Nikay Chunav 2026 : अलवर-भरतपुर में सीएम का रोड शो, कांग्रेस पर जमकर बरसे भजनलाल, कही ये बड़ी बात
Nikay Chunav 2026 : अलवर-भरतपुर में सीएम का रोड शो, कांग्रेस पर जमकर बरसे भजनलाल, कही ये बड़ी बात अलवर में सीएम बोले- भाजपा का बोर्ड बनने पर तेजी से विकास कार्य होगा. भरतपुर में कहा- कांग्रेस को सबक सिखाना होगा... Publis…

सौजन्य से:- ETV Bharat
Nikay Chunav 2026 : अलवर-भरतपुर में सीएम का रोड शो, कांग्रेस पर जमकर बरसे भजनलाल, कही ये बड़ी बात
अलवर में सीएम बोले- भाजपा का बोर्ड बनने पर तेजी से विकास कार्य होगा. भरतपुर में कहा- कांग्रेस को सबक सिखाना होगा...
Published : September 7, 2026 at 5:31 PM IST
अलवर/भरतपुर: मुख्यमंंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान तीन-चार दशक से अटकी विकास की योजनाओं को भाजपा सरकार के ढाई साल के शासन में गति मिली है. उन्होंने कांग्रेस पर केवल झूठे वादे करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार ने बिजली उत्पादन बढ़ाने, पानी लाने की परियोजनाओं को मंजूरी दिलाने, युवाओं को नौकरी देने सहित विकास के अनेक कार्य किए हैं.
उन्होंने कहा कि अब निकाय में भाजपा बोर्ड बनने के बाद ट्रिपल इंजन की सरकार तेजी से विकास के कार्य कर आम आदमी को राहत देने का कार्य करेगी. उन्होंने लोगों से आगामी 9 सितंबर को भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को अलवर में रोड शो के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित किया.
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अलवर में रोड शो के दौरान ईटीवी भारत से बातचीत में कहा कि अलवर के लोगों में भाजपा के प्रति विश्वास है और लोगों का यह विश्वास साफ तौर पर दिखाई दिया. उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में डबल इंजन की सरकार तेजी से विकास के कार्य कर रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार के ढाई साल के कार्यकाल में प्रदेश में कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम हुए हैं.
सीएम ने कहा कि भाजपा सरकार ने महिला सशक्तिकरण, युवाओं को रोजगार और प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया है. उन्होंने कहा कि जनता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर भरोसा है और इसी विश्वास के आधार पर आगामी निकाय चुनाव में भाजपा के पक्ष में बढ़-चढ़कर मतदान होगा.
पढ़ें : बीकानेर में सीएम का रोड शो: सीएम बोले, 'ढाई साल के कार्यकाल में करीब 78 फीसदी वादों को पूरा किया'
ढाई साल में 1.89 लाख युवाओं को दिए नियुक्ति पत्र : मुख्यमंत्री ने रोड शो के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश में रोजगार के मुद्दे पर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के ढाई साल के कार्यकाल में प्रदेश के 1.89 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं. करीब 1.22 लाख नौकरियां तैयार हैं, जबकि विभिन्न विभागों में करीब 70 हजार रिक्तियों के लिए प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है.
आज अलवर में श्री जगन्नाथ जी मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं मंगल की कामना की।
— Bhajanlal Sharma (@BhajanlalBjp) September 7, 2026
श्री जगन्नाथ जी की कृपा से राजस्थान में सुख, शांति और समृद्धि का निरंतर विस्तार हो तथा प्रदेशवासियों के जीवन में खुशहाली बनी रहे, यही कामना है।
इस अवसर पर माननीय… pic.twitter.com/kmr1aXovoj
भजनलाल ने कहा कि सरकारी नौकरियों के साथ निजी क्षेत्र में भी करीब साढ़े चार लाख युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया गया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के अभी ढाई साल पूरे ही हुए हैं और आगामी ढाई साल में प्रदेश की जनता को विकास और रोजगार के क्षेत्र में और काम देखने को मिलेंगे.
