RDTM 2026: जयपुर में 21 हजार B2B डील्स के साथ ट्रैवल मार्ट का समापन, जोधपुर में कल से मारवाड़ ट्रैवल मार्ट
RDTM 2026: जयपुर में 21 हजार B2B डील्स के साथ ट्रैवल मार्ट का समापन, जोधपुर में कल से मारवाड़ ट्रैवल मार्ट मार्ट में इस साल देशभर से करीब 300 ट्रैवल एजेंट्स और राजस्थान के 700 से अधिक प्रॉपर्टीज और टूर कंपनियों ने भाग लि…

सौजन्य से:- ETV Bharat
RDTM 2026: जयपुर में 21 हजार B2B डील्स के साथ ट्रैवल मार्ट का समापन, जोधपुर में कल से मारवाड़ ट्रैवल मार्ट
मार्ट में इस साल देशभर से करीब 300 ट्रैवल एजेंट्स और राजस्थान के 700 से अधिक प्रॉपर्टीज और टूर कंपनियों ने भाग लिया.
Published : September 19, 2026 at 8:49 PM IST
|Updated : September 19, 2026 at 9:12 PM IST
जयपुर: राजस्थान डॉमेस्टिक ट्रैवल मार्ट के आखिरी दिन एग्जीबिशन में बड़ी संख्या में आमजन पहुंचे. लोगों ने पर्यटन उत्पादों की जानकारी ली. राजस्थान डोमेस्टिक ट्रैवल मार्ट के छठे संस्करण का उत्साहपूर्ण समापन हुआ. मेगा ट्रैवल मार्ट में मिली प्रतिक्रिया से खरीदार (डोमेस्टिक टूर ऑपरेटर्स) और विक्रेता (टूरिज्म प्रोडक्ट्स के ओनर) दोनों ही प्रसन्न दिखे. एग्जीबिशन में दो दिनों के दौरान रजिस्टर्ड बायर्स और सैलर्स के बीच 21 हजार से अधिक पूर्व निर्धारित बिजनेस-टू-बिजनेस (बी2बी) बैठकें आयोजित हुईं. कल जोधपुर में मारवाड़ ट्रैवल मार्ट के पहले संस्करण का आगाज होगा. एमटीएम में न केवल मारवाड़, बल्कि थार डेजर्ट क्षेत्र को भी प्रमुखता से प्रमोट किया जाएगा.
होटल व्यवसायी से लेकर इन्फ्लुएंसर्स तक हुए शामिल: एफएचटीआर के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह शाहपुरा ने बताया कि राजस्थान के प्रमुख बी2बी पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी मार्ट के रूप में आरडीटीएम ने देश के ट्रैवल और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रमुख हितधारकों को एक मंच पर लाया. इसमें होटल व्यवसायी, लग्जरी और अनुभव आधारित पर्यटन सेवाएं देने वाले संस्थान, ट्रैवल एजेंट, टूर ऑपरेटर, वेडिंग प्लानर, इवेंट मैनेजर, एयरलाइंस, पर्यटन बोर्ड, नीति-निर्माता, मीडिया प्रतिनिधि और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स शामिल रहे. दो दिवसीय मार्ट के दौरान प्रतिभागियों ने बताया कि मार्ट के दौरान उन्हें अच्छी प्रतिक्रिया मिली और कई संभावित व्यावसायिक अवसर भी बने. बी2बी बैठकों के माध्यम से उन्हें नए बायर्स से जुड़ने और राजस्थान के पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी उत्पादों के लिए नए कारोबारी संपर्क विकसित करने का अवसर मिला.
वेडिंग और MICE इंडस्ट्री को मिला नया मंच: सुरेंद्र सिंह शाहपुरा ने बताया- मार्ट में इस साल देशभर से करीब 300 ट्रैवल एजेंट्स और राजस्थान के 700 से अधिक प्रॉपर्टीज और टूर कंपनियों ने भाग लिया. एग्जीबिशन के माध्यम से राजस्थान के पर्यटन स्थलों, हॉस्पिटैलिटी सेवाओं और अनुभव आधारित पर्यटन उत्पादों को देशभर के प्रमुख बायर्स के समक्ष प्रस्तुत किया. वहीं, पहली बार इवेंट्स और वेडिंग इंडस्ट्री को भी मंच दिया गया, जिससे राजस्थान में वेडिंग और एमआईसीई इंडस्ट्री के लिए नई संभावनाओं को बढ़ावा मिला. इसके अतिरिक्त, राजस्थान के कम प्रसिद्ध क्षेत्रों की कला, संस्कृति, विरासत और खान-पान को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत किया.
