होमकृषिबारिश ने बदली राजस्थान की फिजा, जयपुर-कोटा में झमाझम बारिश; भरतपुर में 102 MM पानी बरसा
कृषि

बारिश ने बदली राजस्थान की फिजा, जयपुर-कोटा में झमाझम बारिश; भरतपुर में 102 MM पानी बरसा

बारिश ने बदली राजस्थान की फिजा, जयपुर-कोटा में झमाझम बारिश; भरतपुर में 102 MM पानी बरसा राजधानी जयपुर में लगातार दूसरे दिन बारिश का दौर जारी है। सोमवार दोपहर हुई तेज बारिश के बाद तापमान में करीब 2 डिग्री की गिरावट दर्ज क…

Hindustan के अनुसार25 अगस्त 2026 को 05:54 am बजे
बारिश ने बदली राजस्थान की फिजा, जयपुर-कोटा में झमाझम बारिश; भरतपुर में 102 MM पानी बरसा

सौजन्य से:- Hindustan

बारिश ने बदली राजस्थान की फिजा, जयपुर-कोटा में झमाझम बारिश; भरतपुर में 102 MM पानी बरसा

राजधानी जयपुर में लगातार दूसरे दिन बारिश का दौर जारी है। सोमवार दोपहर हुई तेज बारिश के बाद तापमान में करीब 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। पिछले 24 घंटे में शहर के जेएलएन मार्ग पर सबसे ज्यादा 35 एमएम बारिश हुई। मंगलवार सुबह भी कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश होती रही।

राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मंगलवार सुबह से जयपुर, कोटा समेत कई जिलों में बारिश का दौर जारी है। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 17 जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान में बारिश का यह दौर 27 अगस्त तक जारी रहने की संभावना है।

इससे पहले सोमवार को भी प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश हुई। पिछले 24 घंटे में भरतपुर के सीकरी में सबसे ज्यादा 102 एमएम यानी करीब 4 इंच बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा अलवर, करौली और दौसा में भी कई जगहों पर 3 इंच तक पानी बरसा।

भरतपुर में 4 इंच बारिश, कई इलाकों में जलभराव

भरतपुर जिले में रविवार रात से सोमवार शाम तक रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहा। सीकरी में 102 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। लगातार बारिश से कई इलाकों में पानी भर गया। पश्चिमी उत्तर प्रदेश से सटे भरतपुर, अलवर, धौलपुर और करौली समेत आसपास के जिलों में अगले कुछ दिनों तक बारिश होने की संभावना है।

करौली में तेज बारिश के बाद हिंडौन के बाजारों में सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। इससे लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई। कई जगह सड़कें दरिया जैसी नजर आईं और अंडरपास में भी पानी भर गया।

पांचना बांध का जलस्तर बढ़ा

करौली में बारिश के बाद पांचना बांध में पानी की आवक बढ़ गई। बांध का गेज 9.10 मीटर से बढ़कर 9.15 मीटर पहुंच गया। जलस्तर बढ़ने से आसपास के इलाकों में प्रशासन की निगरानी भी बढ़ गई है।

टोंक में 108 एमएम तक बारिश

टोंक जिले में भी सोमवार से मंगलवार सुबह तक अच्छी बारिश हुई। टोंक शहर में सुबह 8 बजे तक 62 एमएम बारिश दर्ज की गई, जबकि अलीगढ़ में सबसे ज्यादा 108 एमएम पानी बरसा। जिले में पिछले 24 घंटे में औसतन 37 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई।

जयपुर में दो डिग्री गिरा तापमान

राजधानी जयपुर में लगातार दूसरे दिन बारिश का दौर जारी है। सोमवार दोपहर हुई तेज बारिश के बाद तापमान में करीब 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। पिछले 24 घंटे में शहर के जेएलएन मार्ग पर सबसे ज्यादा 35 एमएम बारिश हुई। मंगलवार सुबह भी कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश होती रही। बारिश से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को उमस से राहत मिली।

कोटा में सुबह से बारिश, मौसम सुहावना

कोटा शहर और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है। सोमवार को कोटा में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग ने 26 अगस्त तक कोटा संभाग में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

कोटा में इस मानसून सीजन में अब तक औसत से करीब 35 प्रतिशत कम बारिश हुई है। ऐसे में मौजूदा बारिश को किसानों और आम लोगों के लिए राहत के तौर पर देखा जा रहा है।

अलवर में बारिश से राहत, अजमेर में गर्मी-उमस

अलवर में सोमवार सुबह कई घंटे तक रुक-रुककर बारिश हुई। आसमान में दिनभर बादल छाए रहे, जिससे मौसम सुहावना हो गया। अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक जिले में बारिश का दौर जारी रह सकता है।

वहीं अजमेर में मानसून गतिविधियां कमजोर बनी हुई हैं। आसमान में बादल छाने के बावजूद बीच-बीच में धूप निकलने से गर्मी और उमस परेशान कर रही है। सोमवार को अजमेर में अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री और न्यूनतम 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

सीकर में डेढ़ सप्ताह से बारिश नहीं

सीकर जिले में पिछले करीब डेढ़ सप्ताह से बारिश नहीं हुई है। यहां गर्मी और उमस का असर बना हुआ है। सोमवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी एक सप्ताह में यहां मौसम में बड़े बदलाव की संभावना कम है।

उदयपुर-जोधपुर में बारिश के आसार कम

उदयपुर में सोमवार को दिनभर धूप खिली रही और बीच-बीच में बादल छाए। जिले में कहीं भी बारिश रिकॉर्ड नहीं हुई। शहर का अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री और न्यूनतम 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा। आने वाले दिनों में भी यहां बारिश की संभावना कम बताई गई है।

जोधपुर में भी सोमवार को बारिश नहीं हुई। इससे उमस बढ़ गई। अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री और न्यूनतम 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों में यहां बारिश की संभावना कम है।

27 अगस्त तक जारी रह सकता है बारिश का दौर

मौसम विभाग के अनुसार, मानसून ट्रफ के प्रभाव से राजस्थान के साथ उत्तर प्रदेश, दिल्ली और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लगे राजस्थान के जिलों में अगले तीन दिन बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है। प्रदेश में 27 अगस्त तक कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।

Powered by Reporting Rajasthan Files

संबंधित ख़बरें