राजस्थान हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के खिलाफ वकीलों का प्रदर्शन, कोर्ट रूम के बाहर नारेबाजी
राजस्थान हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के खिलाफ वकीलों का प्रदर्शन, कोर्ट रूम के बाहर नारेबाजी कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के खिलाफ वकीलों के विरोध की यह पूरी कवायद सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस संदीप मेहता की…

सौजन्य से:- Hindustan
राजस्थान हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के खिलाफ वकीलों का प्रदर्शन, कोर्ट रूम के बाहर नारेबाजी
कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के खिलाफ वकीलों के विरोध की यह पूरी कवायद सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस संदीप मेहता की ओर से भारत के मुख्य न्यायाधीश को लिखे गए पत्रों के सामने आने के बाद तेज हुई है।
राजस्थान हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश (एक्टिंग सीजे) संजीव प्रकाश शर्मा के खिलाफ सोमवार को वकीलों के एक समूह ने विरोध प्रदर्शन किया। वकीलों ने एक्टिंग सीजे के कोर्ट रूम के बाहर जमकर नारेबाजी की और उनकी कोर्ट में सुनवाई का बहिष्कार किया। प्रदर्शन के चलते बड़ी संख्या में वकील उनकी अदालत में मामलों की सुनवाई के लिए पेश नहीं हो सके।
प्रदर्शनकारी वकील बाद में हाईकोर्ट परिसर में एकत्र हुए और कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की कार्यशैली को लेकर विरोध जताया। वकीलों के इस प्रदर्शन के बाद हाईकोर्ट परिसर में दिनभर माहौल गरम रहा। हालांकि, इस प्रदर्शन को राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की ओर से आधिकारिक तौर पर समर्थन नहीं दिया गया है।
जस्टिस संदीप मेहता के पत्र सामने आने के बाद बढ़ा विवाद
कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के खिलाफ वकीलों के विरोध की यह पूरी कवायद सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस संदीप मेहता की ओर से भारत के मुख्य न्यायाधीश को लिखे गए पत्रों के सामने आने के बाद तेज हुई है।
जस्टिस संदीप मेहता ने अपने पत्रों में राजस्थान हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजीव प्रकाश शर्मा की कार्यशैली को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने कथित तौर पर कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश को राजस्थान से हटाने की मांग भी की थी। इन पत्रों के सामने आने के बाद न्यायिक गलियारों के साथ-साथ राजस्थान हाईकोर्ट की बार में भी इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई।
अब इसी मामले को लेकर वकीलों के एक समूह ने खुलकर विरोध का रास्ता अपनाया है। सोमवार को वकील एक्टिंग सीजे की कोर्ट के बाहर पहुंचे और नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। इसके बाद वकीलों ने कोर्ट परिसर में भी प्रदर्शन किया।
अधिकतर वकील कोर्ट में नहीं हुए पेश
प्रदर्शन के दौरान कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की अदालत में मामलों की सुनवाई भी प्रभावित हुई। विरोध कर रहे वकीलों के साथ बड़ी संख्या में अन्य अधिवक्ता भी उनकी कोर्ट में पेश नहीं हो सके। वकीलों की ओर से कोर्ट के बहिष्कार का निर्णय लेते हुए कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की गई।
हालांकि, यह स्पष्ट है कि सोमवार को हुआ प्रदर्शन बार एसोसिएशन की ओर से घोषित आधिकारिक बहिष्कार नहीं था। राजस्थान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने इस प्रदर्शन को अपना समर्थन नहीं दिया है। इसके बावजूद जिस तरह से वकील कोर्ट रूम के बाहर एकत्र हुए और नारेबाजी की, उससे मामला गंभीर हो गया है।
जोधपुर और जयपुर बार के बीच चल रही बातचीत
इस पूरे विवाद को लेकर पिछले कुछ दिनों से जोधपुर हाईकोर्ट बार और जयपुर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के बीच बातचीत चल रही है। दोनों बार एसोसिएशन इस बात पर मंथन कर रही हैं कि जस्टिस संदीप मेहता की ओर से भारत के मुख्य न्यायाधीश को लिखे गए पत्रों के सामने आने के बाद आगे की रणनीति क्या होनी चाहिए।
इसी क्रम में सोमवार को दोनों बार एसोसिएशन की संयुक्त बैठक प्रस्तावित है। बैठक में इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसमें यह तय किया जा सकता है कि कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के संबंध में बार की ओर से किस तरह की रणनीति अपनाई जाए।
समर्थन या विरोध, बैठक में तय होगी आगे की रणनीति
बार एसोसिएशन की बैठक में वकीलों के प्रदर्शन, कोर्ट बहिष्कार और जस्टिस संदीप मेहता के पत्रों को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है। सबसे अहम सवाल यही है कि दोनों बार एसोसिएशन इस पूरे मामले में कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के पक्ष में खड़ी होती हैं या उनके खिलाफ चल रहे विरोध को आगे बढ़ाती हैं।
फिलहाल सोमवार को हुए प्रदर्शन को वकीलों के एक समूह की पहल के तौर पर देखा जा रहा है। बार एसोसिएशन की संयुक्त बैठक के बाद ही इस मामले में आधिकारिक रुख और आगे की रणनीति साफ होगी।
कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के खिलाफ वकीलों का यह प्रदर्शन ऐसे समय हुआ है, जब जस्टिस संदीप मेहता के पत्रों के कारण राजस्थान हाईकोर्ट की न्यायिक व्यवस्था और कार्यप्रणाली को लेकर बहस शुरू हो गई है।
Powered by Reporting Rajasthan Files
संबंधित ख़बरें

सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश द्वारा एचसी के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश पर उठाए गए मुद्दों को संस्थागत रूप से हल किया जाना चाहिए: राजस्थान के वकील

जयपुर-बाड़ी वाया बयाना नई रोडवेज बस सेवा शुरू, यात्रियों को मिलेगी राहत - bayana News

बैडमिंटन; जयपुर की चारों टीमें क्वार्टर फाइनल में - Jaipur News