आखिरी दिन आमजन के लिए खुली एग्जीबिशन: सुरेंद्र सिंह ने कहा- दोपहर 2 बजे बाद आरडीटीएम 2026 की एग्जीबिशन आम जनता के लिए भी खुली रही. एग्जीबिशन में लोगों को राजस्थान के विभिन्न पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी उत्पादों, सेवाओं और नए पर्यटन अनुभवों के बारे में जानकारी लेने का अवसर मिला. आम लोगों ने विभिन्न स्टॉल्स पर पहुंचकर पर्यटन से जुड़ी जानकारी हासिल की और राजस्थान के अलग-अलग क्षेत्रों की पर्यटन संभावनाओं को करीब से जाना.
एक्सपीरिएंशियल टूरिज्म पर रहा फोकस: सुरेंद्र सिंह के अनुसार, आरडीटीएम में होस्ट राजस्थान टूरिज्म का पवेलियन खास आकर्षण का केंद्र रहा. पवेलियन में राजस्थान की समृद्ध संस्कृति, विरासत, स्थापत्य कला, खान-पान और परंपराओं को प्रदर्शित किया गया. इसमें एक्सपीरिएंशियल टूरिज्म को विशेष रूप से बढ़ावा दिया गया, जिसके तहत पर्यटकों को ग्रामीण परिवारों के साथ ठहरने, स्थानीय व्यंजन बनाना सीखने और साइक्लिंग टूर जैसे अनुभवों से जोड़ने पर जोर दिया गया.
रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म और लोक कला को मिला मंच: सुरेंद्र सिंह के अनुसार, मार्ट में रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए बावड़ियों के जीर्णोद्धार और मंगणियार समुदाय के पारंपरिक वाद्य यंत्र 'कमायचा' के संरक्षण जैसी पहल प्रदर्शित की गईं. मार्ट में पर्यटन मंत्रालय, एफएचटीआर इनेबलिंग सेंटर, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया और जवाई, जैसलमेर, पुष्कर के कई होटल्स ने स्टॉल लगाए. यहां राजीविका के आर्टीजंस और लोक कलाकारों ने भी अपनी कला और हस्तशिल्प का प्रदर्शन किया.
कल से पहले मारवाड़ ट्रैवल मार्ट का आगाज: सुरेंद्र सिंह के अनुसार, जोधपुर में पहली बार आयोजित हो रहे मारवाड़ ट्रैवल मार्ट (एमटीएम) का 20 सितंबर से आगाज होगा. यह तीन दिवसीय मार्ट 22 सितंबर तक चलेगा. एफएचटीआर और राजस्थान सरकार के पर्यटन विभाग के सहयोग से आयोजित इस मार्ट में देशभर से 200 होस्टेड और करीब 300 नॉन होस्टेड बायर्स भाग लेंगे. 'स्टोरीज़, जर्नीज़, स्माइल्स' थीम पर आयोजित एमटीएम में मारवाड़ सहित पूरे थार क्षेत्र की विरासत, संस्कृति और पर्यटन अनुभवों को प्रस्तुत किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: इंडिया ट्रैवल मार्ट का शुभारंभ: देशभर के ट्रैवल, टूरिज्म और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र के 100 से अधिक प्रतिनिधि हुए शामिल
Powered by Reporting Rajasthan Files
संबंधित ख़बरें

राजस्थान युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद का परिणाम जारी: 6 लाख से ज्यादा वोट लेकर अभिषेक चौधरी सबसे आगे

ACTION PLAN : सीएम भजनलाल शर्मा आज करेंगे नवनिर्वाचित निकाय प्रमुखों से संवाद, तय होगा 100 दिन का रोडमैप

From the edge of extinction, two captive-bred Great Indian Bustards released into wild in Rajasthan