भाजपा का बोर्ड बना तो 'ट्रिपल इंजन' से होगा विकास : मुख्यमंत्री शर्मा ने अलवर नगर निगम चुनाव को स्थानीय विकास से जोड़ते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश में डबल इंजन की सरकार विकास के काम कर रही है. वहीं, अलवर नगर निगम में भाजपा का बोर्ड बनता है तो ट्रिपल इंजन की सरकार के माध्यम से शहर में विकास कार्यों को और तेजी मिलेगी. उन्होंने कहा कि पहले निकाय और पंचायत चुनाव की प्रक्रिया लंबे समय तक चलती रहती थी, जिसके चलते प्रशासन का काफी समय चुनाव प्रक्रिया में बीत जाता था, लेकिन अब वन स्टेट वन इलेक्शन व्यवस्था के तहत पंच, सरपंच, महापौर और सभापति सहित निकाय एवं पंचायत चुनाव दो माह की अवधि में पूरे किए जा सकेंगे. इससे विकास कार्यों को गति मिलेगी और सरकार तथा स्थानीय निकाय लंबे समय तक चुनावी प्रक्रिया में उलझे नहीं रहेंगे.
पानी की योजनाओं को बताया राजस्थान के लिए महत्वपूर्ण : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश में जल संकट के समाधान के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया. उन्होंने ईआरसीपी, राम जल सेतु योजना, यमुना जल समझौता, इंदिरा गांधी नहर से जुड़ी योजनाओं, नर्मदा परियोजना और जवाई बांध से संबंधित परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन योजनाओं के जरिए राजस्थान के जल संकट को दूर करने की दिशा में काम किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इन परियोजनाओं का प्रदेश को व्यापक लाभ मिलेगा और पानी की समस्या के समाधान में ये योजनाएं मील का पत्थर साबित होंगी.
— Bhajanlal Sharma (@BhajanlalBjp) September 7, 2026
पढ़ें : जोधपुर नगर निगम चुनाव: सीएम भजनलाल का रोड शो, पेपर लीक और भ्रष्टाचार पर कांग्रेस को घेरा
राजस्थान अब दूसरे राज्यों को बिजली देने की स्थिति में : मुख्यमंत्री शर्मा ने बिजली के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के पांच साल के कार्यकाल में करीब 3900 मेगावाट बिजली का उत्पादन हुआ था, जबकि भाजपा सरकार ने ढाई साल में करीब 12 हजार मेगावाट बिजली उत्पादन की दिशा में काम किया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले राजस्थान को बिजली संकट वाले प्रदेश के तौर पर देखा जाता था, लेकिन अब स्थिति बदल रही है और राजस्थान पिछले चार महीने से दूसरे राज्यों को बिजली देने की स्थिति में है. उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश के 26 जिलों में किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध कराई जा रही है.
डेयरी और रोडवेज को लेकर कांग्रेस पर किया कटाक्ष : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस के लोग अलवर की डेयरी और रोडवेज को लेकर सवाल उठाते थे. उन्होंने दावा किया कि जिस डेयरी को कांग्रेस के लोग घाटे में बताते थे, वह अब मुनाफे की स्थिति में है. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में दूध का दैनिक संकलन पहले करीब 34 लाख लीटर था, जो अब बढ़कर 47 लाख लीटर हो गया है. उन्होंने रोडवेज को लेकर भी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और कहा कि राजस्थान के बस डिपो अब फायदे में चल रहे हैं. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने एक हजार बसें खरीदी हैं और आने वाले समय में भी करीब एक हजार और बसें खरीदी जाएंगी.
