घर के पास शौच करने पर पड़ोसी ने तलवार से की हत्या, गर्दन धड़ से अलग हुई
राजस्थान के उदयपुर जिले में घर के पास शौच करने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की तलवार से बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपी मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

सौजन्य से:- Hindustan
उदयपुर में घर के पास शौच करने पर पड़ोसी ने तलवार से की हत्या; एक ही वार में धड़ से अलग हुई गर्दन
दोनों के बीच झगड़े की आवाज सुनकर देवीलाल की मां लक्ष्मी बाई और उसका भाई डालचंद घर से बाहर निकल आए। उन्होंने दोनों को शांत कराने की कोशिश की। कुछ देर तक मामला शांत होता दिखाई दिया
राजस्थान के उदयपुर जिले में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गोगुंदा थाना क्षेत्र में घर के पास शौच करने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की तलवार से बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि पड़ोसी ने गुस्से में तलवार से ऐसा वार किया कि मृतक की गर्दन धड़ से अलग हो गई। वारदात के दौरान मृतक की मां और भाई उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
यह घटना बुधवार रात करीब 10 बजे गोगुंदा कस्बे के खटीक मोहल्ला में हुई। सूचना मिलने पर गोगुंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर गोगुंदा अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। मामले में हत्या का केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।
खाना खाने से पहले बाहर गया था मृतक
पुलिस के अनुसार, खटीक मोहल्ला निवासी देवीलाल उर्फ राजा बाबू खटीक (55) मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। बुधवार रात उसकी मां लक्ष्मी बाई ने खाना बनाया था और देवीलाल भोजन करने बैठने ही वाला था। इसी दौरान उसे शौच के लिए बाहर जाना पड़ा।
बताया जा रहा है कि वह अपने घर के सामने रहने वाले पड़ोसी ओमप्रकाश के मकान के पास शौच करने लगा। इसे देखकर ओमप्रकाश ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में तीखे विवाद में बदल गई।
बीच-बचाव करने पहुंचे मां और भाई
दोनों के बीच झगड़े की आवाज सुनकर देवीलाल की मां लक्ष्मी बाई और उसका भाई डालचंद घर से बाहर निकल आए। उन्होंने दोनों को शांत कराने की कोशिश की। कुछ देर तक मामला शांत होता दिखाई दिया, लेकिन तभी आरोपी ओमप्रकाश अपने घर के अंदर गया और तलवार लेकर वापस लौटा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने बिना ज्यादा बहस किए सीधे देवीलाल की गर्दन पर तलवार से जोरदार वार कर दिया। वार इतना तेज था कि गर्दन धड़ से अलग हो गई और देवीलाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पूरी घटना के दौरान मां और भाई बेबस होकर देखते रह गए और उसे बचा नहीं सके।
वारदात के बाद आरोपी फरार
हत्या के बाद आरोपी ओमप्रकाश मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गोगुंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की।
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और मौके से अन्य साक्ष्य जुटाए। हालांकि, हत्या में इस्तेमाल की गई तलवार घटनास्थल से बरामद नहीं हो सकी। आशंका है कि आरोपी हथियार अपने साथ ले गया।
आमने-सामने हैं दोनों के मकान
गोगुंदा थाना प्रभारी प्रवीण सिंह राजपुरोहित ने बताया कि मृतक और आरोपी दोनों के मकान आमने-सामने स्थित हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक ने आरोपी के मकान के पास शौच किया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और आरोपी ने गुस्से में आकर तलवार से हमला कर दिया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मजदूरी कर चलाता था परिवार
जानकारी के अनुसार, मृतक देवीलाल मजदूरी कर अपने परिवार का गुजारा करता था। वहीं आरोपी ओमप्रकाश भी मजदूर है। दोनों परिवार लंबे समय से आमने-सामने रहते थे। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या दोनों के बीच पहले से किसी प्रकार का विवाद था या फिर घटना केवल उसी समय हुए झगड़े का परिणाम थी।
फिलहाल पुलिस पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंपने की तैयारी कर रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और मोहल्ले में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटनाक्रम स्पष्ट हो सकेगा।
लेखक के बारे में
Sachin Sharmaसचिन शर्मा | वरिष्ठ पत्रकार (राजस्थान)
सचिन शर्मा राजस्थान के एक अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 6 वर्षों से अधिक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में राजस्थान सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल जर्नलिज्म तक, सचिन ने समाचारों की सटीकता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।
सचिन शर्मा का पत्रकारिता करियर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से शुरू हुआ, जहां उन्होंने जी राजस्थान में लगभग 3 वर्षों तक मेडिकल और एजुकेशन बीट पर रिपोर्टर के रूप में काम किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की। इसके बाद प्रिंट और डिजिटल मीडिया में सक्रिय रहते हुए उन्होंने राजनीति, प्रशासन, सामाजिक सरोकार और जन आंदोलन जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया।
शैक्षणिक रूप से, सचिन शर्मा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है, जिससे उन्हें फाइनेंस और आर्थिक मामलों की मजबूत समझ मिली। इसके बाद उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर पत्रकारिता की सैद्धांतिक और व्यावहारिक दक्षता हासिल की। सचिन शर्मा तथ्य-आधारित रिपोर्टिंग, स्रोतों की विश्वसनीयता और पाठकों के विश्वास को पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी मानते हैं।
Powered by Reporting Rajasthan Files
संबंधित ख़बरें

राजस्थान में साइबर अपराधों पर लगाम का वार

राजस्थान में अवैध घुसपैठ और फर्जी पहचान: बांग्लादेशी महिला और उसके सहयोगियों की गिरफ्तारी

भाजपा राज में पेपरलीक माफिया को पाला पोसा, सीएम अशोक गहलोत का ताजा हमला


