एसआईआर में गड़बड़ी: कांग्रेस का जयपुर-बूंदी सहित प्रदेशभर में प्रदर्शन आंदोलन, चुनाव आयुक्त, मोदी व शाह का विरोध
एसआईआर में गड़बड़ी: कांग्रेस का जयपुर-बूंदी सहित प्रदेशभर में प्रदर्शन आंदोलन, चुनाव आयुक्त, मोदी व शाह का विरोध एसआईआर विवाद में आंदोलन कर रहे राहुल गांधी से कथित अभद्र व्यवहार को कांग्रेस काला दिवस के रूप में मना रही.…

सौजन्य से:- ETV Bharat
एसआईआर में गड़बड़ी: कांग्रेस का जयपुर-बूंदी सहित प्रदेशभर में प्रदर्शन आंदोलन, चुनाव आयुक्त, मोदी व शाह का विरोध
एसआईआर विवाद में आंदोलन कर रहे राहुल गांधी से कथित अभद्र व्यवहार को कांग्रेस काला दिवस के रूप में मना रही.
Published : October 8, 2026 at 3:35 PM IST
जयपुर/बूंदी : SIR(विशेष गहन पुनरीक्षण) में गड़बड़ी और कथित वोट चोरी के खिलाफ कांग्रेस के देशव्यापी आंदोलन के तहत प्रदेशभर में जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन हुआ. जयपुर में शहर कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की. प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी और वामदलों के कार्यकर्ताओं ने भी हिस्सा लिया. पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, प्रभारी पुखराज पाराशर, पूर्व मंत्री बीडी कल्ला, विधायक रफीक खान सहित कई नेता शामिल हुए. करीब डेढ़ घंटे तक मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी हुई, कलेक्ट्रेट के आसपास जाम लग गया. बाद में डोटासरा और जूली ने 10 अक्टूबर को दिल्ली कूच का आह्वान किया. डोटासरा ने कहा कि राहुल गांधी के साथ दुर्व्यवहार हो रहा है. उन्हें घसीटा जा रहा है, वे सिर्फ वोट चोरी की जांच की मांग कर रहे हैं. कांग्रेस ने अंग्रेजों तक को भगाया है तो मोदी-शाह क्या हैं, जंतर-मंतर पर बड़ा आंदोलन होगा. जूली बोले, चुनाव आयुक्त क्या विदेशी हैं, जो नहीं मिल सकते. इसी प्रकार बूंदी जिला मुख्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काला दिवस मनाया और कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डोटासरा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि दिल्ली में आंदोलन कर रहे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ सम्मानजक व्यवहार नहीं हो रहा. राहुल गांधी क्या चाह रहे हैं, वे सिर्फ वोट की चोरी जांच करने और दोषियों को हटाने की मांग कर रहे हैं. कम से कम उनकी बात तो सुनी जानी चाहिए. ऐसा नहीं होगा तो कांग्रेस के लोग गांधीवादी तरीके से आंदोलन करेंगे और राहुल गांधी वही कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के तमाम सांसदों के साथ मुख्य चुनाव आयुक्त से मिलने जा रहे थे, लेकिन उन्हें मिलने नहीं दिया जा रहा है, उन्हें सड़कों पर घसीटा जा रहा है. डोटासरा ने मोदी सरकार को चेतावनी देते हुए कहा,' हम कांग्रेस के सिपाही हैं, जिसने इस देश की आजादी के लिए लड़ाई लड़ी है, जब हमने अंग्रेजों को इस देश से भगा दिया तो फिर मोदी-शाह क्या चीज हैं.' उन्होंने कहा कि 10 अक्टूबर को दिल्ली में जंतर-मंतर पर बहुत बड़ा आंदोलन हो रहा है. उन्होंने दावा किया कि 10 अक्टूबर को दिल्ली में राजस्थान से 50 हजार कार्यकर्ता दिल्ली कूच करेंगे. वे बोले— आंदोलन इतना विशाल होगा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस्तीफा तक देना पड़ सकता है.
क्या चुनाव आयुक्त विदेशी हैं? नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि देश के नेता प्रतिपक्ष के साथ मारपीट हो रही है, उन्हें सड़कों पर घसीटा जा रहा है. क्या चुनाव आयुक्त विदेशी हैं, जो उनसे नहीं मिल सकते हैं? देश का आम जनप्रतिनिधि और आम आदमी भी चुनाव आयोग जाकर मिल सकता है. मोदी सरकार गुंडागर्दी कर रही है, चारों तरफ पुलिस का पहरा लगा देते हैं. उन्होंने कहा कि देश के संविधान में लोगों को विरोध करने का अधिकार दिया है, जब सरकार लोगों की नहीं सुनेगी तो लोगों को मजबूत होकर सड़कों पर उतरना पड़ता है.
यह देश की लड़ाई है: पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि ऐसा पहले कभी नहीं देखा कि देश के नेता प्रतिपक्ष को सड़कों पर घसीटा जा रहा है, उनके साथ धक्का-मुक्की हो रही है. क्या सरकार की जिम्मेदारी नहीं है कि उनकी सुरक्षा बढ़ाई जाए. उन्होंने कहा कि यह सरकार किसी की नहीं सुन रही है, ऐसे में देश कैसे चलेगा, जंतर-मंतर पर किसी को खड़ा नहीं होने दे रहे हैं. सरकार की जिम्मेदारी बनती है कि कोई मंत्री जाकर राहुल गांधी से बात करे. खुद ज्ञानेश कुमार को जाकर राहुल गांधी से बात करनी चाहिए. नेता प्रतिपक्ष को विश्वास में लिया जाना चाहिए.
बूंदी में कांग्रेस ने निकाली रैली: SIR को लेकर चुनाव आयोग पर सरकार के दबाव में काम करने का आरोप लगाते हुए जिला कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. कांग्रेस कार्यालय से निकली रैली कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की. नेताओं ने SIR में कथित गड़बड़ियों और राहुल गांधी समेत विपक्षी सांसदों के साथ हुए व्यवहार को लेकर सवाल उठाए. यह प्रदर्शन देशभर में हो रहे विरोध के क्रम में हुआ. रैली में शहर-ग्रामीण के पदाधिकारी झंडे-तख्तियां लेकर शामिल हुए. जिलाध्यक्ष महावीर मीणा ने कहा कि राहुल गांधी सांसदों के साथ जा रहे थे. उन्हें रोका गया और उनके साथ अभद्र व्यवहार हुआ. इसके विरोध में काला दिवस मनाया गया है. उन्होंने कहा कि सवालों का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देना चाहिए, आवाज दबाना गंभीर विषय है. उन्होंने अनुच्छेद 326 का वाचन किया. पीसीसी सदस्य चमेश शर्मा ने कहा कि विपक्षी सांसदों से खराब बर्ताव बर्दाश्त नहीं होगा. मतदाता सूची की सत्यता पर सवाल उठा है. इस मौके पर कांग्रेस नेता देवराज गोचर, अंकित बुलीवाल, शैलेश सोनी, रामकरण मीणा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे.
Powered by Reporting Rajasthan Files
संबंधित ख़बरें

कोटद्वार: बढ़ते खर्चों के लिए मां के 20 लाख के जेवर चोरी कर राजस्थान भागा बेटा, पुलिस ने किया गिरफ्तार

पेशी से लौट रहे उदयपुर SHO की मौत, खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ी कार

Rajasthan to hold orientation programmes for Panchayat poll candidates on Oct 10


