राजस्थान में लॉरेंस गैंग ने रची पूर्व विधायक संयम लोढ़ा की हत्या की साजिश; शूटर्स के मोबाइल में मिली फोटो
राजस्थान में लॉरेंस गैंग ने रची पूर्व विधायक संयम लोढ़ा की हत्या की साजिश; शूटर्स के मोबाइल में मिली फोटो पुलिस के अनुसार दोनों 2025 में पंजाब में हुई दो हत्याओं के बाद नेपाल चले गए थे। गैंग के कई शूटर जेल में होने के का…

सौजन्य से:- Hindustan
राजस्थान में लॉरेंस गैंग ने रची पूर्व विधायक संयम लोढ़ा की हत्या की साजिश; शूटर्स के मोबाइल में मिली फोटो
पुलिस के अनुसार दोनों 2025 में पंजाब में हुई दो हत्याओं के बाद नेपाल चले गए थे। गैंग के कई शूटर जेल में होने के कारण उन्हें नेपाल से वापस बुलाकर जोधपुर भेजे जाने की बात सामने आई है।
राजस्थान में लॉरेंस गैंग के नेटवर्क को लेकर जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। जोधपुर में पकड़े गए दो कथित शूटरों से पूछताछ में सामने आया है कि गैंग ने सिरोही से कांग्रेस के पूर्व विधायक संयम लोढ़ा को निशाना बनाने की साजिश रची थी। पुलिस को आरोपियों के मोबाइल फोन से लोढ़ा की फोटो मिली है। इसके बाद उनकी सुरक्षा बढ़ाई गई। हालांकि सिरोही एसपी पुष्पेंद्र सिंह ने इसे रूटीन सुरक्षा व्यवस्था बताया है।
फार्म हाउस की कई दिनों तक रेकी
पुलिस जांच के मुताबिक दोनों शूटर नेपाल से राजस्थान पहुंचे थे। सिरोही में उन्होंने संयम लोढ़ा के फार्म हाउस और आसपास के इलाके की कई दिनों तक रेकी की। फार्म हाउस के पास पहाड़ी से लोढ़ा की गतिविधियों पर नजर रखी गई। शूटरों ने यह जानने की कोशिश की कि लोढ़ा कब फार्म हाउस पर रहते हैं, उनसे कौन मिलने आता है और वारदात के बाद भागने का रास्ता कौन सा हो सकता है।
बताया जा रहा है कि फार्म हाउस पर निकाय चुनाव के दौरान पार्षदों और अन्य लोगों की भीड़ लगातार मौजूद थी। ऐसे में गैंग ने मौके पर वारदात को अंजाम देने का प्लान बदल दिया। इसके बाद दोनों शूटरों को जोधपुर भेज दिया गया।
पाली-सिरोही हाईवे की झाड़ियों में मिले हथियार
पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने पाली-सिरोही हाईवे पर ढोला गांव के पास हथियार बरामद किए। पुलिस के मुताबिक, गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर आगे हाईवे से करीब 200 मीटर दूर सुनसान जगह पर बबूल की घनी झाड़ियों में कपड़े की थैली छिपाई गई थी।
थैली से तुर्की मेड 9 एमएम जिगाना/एफएक्स-9 पिस्टल, ऑस्ट्रिया मेड 9 एमएम ग्लॉक पिस्टल और दोनों की मैगजीन समेत कुल 36 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
होटल में फर्जी आधार से लिया कमरा
सिरोही कनेक्शन की जांच में शूटरों की होटल में मौजूदगी का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार दोनों 17 सितंबर की शाम करीब 6:15 बजे बाइक से ब्यावर-पिंडवाड़ा हाईवे पर अरठवाड़ा गांव के पास एक होटल पहुंचे थे। करीब तीन मिनट बाद फर्जी आधार कार्ड से कमरा लिया।
दोनों रातभर होटल में रुके और अगले दिन सुबह करीब 8:23 बजे वहां से रवाना हुए। पुलिस के अनुसार होटल में उन्होंने खाना नहीं खाया। 23 सितंबर को जोधपुर पुलिस की टीम दोनों आरोपियों को लेकर होटल पहुंची और संचालक से पूछताछ कर घटनास्थल की तस्दीक की।
विदेश से ऑपरेटिंग, हरियाणा से लोकल सपोर्ट का शक
जांच में यह भी सामने आया है कि पूरी साजिश को विदेश से ऑपरेट किए जाने की आशंका है। हरियाणा के गुर्गों के जरिए शूटरों को लोकल सपोर्ट, रेकी और लॉजिस्टिक मदद मिलने की बात सामने आई है। एजीटीएफ ने हरियाणा से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। करीब 7-8 अन्य लोग भी पुलिस के रडार पर बताए जा रहे हैं।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सिरोही में रेकी किसने कराई, हथियार कहां से आए और शूटरों को बाइक, होटल व अन्य सुविधाएं किसने उपलब्ध कराईं।
मारवाड़ का बड़ा व्यापारी भी निशाने पर
पूछताछ में यह भी जानकारी सामने आई है कि शूटरों के निशाने पर मारवाड़ का एक बड़ा व्यापारी था। पुलिस को आशंका है कि उसकी रेकी के बाद वारदात कर करोड़ों रुपए की रंगदारी मांगने की योजना हो सकती थी। सुमेरपुर और शिवगंज के कुछ बड़े कारोबारियों की गतिविधियों को लेकर भी जांच चल रही है।
पंजाब में 12 से ज्यादा मामले, 5-5 लाख का इनाम
एडीजी एजीटीएफ दिनेश एमएन के मुताबिक, जसकरण सिंह और राजिंदर उर्फ बिल्ला पंजाब में हत्या समेत कई गंभीर मामलों में वांटेड हैं। दोनों के खिलाफ करीब 12 मामले बताए गए हैं, जिनमें हत्या, हत्या का प्रयास, धमकी, लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। पंजाब पुलिस ने दोनों पर 5-5 लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा था।
पुलिस के अनुसार दोनों 2025 में पंजाब में हुई दो हत्याओं के बाद नेपाल चले गए थे। गैंग के कई शूटर जेल में होने के कारण उन्हें नेपाल से वापस बुलाकर जोधपुर भेजे जाने की बात सामने आई है। वारदात के बाद फर्जी पासपोर्ट के जरिए नेपाल के रास्ते विदेश भेजने का आश्वासन दिए जाने की जानकारी भी पूछताछ में सामने आई है।
गहलोत ने कहा- साजिश के पीछे कौन, पुलिस करे खुलासा
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने संयम लोढ़ा की हत्या की साजिश को चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि समय रहते एजीटीएफ ने शूटरों को पकड़ लिया, नहीं तो अनहोनी हो सकती थी। गहलोत ने पुलिस से इस साजिश के पीछे शामिल लोगों का पता लगाकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
Powered by Reporting Rajasthan Files
संबंधित ख़बरें

Mirwaiz Seeks Probe Into Killing Of Muslim Man In Rajasthan, Says Hate Speech Must End

एएसपी का दलाल 2 करोड़ की रिश्वत लेते ट्रेप: एसीबी टीम ने बालोतरा से ट्रेप किया, एडिशनल एसपी उदयपुर एसओजी में हैं तैनात - Udaipur News

जयपुर में अवैध कोचिंग सेंटरों पर सुप्रीम कोर्ट सख्त: मुख्य सचिव और डीजीपी को तलब किया, पुलिस की ढिलाई पर खफा