कांग्रेस पर भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था को लेकर बोला हमला : मुख्यमंत्री शर्मा ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण, लूट और झूठ की राजनीति होती थी. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आने के बाद प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति में सुधार हुआ है. अलवर की कानून व्यवस्था का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती कांग्रेस शासन पर महिलाओं के साथ अत्याचार की घटनाओं को लेकर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर गंभीरता से काम कर रही है.
रोड शो में उमड़ा भाजपा कार्यकर्ताओं का हुजूम : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के रोड शो के दौरान शहर में जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ नजर आई. भाजपा प्रत्याशियों और नेताओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया. रोड शो के जरिए मुख्यमंत्री ने नगर निगम चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के लिए समर्थन जुटाया. मुख्यमंत्री ने पुराना कटला स्थित सुभाष चौक के जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद रोड शो शुरू किया. रोड शो त्रिपोलिया, बजाजा बाजार, होपसर्कस, चर्च रोड होते हुए मन्नी का बड़ पहुंच समाप्त हुआ. रोड शो में मुख्यमंत्री के साथ केन्द्रीय वन मंत्री एवं अलवर सांसद भूपेन्द्र यादव, प्रदेश के वन मंत्री संजय शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे.
भरतपुर में भजनलाल बोले- कांग्रेस को सबक सिखाना होगा : निकाय चुनाव से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को अपने गृह जिले भरतपुर में रोड शो कर पार्टी के चुनावी अभियान को धार दी. बिजलीघर चौराहे से लक्ष्मण मंदिर तक निकले रोड शो में भाजपा के कई प्रमुख नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए. इस दौरान मुख्यमंत्री ने विकास के मुद्दे पर भाजपा के पक्ष में समर्थन की अपील की. वहीं, कांग्रेस पर भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और लूट की राजनीति के आरोप लगाते हुए जनता से आगामी चुनाव में जवाब देने का आह्वान किया.
रोड शो के दौरान लक्ष्मण मंदिर पर मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को सबक सिखाना होगा. उन्होंने कांग्रेस पर 'लूट और छूट' की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसे भ्रष्टाचारियों को सबक सिखाना होगा, जिनके नेता भी जेल में हैं और अधिकारी भी जेल में हैं.
प्रलोभन दें तो फटकारो और घर से निकाल दो : मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं और जनता से आगामी चुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के साथ विकसित राज्य, निकाय और पंचायत बनाने का लक्ष्य है. इसके लिए सभी को मिलकर काम करना होगा. उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जिले और प्रदेश में अपने मिलने वालों को फोन करें और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत और विकसित राज्य के अभियान का समर्थन करें. मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले और प्रदेश को मजबूत बनाने के लिए हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी.
उन्होंने कहा कि अगर घर का कोई काम हो और गांव के काम के लिए उसका त्याग करना पड़े तो गांव के काम को प्राथमिकता देनी चाहिए. इसी तरह जिले और प्रदेश को मजबूत करने के लिए भी व्यक्तिगत हित से ऊपर उठकर काम करना होगा. मुख्यमंत्री ने चुनाव के दौरान मतदाताओं को मिलने वाले संभावित प्रलोभनों को लेकर भी कार्यकर्ताओं और जनता को आगाह किया. उन्होंने कहा कि यदि कोई प्रलोभन या लालच दे तो उसे फटकारना चाहिए और घर से बाहर निकाल देना चाहिए. मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने कभी देश की चिंता नहीं की. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा झूठ, लूट और तुष्टिकरण का सहारा लेती रही है. उन्होंने जनता से ऐसे लोगों को जवाब देने की अपील की.
Powered by Reporting Rajasthan Files
संबंधित ख़बरें

दिल्ली इमारत हादसा: मकान मालिक को पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार किया

राजस्थान निकाय चुनाव: कोटा में पैसों का लिफाफा मिलने का आरोप, प्रदर्शन

रावतसर में पुलिस-युवा संवाद: आईजी ने साइबर ठगी से बचने के बताए तरीके, महिला सुरक्षा कानूनों की दी जानकारी - Hanumangarh News


