राजस्थान के कोटा में नोनेरा डैम के 19 गेट खुले, झालावाड़ में 10 गांवों का संपर्क टूटा
राजस्थान के कोटा में नोनेरा डैम के 19 गेट खुले, झालावाड़ में 10 गांवों का संपर्क टूटा भारी बारिश का सबसे ज्यादा असर हाड़ौती क्षेत्र में देखने को मिला है। कोटा, बारां, बूंदी और झालावाड़ में कई जगहों पर 6 से 12 इंच तक बारि…

सौजन्य से:- Hindustan
राजस्थान के कोटा में नोनेरा डैम के 19 गेट खुले, झालावाड़ में 10 गांवों का संपर्क टूटा
भारी बारिश का सबसे ज्यादा असर हाड़ौती क्षेत्र में देखने को मिला है। कोटा, बारां, बूंदी और झालावाड़ में कई जगहों पर 6 से 12 इंच तक बारिश रिकॉर्ड हुई। झालावाड़ में नदियां उफान पर हैं और कई बांधों के गेट खोलकर पानी की निकासी की जा रही है।
राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। प्रदेश के कई जिलों में सोमवार को हुई भारी बारिश के बाद मंगलवार को भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज 6 जिलों में भारी से अतिभारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट और 17 जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अगले तीन दिन प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश हो सकती है।
भारी बारिश का सबसे ज्यादा असर हाड़ौती क्षेत्र में देखने को मिला है। कोटा, बारां, बूंदी और झालावाड़ में कई जगहों पर 6 से 12 इंच तक बारिश रिकॉर्ड हुई। झालावाड़ में नदियां उफान पर हैं और कई बांधों के गेट खोलकर पानी की निकासी की जा रही है। इसके चलते जिले के 10 गांवों का संपर्क टूट गया है। प्रशासन ने निचले इलाकों और नदी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
नोनेरा डैम के 19 गेट खोले, 4.15 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा
कोटा जिले में इटावा के पास स्थित नोनेरा एबरा बांध में पानी की आवक बढ़ने के बाद मंगलवार को 27 में से 19 गेट खोल दिए गए। बांध से करीब 4 लाख 15 हजार क्यूसेक पानी कालीसिंध नदी में छोड़ा जा रहा है। बांध का जलस्तर 214.50 मीटर पर मेंटेन किया जा रहा है।
इस मानसून सीजन में सोमवार को पहली बार नोनेरा डैम के तीन गेट खोले गए थे। इसके बाद लगातार बारिश और पानी की आवक बढ़ने पर गेटों की संख्या बढ़ाकर 19 कर दी गई। प्रशासन ने लोगों से नदी क्षेत्र से दूर रहने की अपील की है।
झालावाड़ में 12 इंच बारिश, नदियां उफनीं
झालावाड़ में सोमवार को हुई मूसलाधार बारिश से हालात बिगड़ गए। जिले के सुनेल इलाके में सबसे ज्यादा 300 MM यानी करीब 12 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। बाकनी में 270 MM, पिड़ावा में 262 MM, रायपुर में 220 MM, मनोहरथाना में 101 MM, झालावाड़ शहर में 88 MM, अकलेरा में 78 MM और गंगधार में 71 MM बारिश हुई।
लगातार बारिश के कारण कालीसिंध और आहू नदियां उफान पर हैं। कालीसिंध, छापी और राजगढ़ बांधों के गेट खोलकर पानी की निकासी की जा रही है। नदियों में पानी बढ़ने से करीब 10 गांवों का संपर्क टूट गया। गागरोन में आए जायरीन भी रास्ते बंद होने के कारण फंस गए।
कालीसिंध बांध के 13 गेट 4-4 मीटर खोलकर करीब 1,96,329 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। छापी बांध के 12 और राजगढ़ बांध के 6 गेट भी खोले गए हैं।
स्कूलों में छुट्टी, पानी में फंसे 40 बच्चे और शिक्षक रेस्क्यू
भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए झालावाड़ कलेक्टर ने मंगलवार को जिले के स्कूलों में छुट्टी घोषित की है। जिले के कचराखेड़ी स्थित सरकारी स्कूल में बारिश का पानी भरने से करीब 40 बच्चे और शिक्षक फंस गए। सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।
तेज बारिश के कारण भोपाल-इंदौर राजमार्ग पर भी करीब पांच घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
बिजली गिरने से युवक की मौत
