वाचन आयोग करीब 18 हजार मतदान केंद्र बनाएगा। आयोग ने मतदान केंद्रों की संख्या और व्यवस्थाओं को लेकर भी तैयारियां शुरू कर दी हैं।

पहले चरण में 140 नगर निकायों को शामिल किया जाएगा। इन निकायों के 5,050 वार्डों में मतदान के लिए 10,185 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे।

वहीं दूसरे चरण में 169 नगर निकायों में चुनाव करवाए जाएंगे। इनमें कुल 5,195 वार्ड शामिल होंगे। दूसरे चरण के लिए 6,280 मतदान केंद्र बनाए जाने प्रस्तावित हैं।

इस तरह दोनों चरणों में प्रदेश की 309 नगरीय निकायों के चुनाव संपन्न करवाए जाएंगे।

पंचायत चुनाव 4 चरणों में होंगे

नगरीय निकाय चुनाव के साथ ही प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव भी करवाए जाएंगे। आयोग ने पंचायत चुनाव के लिए चार चरणों का प्रस्ताव तैयार किया है।

प्रदेश के 36 जिलों में पंचायत चुनाव चार चरणों में करवाए जाने की व्यवस्था प्रस्तावित है। वहीं चार जिलों में दो चरणों और एक जिले में एक चरण में चुनाव कराने की तैयारी है।

पंचायत चुनाव के लिए प्रदेशभर में करीब 48 हजार मतदान केंद्र बनाए जाने प्रस्तावित हैं। चुनाव के दौरान पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य और नगर निकाय सदस्यों के लिए ईवीएम से मतदान करवाया जाएगा।

सरपंच और वार्ड पंच के लिए बैलेट पेपर से वोटिंग

पंचायत चुनाव में मतदान की व्यवस्था अलग-अलग तरीके से होगी। पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य के चुनाव ईवीएम से करवाए जाएंगे। वहीं ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव बैलेट पेपर से करवाने की तैयारी है।

आयोग ने मतदान केंद्रों की संख्या, ईवीएम की उपलब्धता और चुनावी व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों के साथ समन्वय शुरू कर दिया है।

इसी महीने चुनाव कार्यक्रम जारी होने की संभावना

राज्य निर्वाचन आयोग की समीक्षा बैठक के बाद माना जा रहा है कि निकाय और पंचायत चुनाव की प्रक्रिया जल्द शुरू हो सकती है। प्रदेश की 309 नगरीय निकायों में चुनाव को लेकर इसी महीने घोषणा होने की संभावना है।

चुनाव कार्यक्रम जारी होने के साथ ही राजनीतिक दलों और संभावित उम्मीदवारों की सक्रियता भी बढ़ जाएगी। नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों को लेकर लंबे समय से तैयारी कर रहे दावेदारों को अब आधिकारिक चुनाव कार्यक्रम का इंतजार है।

आयोग का फोकस चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से पूरा कराने पर है। इसके लिए मतदान केंद्रों से लेकर ईवीएम, सुरक्षा व्यवस्था और कर्मचारियों की तैनाती तक की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

लेखक के बारे में

Sachin Sharmaसचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)

सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।

सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।

शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।

लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Powered by Reporting Rajasthan Files

संबंधित ख़बरें