जोधपुर अस्पतालों में प्रसूताओं की जानलेवा स्थिति: गलत ब्लड चढ़ाने का मामला, महिलाओं का उपचार जारी
जोधपुर के सरकारी अस्पतालों में प्रसव के बाद प्रसूताओं की जानलेवा परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं। उमेद अस्पताल में गलत ब्लड चढ़ाने का मामला सामने आया है, जिसके बाद प्रसूता को एम्स रेफर किया गया है।

सौजन्य से:- ETV Bharat
जोधपुर: उमेद अस्पताल में गलत ब्लड चढ़ाने का मामला, प्रसूता को एम्स रेफर किया, 10 अन्य का इलाज जारी
जोधपुर के सरकारी अस्पतालों में प्रसव के बाद प्रसूताओं की जानलेवा परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं.
Published : July 23, 2026 at 9:00 PM IST
जोधपुर: प्रसव के बाद प्रसूताओं के स्वास्थ्य में होने वाली परेशानी का सिलसिला अभी थमा नहीं है. हर दिन डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज से संबद्ध अस्पतालों में दूर-दराज से रेफर होकर ऐसे क्रिटिकल मामले आ रहे हैं. गुरुवार देर शाम को मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य द्वारा जारी मेडिकल बुलेटिन में बताया गया कि उमेद अस्पताल में जिस प्रसूता धापू को गलत ग्रुप का ब्लड चढ़ा था, उसे एम्स रेफर कर दिया गया है.
वर्तमान में 4 प्रसूताएं उमेद अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं, जबकि दो यहां एचडीयू में उपचाररत हैं. मथुरादास माथुर व महात्मा गांधी अस्पताल में दो-दो प्रसूताएं आईसीयू में भर्ती हैं. तीनों अस्पतालों में कुल दस प्रसूताओं का उपचार चल रहा है, इनमें वर्तमान में तीन महिलाएं वेंटीलेटर पर भी हैं, जिनका वरिष्ठ डॉक्टरों की देखरेख में उपचार चल रहा है. प्राचार्य डॉ. बीएस जोधा ने बताया कि मिसमैच ब्लड ट्रांसफ्यूजन वाली धापू को बेहतर उपचार के लिए एम्स रेफर किया गया है.
इसे भी पढ़ें- जोधपुर उम्मेद अस्पताल की लापरवाही: नाम की गफलत में प्रसूता को चढ़ा दिया 'B+' की जगह 'O+' ब्लड
2.5 मिलीग्राम हिमोग्लोबिन खून: प्राचार्य ने बताया कि एमडीएम अस्पताल में दो नई महिलाओं को आईसीयू में भर्ती किया गया है. इनमें बाड़मेर से आई रेखा आठ माह की गर्भवती थी, वह सिर्फ 2.5 हिमोग्लोबिन के साथ यहां रेफर होकर आई थी. आपातकाल में उसे तीन यूनिट ब्लड चढ़ाया गया. उसके बाद सिजेरियन किया गया. सिजेरियन के बाद भी दो यूनिट ब्लड और 6 यूनिट प्लाज्मा ट्रांसफ्यूज किए गए हैं.
डॉ. बीएस जोधा ने बताया कि उसके साथ आए परिजनों ने वॉलंटरी ब्लड डोनेशन भी नहीं किया. उसे वेंटीलेटर पर रखा गया है, उसकी हालत स्थिर है. दूसरी मरीज बावड़ी अस्पताल से आई थी, जिसमें हाई ब्लड प्रेशर था. बुधवार रात को उसका सिजेरियन किया गया. उसे भी वेंटीलेटर पर रखा गया है. डॉक्टरों की टीम निगरानी कर रही है.
उमेद में छह गंभीर भर्ती: उमेद अस्पताल के आईसीयू में चार प्रसूताएं भर्ती हैं. इनमें ओसियां से रेफर होकर आई सरोज वेंटीलेटर पर है. उसकी हालत स्थिर है. वहीं, बालोतरा से प्रसव के बाद गर्भाशय फटने पर यहां 21 जुलाई को रेफर होकर आई अनिता का यहां ऑपरेशन किया गया है. उसका आज वेंटीलेटर हटा दिया गया है. बुधवार को मीनू बानो और गुड्डी यहां भर्ती हुई थीं. दोनों का सिजेरियन हुआ था. स्थिर हालत में यहां रखा गया है.
डॉ. जोधा ने बताया कि पूर्व में यहां भर्ती मरीज रेखा पत्नी किशनाराम व रूपा पत्नी ओमप्रकाश की स्थिति बेहतर होने पर एचडीयू में रखा गया है. महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती उषा के ज्यादा ब्लीडिंग होने पर उमेद से 18 जुलाई को एमजीएच लाया गया था, उसका डायलिसिस हो रहा है. गुरुवार को उमेद से शिफ्ट की गई रेखा पत्नी गणेशराम को यहां आईसीयू में रखा गया है.
इसे भी पढ़ें- जोधपुर उम्मेद अस्पताल की लापरवाही: नाम की गफलत में प्रसूता को चढ़ा दिया 'B+' की जगह 'O+' ब्लड
Powered by Reporting Rajasthan Files