डीडवाना-कुचामन जिले के नावां में सोमवार शाम बाइक सवार युवकों पर बिजली गिर गई। हादसे में 25 वर्षीय विक्की दायमा गंभीर रूप से झुलस गया। वह नमक फैक्ट्री में काम करता था और साथी जितेंद्र नरानिया के साथ घर लौट रहा था।
घटना के बाद विक्की को नावां के राजकीय उपजिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी और एसडीएम हुक्मीचंद रुलानिया अस्पताल पहुंचे। मंत्री ने परिवार को आपदा राहत प्रावधानों के तहत नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा दिया।
10 से ज्यादा जिलों में बारिश
पिछले 24 घंटे में कोटा, बूंदी, बारां, बांसवाड़ा, झुंझुनूं और प्रतापगढ़ समेत कई जिलों में भारी बारिश हुई। डूंगरपुर, उदयपुर, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, जयपुर और टोंक में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
उदयपुर संभाग में कुछ स्थानों पर करीब 6 इंच तक बारिश हुई। बारिश के बाद उदयपुर में मौसम सुहावना हो गया। वहीं कोटा की रामगंज मंडी कृषि उपज मंडी में पानी भर गया।
जयपुर में दोपहर बाद तेज बारिश
जयपुर में सोमवार को दिनभर उमस रही। दोपहर बाद मौसम बदला और चारदीवारी, एमआई रोड, टोंक रोड, आदर्श नगर और गोपालपुरा बाइपास सहित कई इलाकों में तेज बारिश हुई। जयपुर में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
सीकर में भी दोपहर बाद करीब आधे घंटे तक बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। अजमेर में बादलों की आवाजाही के बीच मौसम सुहावना रहा।
पश्चिमी राजस्थान में गर्मी और उमस
दक्षिणी और पूर्वी राजस्थान में जहां बारिश का दौर जारी है, वहीं पश्चिमी जिलों में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहा। जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, फलोदी और बीकानेर में सोमवार को धूप निकली। जैसलमेर में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जोधपुर में दिनभर बादल छाए रहे और तापमान करीब 33 डिग्री रहा। अलवर में तेज धूप के कारण उमस बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार अलवर में 11 अगस्त को मध्यम बारिश और 12 से 15 अगस्त के बीच हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।
अगले तीन दिन तेज बारिश का दौर
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मानसून ट्रफ बीकानेर, दतिया और उत्तरी मध्य प्रदेश के ऊपर बने लो-प्रेशर सिस्टम से होते हुए डालटनगंज और बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसके प्रभाव से कोटा और उदयपुर संभाग के जिलों में मंगलवार को भी कहीं-कहीं भारी से अतिभारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक राजस्थान के कई हिस्सों में तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में नदी, बांध और जलभराव वाले इलाकों में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
लेखक के बारे में
Sachin Sharmaसचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।
सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।
शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Powered by Reporting Rajasthan Files
संबंधित ख़बरें

झालावाड़ में नदियां उफनीं, 10 गांवों का संपर्क टूटा: कोटा के नोनेरा डैम के 19 गेट खोले, डीडवाना-कुचामन में बाइक सवारों पर बिजली गिरी - Jaipur News

कोटा- नोनेरा डैम के 19 गेट खोले,डीडवाना-कुचामन में बिजली गिरी: झालावाड़ में नदियां उफनीं, 10 गांवों का संपर्क टूटा; आज 6 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी - Jaipur News

डीडवाना-कुचामन में युवकों पर बिजली गिरी, एक मौत: झालावाड़ में नदियां उफनीं, 10 गांवों का संपर्क टूटा; आज 6 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी - Jaipur News


